POLICE की वर्दी पहनते ही REEL में दिखाया रौब, नप सकते हैं छह नव आरक्षक

सरकारी नौकरी और ऊपर से वर्दीधारी यानी करेला और ऊपर से नीम चढ़ा तो रौब तो होगा ही। मध्य प्रदेश पुलिस के छह सिपाही जिनकी अभी ट्रेनिंग भी पूरी नहीं हुई है, उन्होंने सरकारी नौकरी और ऊपर से वर्दी मिलने का सोशल मीडिया पर रील बनाकर रौब दिखाया। उन्हें हजारों लोगों की प्रतिक्रियाएं तो मिल गईं मगर अब उनकी वर्दी उतरेगी या बचेगी, इसका विभाग की जांच के बाद ही फैसला होगा, पर उन पर तलवार जरूर लटक गई है। पढ़िये रिपोर्ट, कहां का मामला है और किन जिलों में इन सिपाहियों की भर्ती हुई थी।

मध्य प्रदेश पुलिस में आरक्षक भर्ती में चयनित होने के बाद इंदौर, उज्जैन, देवास और विदिशा के छह सिपाहियों को सोशल मीडिया पर रील बनाकर चर्चित होने का शौक भारी पड़ने वाला है। इंदौर जिला पुलिस में आनंद कुलवरे, उज्जैन जिला पुलिस में प्रदीप यादव, राजकुमार सेंधव व मोनू सतवाढ़िया, देवास जिला पुलिस में अनिल कड़ोदिया और विदिशा जिला पुलिस में सुरजीत गर्ग पुलिस आरक्षक भर्ती के माध्यम से चयनित हुए थे। इन सभी नव आरक्षकों को ट्रेनिंग के लिए रीवा की पुलिस प्रशिक्षण शाला में ट्रेनिंग के लिए भेजा गया था जहां ये प्रशिक्षण पा रहे हैं।
एक्स पर 25 फरवरी को रील अपलोड
इंदौर, उज्जैन, देवास और विदिशा के इन नव आरक्षकों ने एक रील बनाई थी जिसमें वे बोलते हुए सुनाई दे रहे हैं कि शक्ल अच्छी नहीं है तो क्या हुआ सरकारी नौकरी तो है ना, हमारे पास पैसा नहीं है तो क्या हुआ मंथली तो आता है ना, हमारे पास कपड़ा नहीं है तो क्या हुआ वर्दी तो है ना। यह रील ट्विटर यानी एक्स पर 25 फरवरी को मटियामेट ग्रुप पर अपलोड किया गया था। आज दोपहर डेढ़ बजे तक इसको करीब 19 हजार लोगों ने देखा है और करीब 80 लोग आगे भी फार्वड कर चुके हैं। इस रील पर प्रतिक्रियाएं भी लोगों ने दी हैं।
पांच घंटे बाद पीटीएस का एक्शन
एक्स पर नव आरक्षकों की रील के वायरल होने के बाद पुलिस प्रशिक्षण शाला रीवा को इसका करीब पांच घंटे बाद पता चला। दोपहर तीन बजे इसे अपलोड किया गया था और रात को आठ बजे पीटीएस प्रबंधन को पता लगा। मगर तब तक पांच हजार लोग देखकर अपनी प्रतिक्रिया दे चुके थे। पीटीएस ने इन आरक्षकों को तो कारण बताओ नोटिस देकर एक्शन लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है मगर एक्स पर वायरल रील अभी तक चल रही है और तीन दिनों में 19 हजार लोग देखकर मध्य प्रदेश पुलिस के बारे अपनी राय बना चुके होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today