मध्य प्रदेश कांग्रेस सत्ता से बाहर रहने के बाद भी सबक नहीं ले रही है और इसकी समस्या अब खुद कांग्रेस नेताओं को पंजाब जैसी नजर आने लगी है। इसकी स्वीकारोक्ति कांग्रेस के दिल्ली के वरिष्ठ नेता के सामने प्रदेश कांग्रेस नेताओं से सजे एक मंच पर प्रदेश के एक वरिष्ठ नेता की है और इसका निदान भी उन्होंने मंच से ही बताया कि ऊपर से ही समस्या को समाप्त करना होगा। इस मंच से और भी बहुत कुछ कहा गया। जानिये प्रदेश के किस वरिष्ठ नेता ने यह कहने की हिम्मत दिखाई और किस संदर्भ में उन्होंने यह सब कहा।
कांग्रेस का यह मंच मध्य प्रदेश के विंध्य क्षेत्र के सतना में सजा था। इस पर परस्पर घुर विरोधी अखिल भारतीय कांग्रेस के शीर्ष नेताओं में शामिल रहे विंध्य क्षेत्र के स्वर्गीय अर्जुनसिंह के विधायक पुत्र पूर्व नेता प्रतिपक्ष व पूर्व मंत्री अजय सिंह, उनके साले साहब यानी अजय सिंह के मामा राजेंद्र सिंह, अर्जुनसिंह को चुनाव में पराजित करने वाले पूर्व सांसद सुखलाल कुशवाह के कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाह थे। इन स्थानीय कांग्रेस राजनीति के धुरंधरों के अलावा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रभारी महासचिव हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित कई अन्य दिग्गज मंच पर मौजूद थे।
अजय ने कहा, मंच पर मौजूद नेता लड़ाई बंद कर दें
अजय सिंह ने कई बातों पर तंज कसा। कहा बात ऊपर से चलती है। सबसे पहले मंच पर मौजूद नेता आपस में लड़ाई बंद कर दें। अपनी चुनावी हार को भी बातों ही बातों में जिक्र कर दिया कि कौन नहीं जानता है कि उन्हें चुनाव किसने हरवाया और यह भी कह दिया कि उस बात को वे भूल चुके हैं। इतिहास हो चुकी है।
हरीश जी मध्य प्रदेश कांग्रेस की पंजाब जैसी समस्या हल करेंगे
अजय सिंह ने मंच से मध्य प्रदेश कांग्रेस के 22 साल से सत्ता से बाहर रहने के दर्द का जिक्र करते हुए कहा कि अब यह समस्या पंजाब की समस्या जैसी हो गई है। जिस तरह अर्जन सिंह ने पंजाब की समस्या हल कर वहां कांग्रेस को सत्ता में वापस कराया था, उसी तरह राहुल गांधी ने हरीश चौधरी को मध्य प्रदेश कांग्रेस की पंजाब समस्या को हल करने भेजा है।
राजेंद्र सिंह ने महामंडलेश्वर, साधु-सन्यासी को बताया सांड
अजय सिंह के मामा विधायक व मध्य प्रदेश विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने महामंडलेश्वर, साधु-सन्यासी, बाबा-बैरागी को सांड कह दिया। हालांकि वे भाजपा पर हमला करना चाह रहे थे लेकिन उन्होंने जिस अंदाज में इनका जिक्र किया, उससे बयान न केवल उनके लिए बल्कि कांग्रेस के लिए भारी पड़ सकता है।
Leave a Reply