भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक चुनाव को लेकर मध्य प्रदेश में भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने पत्रकार वार्ता में कहा कि इस बार फिर से सदस्यता का मध्य प्रदेश में नया रिकॉर्ड बनेगा। लोकसभा-विधानसभा चुनाव में मिले दो करोड़ से ज्यादा मतदाताओं के वोट के आधार पर शर्मा ने यह दावा किया है। पढ़िये रिपोर्ट।
मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि पार्टी के प्रदेश कार्यालय प्रभारी व विधायक भगवानदास सबनानी को प्रदेश में सदस्यता अभियान का प्रभारी बनाया गया है। बुधवार को जिला सदस्यता प्रभारियों की एक कार्यशाला हो रही है जिसमें सदस्यता अभियान को किस तरह चलाया जाए उस पर चर्चा होगी। ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों ही तरह से सदस्यता अभियान चलेगा। शर्मा ने कहा कि जिस तरह पिछली बार 95 लाख सदस्य बनाए गए थे, उसी तरह इस बार देश में मध्य प्रदेश भाजपा नया रिकॉर्ड बनाएगी।
किसी तरह के दोहराव या गलत व्यक्ति की एंट्री नहीं
शर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यपद्धति वाली पार्टी है और उसमें जो भी व्यक्ति सदस्य बनाता है उसी कार्यपद्धति से काम करता है। सदस्यता अभियान में किसी व्यक्ति के दोहराव या अपराधी प्रवृत्ति या अन्य गलत व्यक्ति के सदस्य बनने की कोशिश को लेकर पूछे गए सवाल में शर्मा ने कहा कि सदस्यता अभियान में कई तरह से क्रास चैकिंग होती है। इसमें अगर कोई ऐसा व्यक्ति प्रयास भी करता है तो वह सिस्टम में पकड़ में आ जाता है।
Leave a Reply