भाजपा की भोपाल से सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर का पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए टिकट काट दिया है जिसके बाद उनके व्यवहार में अचानक बदलाव आया है। टिकट काटे जाने के बाद उनके दो वीडियो वायरल हुए जिनमें मीडिया व अपनी ही पार्टी के विधायक पर भड़कती नजर आ रही हैं। पढ़िये रिपोर्ट।
भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव में अपना प्रत्याशी नहीं बनाते हुए उनके स्थान पर भोपाल से पूर्व महापौर और हाल ही में भोपाल उत्तर से हारे प्रत्याशी आलोक शर्मा को टिकट दिया है। दो मार्च को भाजपा ने 195 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया था और उसके बाद सांसद प्रज्ञा सिंह का सोमवार को एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें उनके सरकारी बंगले पर पहुंचे मीडिया के लोगों पर वे नाराज हो गईं। गुस्से में उन्होंने हाथ जोड़ते हुए उनसे बात करने से मना कर दिया। अंत में उन्होंने एक श्लोक सुनाकर रवाना कर दिया।
अब पार्टी नेता के कृत्य पर शर्म आई
प्रज्ञा सिंह ठाकुर का एक वीडियो बयान वायरल हुआ जिसमें वे सीहोर के खजुरिया गांव में शराब ठेके को लेकर नाराज होती दिखाई दे रही हैं। उन्होंने कहा कि इस अवैध शराब ठेके के बारे में प्रशासन से जब जानकारी ली तो उन्होंने बताया कि विधायक सुदेश राय का है। उन्होंने कहा कि उन्हें शर्म आ रही है कि अपनी पार्टी के विधायक का अवैध शराब का ठेका है।
Leave a Reply