मध्य प्रदेश से राज्यसभा की रिक्त होने वाली सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी अशोक सिंह यादव बनाए गए हैं जो प्रदेश कांग्रेस कमेटी में कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। अशोक सिंह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ व अरुण यादव पर भारी पड़े हैं क्योंकि नाथ व यादव ने राज्यसभा के लिए उच्च स्तर पर काफी कोशिशें की थीं और पटवारी प्रदेश अध्यक्ष के नाते मजबूत दावेदार माने जा रहे थे। वहीं भाजपा ने भी अपनी चारों सीटों के लिए प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है जिसमें मुख्यमंत्री मोहन यादव के गृह नगर से एक प्रत्याशी बनाया गया है। पढ़िये रिपोर्ट।
मध्य प्रदेश से राज्यसभा की पांच सीटें दो अप्रैल 2024 को रिक्त हो रही हैं जिसके लिए भाजपा ने बुधवार को दिन में अपने प्रत्याशियों का ऐलान किया तो कुछ घंटे बाद शाम को कांग्रेस ने भी एकमात्र प्रत्याशी के नाम को फाइनल कर घोषणा कर दी है। भाजपा की ओर से निवृत्त रहे राज्यसभा सदस्य डॉ. एल मुरुगन को फिर मध्य प्रदेश से राज्यसभा भेजने के लिए प्रत्याशी बनाया है तो महिला भाजपा की माया सिंह नरोलिया, उमेश नाथ महाराज व बंसीलाल गुर्जर को अन्य सीटों के लिए प्रत्याशी तय किया है। कांग्रेस ने शाम को अशोक सिंह को प्रत्याशी बनाए जाने का ऐलान किया।
डिनर पॉलीटिक्स नहीं हुई कामयाब
कांग्रेस में राज्यसभा प्रत्याशी बनने के लिए कई नेता प्रयासरत थे जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, पूर्व पीसीसी चीफ अरुण यादव काफी गंभीर नजर आए थे। कमलनाथ ने विधायकों को मंगलवार की रात डिनर भी दिया था तो अरुण यादव कई दिनों तक दिल्ली में डेरा डाले रहे थे। मंगलवार को पूर्व नेता प्रतिपक्ष व विधायक अजय सिंह ने भी अपनी दावेदारी जताई थी। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी को इसके लिए काफी समय से मजबूत दावेदार कहा जा रहा था क्योंकि प्रदेश अध्यक्ष के नाते उन्हें प्रदेश में दौरे करने होते हैं जिसमें उन्हें राज्यसभा सदस्य होने पर प्रशासन को प्रोटोकॉल का पालन करना पड़ता। मगर पटवारी ने दो दिन पहले इस दौड़ से खुद को अलग कर लिया था और कहा था कि वे न पहले कभी राज्यसभा सदस्य की दौड़ में थे न अब।
Leave a Reply