वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में वन्यप्राणी सप्ताह शुरू, सात दिन तक स्कूली बच्चों को निःशुल्क होगा प्रवेश

वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में रविवार से राज्य स्तरीय वन्यप्राणी सप्ताह 2023 का शुभारंभ हो गया। आज से सात दिन तक वन विहार में विभिन्न गतिविधियां होंगी जिसमें वन-पर्यावरण और वन्य प्राणी संरक्षण के प्रति जागरूकता संबंधी कार्यक्रमों को शामिल किया जाएगा। आज वन विहार में सात दिन तक स्कूल के छात्र-छात्राओं को प्रवेश भी निःशुल्क होगा। पढ़िये रिपोर्ट।

वन्य प्राणी सप्ताह के शुभारंभ कार्यक्रम की शुरुआत वन मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने अतिथियों और उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ कराते हुए की। शुभारंभ कार्यक्रम में करीब 800 बच्चों ने चित्रकला प्रतियोगिता में भी हिस्सा लिया। राज्य स्तरीय वन्य प्राणी सप्ताह के लिए आयोजित फोटोग्राफी प्रतियोगिता की प्रदर्शनी भी वन मंत्री ने उद्घाटित की। विश्व प्रकृति निधि भारत द्वारा वन विहार की विहार वीथिका में शिकारी पक्षियों की प्रदर्शनी भी आयोजित की गई जिसका इस मौके पर उद्घाटन हुआ।

राज्य स्तरीय वन्य प्राणी सप्ताह के लिए वन विभाग की विभिन्न शाखाओं ईको टूरिज्म बोर्ड, सामाजिक वानिकी, जैव विविधता बोर्ड, बांस मिशन के साथ-साथ अन्य संस्थाओं क्षेत्रीय प्राकृतिक विज्ञान संग्रहालय द्वारा भी यहां प्रदर्शनी लगाई गईं। प्रदर्शनी में आज से सात अक्टूबर तक विद्यालयीन छात्र-छात्राओं के लिए निःशुल्क प्रवेश दिया जाएगा। कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव वन जे.एन. कांसोटिया, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख रमेश कुमार गुप्ता, एमडी मप्र राज्य वन विकास निगम डॉ. अभय कुमार पाटिल, एमडी मप्र राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ पुष्कर सिंह, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) एवं मुख्य वन्यप्राणी अभिरक्षक असीम श्रीवास्तव, डा. अतुल श्रीवास्तव, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (कार्य आयोजना एवं वन भू अभिलेख) एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

दो अक्टूबर को रंगोली प्रतियोगिता
वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में रंगोली प्रतियोगिता होने के कारण दो अक्टूबर को सुबह 6.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक वन विहार में गेट क्र. 2 से स्नेक पार्क एवं स्नेक पार्क से गेट क्र. 2 तक वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। प्रातः 6.00 बजे से 8.30 बजे तक पक्षी अवलोकन एवं जैव विविधता शिविर का आयोजन किया जाएगा। साथ ही प्रातः 7.00 बजे से 9.00 बजे तक जन जागरूकता के लिये ‘रन फॉर वाईल्डलाईफ प्रोटेक्शन दौड़ का आयोजन किया जाएगा। जो वन विहार के प्रवेश द्वार क्र. 2 से प्रारंभ होकर भदभदा चौराहा, डिपो चौराहा, स्मार्ट सिटी तिराहा, जनजातीय संग्रहालय, मानव संग्रहालय, बोट क्लब होते हुये वन विहार के प्रवेश द्वार क्र. 1 पर समाप्त होगी। अन्य प्रतियोगिता के रूप में प्रातः 7.00 बजे से कक्षा 6वीं से 12वीं एवं खुले वर्ग हेतु “वन विहार थीम पर आधारित फोटोग्राफी प्रतियोगिता आयोजित की जावेगी। इसके अतिरिक्त प्रातः 9.00 बजे से 11.00 बजे तक रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें कक्षा 5वीं से 8वीं तक के विद्यार्थियों को “वन्यप्राणी विषय पर तथा खुले वर्ग हेतु “वन्यप्राणी एवं पारिस्थतिक तंत्र विषय पर विद्यार्थी भाग ले सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today