विधानसभा चुनाव में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोपों के दौर में भाजपा का कांग्रेस के दिग्गज नेताओं को घेरने का सिलसिला तेज हो गया है। भाजपा ने सोशल मीडिया के माध्यम से प्रदेश में सामाजिक विद्वेष भावना फैलाने का आरोप लगाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के ट्विटर एकाउंट को बंद कराने के लिए कोशिश तेज कर दी हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बाद प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने दिग्विजय को घेरा है। पढ़िये रिपोर्ट।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर आज भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने आरोप लगाया है कि वे धार्मिक भावनाएं भड़काकर सामाजिक विद्वेष फैला रहे हैं। झूठी बातों को समाज में परोस रहे हैं। शर्मा ने आरोप लगाया कि दिग्विजय सिंह इस सामाजिक विद्वेष की भावनाओं को भड़काने के आदी हैं। वे अपने ट्विटर हैंडल से इस तरह से झूठे विषयों को प्रसारित करते हैं। यह गंभीर मामला ही नहीं बल्कि अपराध की श्रेणी में भी आता है जिससे समाज का वातावरण बिगड़ता है। कुंडेश्वर जैन मंदिर में बजरंगियों के शिवलिंग की स्थापना का विषय हो या खरगोन में एक मस्जिद पर पाकिस्तान झंडा लगाए जाने का झूठा विषय या फिर पाकिस्तान की सड़क को नरेला की सड़क बताना, दिग्विजय सिंह अपने ट्विटर हैंडल पर इस तरह झूठे विषय प्रसारित करते हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि वे ट्विटर में शिकायत कर उनके ट्विटर हैंडल को बंद कराने की कार्रवाई करेंगे।
Leave a Reply