आजीविका मिशन के थैले पर मंत्री मलैया की तस्वीर, सामग्री जप्त

आचार संहिता लगने के दूसरे दिन ही दमोह जिला निर्वाचन कार्यालय के पास स्थित पॉलीटेक्निक कॉलेज में राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन सामुदायिक प्रशिक्षण केंद्र से ग्रामीणों को जिस थैले में सामग्री भेजी जा रही थी, उसके ऊपर वित्त मंत्री जयंत मलैया की तस्वीर छपी थी। इसके खिलाफ जब शिकायत हुई तो प्रशासनिक अमले ने मौके पर पहुंचकर गाड़ी और सामग्री को जप्त किया है। दमोह विधानसभा क्षेत्र के कुछ गांवों की महिला मतदाताओंं को वितरण करने के लिए भेजी जा रही सामग्री को जब्त किया गया है। मामले में सामने आया है कि जब्त हुई सामग्री राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन सामुदायिक प्रशिक्षण केंद्र से ग्रामीणों तक पहुंचाई जा रही थी। वितरण सामग्री को जिस थैले में रखकर भेजा जा रहा था उस थैले पर वित्तमंत्री जयंत मलैया की फोटो बनी हुई थी। हालांकि जब तक प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचता तब तक एक गाड़ी सामग्री लेकर ग्रामीणों को बांटने के लिए ले जाई जा चुकी थी।
शिकायत पर हुई कार्रवाई
बताया जाता है कि दमोह जिला कांग्रेस द्वारा की गई शिकायत पर कार्रवाई हुई। कार्रवाई में एसडीएम से लेकर तहसीलदार, नायब तहसीलदार, पुलिस बल के अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।
स्व सहायता समूहों ने बनाई थी सामग्री
जिस सामग्री को जब्त किया गया है यह सामग्री जिले के विभिन्न ब्लॉकों में संचालित स्व सहायता समूहो द्वारा बनाई गई सामग्री थी। वितरण सामग्री में अगरबत्ती, सेनटरी पैड, साबुन सहित अन्य सामग्री शामिल थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today