एन रवि और विजय कुमार चोपड़ा को प्रेस ट्रस्ट आफ इंडिया का अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुना गया

हिन्दू समाचार पत्र समूह के प्रकाशक एन रवि और पंजाब केसरी समाचार पत्र समूह के प्रधान संपादक विजय कुमार चोपड़ा को शनिवार को सर्वसम्मति से देश की सबसे बड़ी समाचार एजेंसी प्रेस ट्रस्ट आफ इंडिया का क्रमश: अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुना गया।रवि (70) एक्सप्रेस समूह के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक विवेक गोयनका का स्थान लेंगे। कंपनी की यहां 70वीं वार्षिक आम सभा के बाद पीटीआई के निदेशक मंडल की बैठक में चुनाव संपन्न हुए। गोयनका ने कहा, ‘‘अगले अध्यक्ष के रूप में…हमें एक ऐसे व्यक्ति मिले हैं जिनमें काफी बुद्धिमत्ता, दूरदर्शिता और ज्ञान है।” उन्होंने कहा, “मुझे विश्वास है कि वह पीटीआई की प्रतिष्ठा बढ़ाएंगे और इसकी वित्तीय व्यवहार्यता सुनिश्चित करेंगे।” उन्होंने इस ओर भी ध्यान दिलाया कि कंपनी ने 2017-18 के दौरान 172.2 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त किया जो पिछले वर्ष 172.8 करोड़ रुपये था।

भारत और अमेरिका में विशिष्ट करियर के साथ कई पुरस्कारों से सम्मानित पत्रकार रवि वर्तमान में भारतीय विद्या भवन के चेन्नई केंद्र के अध्यक्ष भी हैं। वह इंटरनेशनल प्रेस इंस्टीट्यूट की भारत शाखा और इंटरनेशनल प्रेस इंस्टीट्यूट, वियना के कार्यकारी बोर्ड के सदस्य भी रहे हैं।

वह 2006 से 2008 तक सरकार की राष्ट्रीय एकता परिषद के सदस्य थे। साथ ही वह एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया के अध्यक्ष भी थे।चेन्नई में रह रहे रवि ने अर्थशास्त्र में मास्टर डिग्री और कानून की डिग्री हासिल की है। उन्होंने संवैधानिक और अंतरराष्ट्रीय कानून में स्वर्ण पदक सहित कई अकादमिक पुरस्कार भी जीते हैं।

वह 2000 में हार्वर्ड लॉ स्कूल में फेलो और 2004 में हार्वर्ड विश्वविद्यालय के केनेडी स्कूल ऑफ गवर्नमेंट में शोरेनस्टीन फेलो थे। 2013 में, वह पत्रकारिता संस्थान रॉयटर्स इंस्टीट्यूट और सेंट एंथनी कॉलेज, ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में विज़िटिंग फेलो रहे। वह 1972 में हिंदू समाचार पत्र से जुड़े और उन्होंने संवाददाता, वाशिंगटन संवाददाता, डिप्टी एडिटर, और एसोसिएट एडिटर के रूप में कार्य किया। वह 1991 से 2011 तक संपादक और अक्टूबर 2013 से जनवरी 2015 तक प्रधान संपादक रहे।

रवि कई अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में शामिल हुए हैं और अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मेलनों को कवर करने के लिए प्रधानमंत्रियों और राष्ट्रपतियों के साथ यात्रा कर चुके हैं। उनकी रुचि वाले क्षेत्र और लेखन विषयों में संवैधानिक और राजनीतिक मुद्दे, आर्थिक नीति, अंतरराष्ट्रीय अर्थव्यवस्था, मुक्त भाषण और मानवाधिकार, और भारत-अमेरिका संबंध शामिल हैं।

उन्हें जी के रेड्डी मेमोरियल अवॉर्ड और बीआरईएडी रोल मॉडल अवॉर्ड सहित कई पुरस्कार मिले हैं। श्री वेंकटेश्वर विश्वविद्यालय, तिरुपति ने उन्हें मानद डॉक्टरेट से सम्मानित किया है। चोपड़ा का पंजाब केसरी समूह पंजाब, हरियाणा और जम्मू के आठ स्थानों से हिंदी भाषा के समाचार पत्र ‘‘पंजाब केसरी’’ का प्रकाशन करता है। इसके अलावा समूह पंजाबी में ‘‘जगबानी’’ और उर्दू में ‘‘हिंद समाज’’ का भी प्रकाशन करता है।

86 वर्षीय चोपड़ा 2001 और 2009 में दो बार पीटीआई के अध्यक्ष रहे। साहित्य और शिक्षा के लिए 1990 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया। पीटीआई बोर्ड के सदस्यों में रवि, चोपड़ा और गोयनका के अलावा महेंद्र मोहन गुप्त (दैनिक जागरण), के.एन. शांत कुमार (डेक्कन हेराल्ड), विनीत जैन (टाइम्स ऑफ इंडिया), अवीक कुमार सरकार (आनंद बाजार पत्रिका), एमपी वीरेंद्र कुमार (मातृभूमि), आर लक्ष्मीपति (दिनामलार), एच एन कामा (बॉम्बे समाचार), न्यायमूर्ति आर.सी. लाहोटी, प्रो दीपक नय्यर, श्याम सरन और जे एफ पोचखानवाला भी शामिल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today