जो मेड इन अमेठी नहीं बना सके, वो मेड इन चित्रकूट की बातें करते हैं:चौहान

कांग्रेस ने देश पर कई दशकों तक राज किया है। कांग्रेस के जो नेता इतने सालों में मेड इन अमेठी नाम से कोई उत्पाद नहीं बनवा सके, उसी कांग्रेस के नेता राहुल गांधी अब मध्यप्रदेश आकर मेड इन चित्रकूट और मेड इन मध्यप्रदेश की बातें कर रहे हैं। यह बात मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने शुक्रवार को रायसेन जिले के बरेली में आयोजित सभा में कही। मुख्यमंत्री ने यहां कई सुविधाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया।
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की जन आशीर्वाद शुक्रवार को रायसेन और होशंगाबाद जिलों में पहुंची। यात्रा की शुरुआत रायसेन जिले के बरेली से हुई। यहां हेलीपेड पर भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। हेलीपेड से सभा स्थल तक कई जगहों पर मुख्यमंत्री के लिए स्वागत मंच बनाए गए थे। इसके बाद मुख्यमंत्री यहां सभा को संबोधित किया। इस दौरान मंच पर पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा, मुख्यमंत्री की पत्नी श्रीमती साधना सिंह, मंत्री रामपाल सिंह, सांसद राव उदयप्रतापसिंह, विधायक  रामकिशन पटेल, श्री रामकिशन सिंह चौहान, जिलाध्यक्ष श्री धर्मेंद्रसिंह चौहान, श्री शिवाजी पटेल, श्री बृजगोपाल लोया, नरेंद्र पटेल, पवन रघुवंशी आदि उपस्थित थे।
कहीं धूनी रमाकर न बैठ जाएं राहुल
बरेली में आयोजित सभा में मुख्यमंत्री चौहान ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को जमकर आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि अमेठी लंबे समय तक नेहरू-गांधी परिवार के नेताओं का चुनाव क्षेत्र रहा, लेकिन कांग्रेस के ये नेता औद्योगिक दृष्टि से अमेठी का इतना विकास नहीं कर सके कि किसी उत्पाद पर मेड इन अमेठी का ठप्पा लग जाता। उसी कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी मध्यप्रदेश आकर कभी मेड इन भोपाल, मेड इन चित्रकूट, मेड इन मंदसौर की बातें कर रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी से सवाल किया कि जो खेती-किसानी नहीं जानते, जिसने कभी खेत और खेत की पगडंडी नहीं देखी, जिसे ये नहीं पता कि मूली जमीन के ऊपर ऊगती है या अंदर, वो आज किस मुंह से किसानों की बातें कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी आजकल कभी शिवभक्त बन जाते हैं, तो रामभक्त बन जाते हैं। मुख्यमंत्री ने कटाक्ष करते हुए कहा कि कहीं ऐसा न हो कि राहुल गांधी धूनी रमाकर बैठ जाएं।
मुख्यमंत्री ने जनता को दी सौगातें
जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह ने बरेली के नागरिकों को कई सौगातें दीं। बरेली में उन्होंने 8.86 करोड़ रुपए लागत वाले 50 बिस्तरों वाले अस्पताल का लोकार्पण किया। बरेली अस्पताल परिसर में ही 84.25 लाख की लागत से बनने वाले दो आवासगृहों के लिए भूमिपूजन किया। यहीं पर उन्होंने 90.34 लाख की लागत से तैयार 3311 के.वी.समनापुर-बरेली परियोजना का भी लोकार्पण किया। वहीं, बाड़ी तहसील के धांधला में 199.99 लाख की लागत वाले 3311 के.वी.विद्युत उपकेंद्र का भी लोकार्पण किया।
रोड शो में बरसे फूल, मंचों पर हुआ स्वागत
मुख्यमंत्री बरेली से हेलीकॉप्टर से ही होशंगाबाद जिले के पिपरिया पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री का जबरदस्त स्वागत हुआ। हेलीपैड से स्थानीय कृषि उपज मंडी में स्थित सभा स्थल तक मुख्यमंत्री का रोड शो हुआ। इस दौरान सड़क के दोनों ओर बने मकानों से मुख्यमंत्री के ऊपर फूल बरसाए गए। रास्ते में कई जगहों पर मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए मंच बनाए गए थे। मुख्यमंत्री अपने वाहन से उतरकर इन मंचों पर पहुंचे, जहां स्थानीय नागरिकों, नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सभा स्थल पर पहुंचे और वहां बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों और किसानों को संबोधित किया। इस दौरान मंच पर मंत्री श्री जालमसिंह पटेल, शिव चैबे, विधायक श्री ठाकुरदास नागवंशी, नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष डॉ. हितेश वाजपेयी, श्री सर्वेश तिवारी, श्री हेमंत खंडेलवाल आदि उपस्थित थे।
खेती को लाभ का धंधा बनाने किसानों के खाते में डाले 1135 करोड़ रुपए: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने पिपरिया के कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित किसान सम्मेलन में कहा कि मेरा संकल्प था कि खेती को घाटे का सौदा नहीं रहने दूंगा। इसे फायदे का धंधा बनाऊंगा और इसी के लिए आज प्रदेश के 10 लाख, 64 हजार, 769 किसानों के खाते में 1 हजार, 135करोड़, 70 लाख रुपए डाले हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने होशंगाबाद जिले के 1 लाख 61 हजार से अधिक किसानों के खाते में गेहूं की फसल के 419 करोड़16 लाख रुपये डाले। वहीं, मुख्यमंत्री ने ग्रीष्मकालीन मूंग पर 800 रुपए देने का जो वादा किया था, उसे निभाते हुए होशंगाबाद जिले के 63 हजार, 953किसानों के खाते में 114 करोड़, 57 लाख रुपए भी डाले।
कांग्रेसी भी ले रहे सरकार की योजनाओं का लाभ, पर कहते नहीं
किसानों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की सरकारों के समय किसानों से कर्ज पर 18 प्रतिशत ब्याज वसूला जाता था और आज कांग्रेस के नेता राहुल बाबा किसानों की बात कर रहे हैं। हमारी सरकार ने किसानों से लिए जाने वाले ब्याज को घटाकर जीरो परसेंट किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि तीन महीने पहले जब मैं आया था, तो दुधी नदी पर बांध बनाने की बात कही थी। अब उसकी डीपीआर बन गई है। 1568 करोड़ से बनने वाले बांध से 143 गांव के किसानों की सवा लाख एकड़ जमीन में सिंचाई होगी। उन्होंने कहा कि नर्मदा से माँ शिप्रा और गंभीर नदियां जुड़ गई हैं। आगे हम पार्वती नदी को भी जोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि सिंचाई का रकबा 40 लाख से बढ़ाकर 80 लाख हेक्टेयर तक ले जाऊंगा, जिस पर 1 लाख 10 हजार करोड़ खर्च होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी योजनाओं का लाभ सभी को मिल रहा है। कांग्रेसी भी हमारी योजना का भरपूर लाभ उठा रहे हैं। उनके खाते में भी पैसा जा रहा है, लेकिन वो चिमाई दबाकर बैठ जाते हैं। कहते नहीं कि मामा ने कितना दिया है।
इस बार भी दूंगा बहनों को साड़ी
पिपरिया के बाद मुख्यमंत्री की जनआशीर्वाद यात्रा सोहागपुर पहुंची। यहां पुराने थाने के पीछे सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साल तेंदूपत्ते तोड़ने वाली बहनों को साड़ी दी थी। बहनों का आशीर्वाद चाहिए, इस बार भी सभी बहनों को साड़ी देंगे। उन्होंने संबल योजना के खिलाफ कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद द्वारा सुप्रीम कोर्ट में लगाई गई याचिका जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेसी नेता सरकार की योजनाओं में रुकावट डालने का काम कर रहे हैं, लेकिन हम प्रदेश के लोगों को उनके लाभ से वंचित नहीं होने देंगे। मुख्यमंत्री की सभा के दौरान अहिरवार समाज के 10 लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today