कांग्रेस की किसानों, मजदूरों, युवाओं और महिलाओं की होगीः राहुल गांधी

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी विधानसभा चुनाव प्रचार अभियान पर मध्यप्रदेश के दो दिन के दौरे पर सोमवार को इंदौर पहुंचे। उन्होंने उज्जैन में महाकाल की पूजा के बाद अभियान की शुरूआत की और वहां सभा को संबोधित करते हुए कहा मध्यप्रदेश में कांग्रेस की किसानों, मजदूरों, युवाओं और महिलाओं की सरकार होगी। उधर, झाबुआ में आदिवासियों के बीच कहा कि भाजपा आदिवासियों को आगे नहीं बढ़ने देना चाहती है। कांग्रेस सरकार आदिवासियों को जल, जंगल और जमीन का अधिकार दिलाएगी। राहुल गांधी ने सोमवार को सुबह इंदौर पहुंचे थे जहां से वे पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ, सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया और अन्य नेताओं के साथ उज्जैन पहुंचे। वहां दशहरा मैदान में आमसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा धर्म की बात करते हैं लेकिन उनका धर्म भ्रष्टाचार है। प्रदेश में पवित्र महाकुंभ का पैसा भी नहीं छोड़ा। व्यापमं में 50 लोगों की हत्या हुई। शिक्षा का पूरा ढांचा बर्बाद कर दिया। चार सौ करोड़ रूपये क्षिप्रा को साफ करने में लगा दिये। गांधी ने सभा में एक बोतल में पीला पानी दिखाते हुए सवाल किया कि क्या क्षिप्रा साफ हो गई? उन्होंने लोगों से आव्हान किया कि वे भाजपा और उनके भ्रष्टाचार के खिलाफ खड़े हों और मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनायें।
गांधी ने कहा कि हिन्दुस्तान को यदि यहां तक किसी ने पहुंचाया है तो हमारे देश के किसानों ने अपनी मेहनत और अपने खून पसीने से यहां तक पहुंचाया है। कर्जा माफी उनका हक है, क्योंकि पूरा देश किसानों का कर्जदार है। इसलिये हमने संकल्प लिया है कि कांग्रेस की सरकार बनने के दस दिन के अंदर किसानों का कर्ज माफ कर देंगे। पंजाब और कर्नाटक की तरह चुनावी वादा पूरा करने मध्यप्रदेश में भी किसानों का कर्जा माफ करेंगे। प्रदेश में फूड प्रोसेसिंग प्लांट छोटी-छोटी जगह लगाये जायेंगे। किसानों की परेशानियां दूर करेंगे। कांग्रेस सरकार आयेगी तो उन्हें खेत के आधार पर बीमा का पैसा दिया जायेगा।
गांधी ने कहा कि मोदी ने प्रतिवर्ष दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वायदा किया था। यहां मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चैहान ने 21 हजार घोषणाऐं कर दीं, जिनका कोई अता-पता नहीं है। सभी उद्योग एक के बाद एक बंद होते जा रहे हैं। उज्जैन इसका एक उदाहरण है जहां की टैक्सटाईल मिलें बंद हो गई हैं। हम इन टैक्सटाईल इंडस्ट्रीज को फिर से शुरू करेंगे, जिसमें यहां के युवा रोजगार पायेंगे। शिवराजसिंह 15 साल से सरकार में हैं। बड़े-बड़े भाषण देंगे, लेकिन युवाओं को रोजगार नहीं। किसानों को क्या दिया? छोटे दुकानदारों को क्या दिया? किसानों को गोली दी और छोटे दुकानदारों की जेब से पैसा निकाला।
श्री राहुल जी ने कहा कि नरेन्द्र मोदी सर्जिकल स्ट्राइक की बात करेंगे, वायु सेना और नेवी की बात करेंगे। लेकिन जिन्होंने देश के लिये जान लगा दी उसके लिए आपने क्या किया। वन रैंक वन पेंशन की बात पर जवानों ने उन पर भरोसा किया। मोदी जी जहां जाते हैं, वहां यही बात कहते हैं, लेकिन आज तक वन रैंक वन पेंशन लागू नहीं हो पायी। आतंकवादियों के लिये दरवाजा खोला गया, जम्मू-कश्मीर जला दिया गया, जवान रोज शहीद हो रहे हैं। यह किसकी गलती से हो रहा है? ..नरेन्द्र मोदी की।
गांधी ने कहा कि रात को दो बजे नरेन्द्र मोदी ने कांपते हाथों से सीबीआई के डायरेक्टर को गिरफ्तार कर लिया, क्योंकि वह राॅफेल विमान खरीदी घोटाले की जांच शुरू करने जा रहा था। दूध का दूध पानी का पानी हो जाता। पूरे देश को पता लग जाता कि चैकीदार ने क्या किया? कितना पैसा अनिल अंबानी को मिला, उसे कान्ट्रेक्ट क्यों मिला और कैसे मिला? पैसा कहां गया और किसके हाथ में गया? यह पूरे देश को पता लग जाता। उन्होंने कहा कि सीबीआई, भाजपा नेता अरूण शौरी और यशवंत सिन्हा ने सवाल उठाते हुए कहा कि राॅफेल में कोई न कोई गड़बड़ जरूर है। नरेन्द्र मोदी डरते हैं कि जिस दिन सीबीआई में राॅफेल की जांच शुरू हो गई, उस दिन देश को पता लग जायेगा कि चैकीदार चोर है।
प्रदेश कांगे्रस अध्यक्ष श्री कमलनाथ ने उज्जैन की सभा में कहा कि शिवराजसिंह कहते हैं कि नर्मदा साफ करेंगे, क्षिप्रा साफ करेंगे। जिनकी नीयत साफ नहीं, वे नदियां क्या साफ करेंगे। प्रदेश भ्रष्टाचार में नंबर वन हो गया है। भ्रष्टाचार एक व्यवस्था बन गयी है जो गांव से शुरू हो जाती है। सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बाबा महाकाल का जयघोष करते हुए कहा कि अब भाजपा को इस प्रदेश से उखाड़ फेंकने का समय आ गया है। हिन्दू धर्म किसी राजनीतिक दल की बपौती नहीं है। राजनीति में धर्म का और धर्म में राजनीति का कोई स्थान नहीं होना चाहिये। इस सरकार ने महाकुम्भ को भ्रष्टाचार के कुम्भ में बदल दिया। उन्होंने कुम्भ को कलंकित किया है और महाकाल का श्राप भाजपा सरकार को जरूर मिलेगा। यहां महिलायें असुरक्षित हैं, जो शासक महिलाओं को सुरक्षित नहीं रख सकता उसे कुर्सी पर बैठने का कोई हक नहीं है। किसान परेशान है, लहसुन एक रूपये किलो और प्याज दो रूपये किलो बिकवा दी। किसानों को दूध सड़कों पर बहाना पड़ा और शिवराज कहते हैं कि किसान भगवान हैं और मैं उनका पुजारी। नेता प्रतिपक्ष अजयसिंह ने कहा कि शिवराजसिंह के झूठे आश्वासन सुनकर आम आदमी थक गया है।
मध्यप्रदेश में हिन्दुस्तान का कानून लागू नहीं
गांधी ने झाबुआ के काॅलेज ग्राउंड में आयोजित आदिवासी जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की एक ही सोच है कि वह आपको एक ही जगह तक सीमित रखना चाहती है, वे आदिवासियों के अच्छे स्वास्थ्य और अच्छी शिक्षा के लिए कटिबद्ध नहीं हैं। गांधी ने कहा कि हमारा एक की झंडा है। कांग्रेस पार्टी दो हिन्दुस्तान नहीं चाहती। सभी लोग एक ही झंडे के नीचे आते हैं, चाहे वह आदिवासी, किसान, दलित या गरीब हो। लेकिन जो सुविधायें इन लोगों को मिलनी चाहिए वो नहीं मिलतीं, सारी सुविधायें कुछ खास उद्योगपतियों को इस सरकार में मिल रही हैं। क्योंकि भाजपा में दो झंडे हैं, एक भाजपा का और दूसरा आरएसएस का। गांधी ने कहा कि इंदिरा एवं राजीव आप लोगों को अच्छी शिक्षा, अच्छी चिकित्सा और उच्च जीवन स्तर देना चाहते थे, यही सोच मेरी भी है। हमारा उद्देश्य है कि आपका भविष्य भी सुदृढ़ हो। उन्होंने कहा कि किसानों से जब उनकी जमीन ली जाती थी ता पहले उन्हें सही कीमत नहीं मिलती थी। उन्हें जमीन का चार गुना पैसा देने का कानून कांग्रेस लायी। हमने यह भी कानून बनाया कि किसान से उसकी जमीन पूछकर ली जाये। नरेन्द्र मोदी ने इस कानून का रद्द करने की तीन बार कोशिश की, लेकिन कांग्रेस ने उसे पास नहीं होने दिया। फिर मोदी जी ने राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश सरकार से कहा कि प्रस्तावित संशोधन को अपने यहां लागू करो। आज मध्यप्रदेश में हिन्दुस्तान का कानून लागू नहीं है। यहां के किसानों को जमीन अधिग्रहित करने पर सही कीमत नहीं दी जाती है।
गांधी ने कहा कि उधर चौकीदार और इधर ‘मामाजी’ हैं। महाकुम्भ में मामाजी पैसा खा गये। मध्यप्रदेश में ई-टेंडरिंग घोटाला हुआ, पूरे प्रदेश की शिक्षा के सिस्टम को नष्ट कर दिया। ईमानदार आदमी मध्यप्रदेश में नौकरी नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि हम आपकी जिंदगी बदलना चाहते हैं। क्योंकि आपके बच्चों को अच्छी पढ़ाई और परिवार को अच्छे इलाज का अधिकार है। हमारी सरकार आपको मदद करने वाली सरकार होगी। आदिवासी बिल भोजन का अधिकार और मनरेगा को फिर से लागू करेंगे। जो युवा आदिवासी युनिवर्सिटी में जाना चाहते हैं, उनको होस्टल और स्कालरशिप की सुविधा दिलवायेंगे। मैं राजनीतिक रिश्ता नहीं बनाना चाहता। मेरी नीयत साफ है और दिल से आपके साथ काम करना चाहता हूं।
प्रदेश कांगे्रस अध्यक्ष श्री कमलनाथ ने कहा कि यहां आकर आप सभी आदिवासी भाईयों ने कांगे्रस का मान-सम्मान रखा है। यहां कोई ठेकेदार या व्यापारी नहीं है। यहां छोटे-छोटे किसान हैं, जो लूट और झूठ की सरकार के शिकार बनकर रह गये हैं। भाजपा ने कहा था कि अच्छे दिन आयेंगे, क्या आपके अच्छे दिन आये? भाजपा नेताओं के दिन जरूर अच्छे आ गये। वे सभी बड़ी-बड़ी गाड़ियों में घूम रहे हैं। नौजवान देश का निर्माण करेंगे। लेकिन उनके साथ बड़ा धोखा हुआ है। आदिवासी सबसे ज्यादा ईमानदार होते हैं पर उनके पेट में लात और छाती में गोली मारी गई। दुखी किसान, भटकता नौजवान और असुरक्षित माता-बहनों की तस्वीर आपके सामने हैं, इसलिए सच्चाई का साथ दें।
सांसद श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि घोषणावीर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चैहान तभी आदिवासियों के बीच जाते हैं, जब चुनाव होते हैं। आदिवासी देश का गौरव हैं, लेकिन वह आज अपने अधिकारों से वंचित है। यूपीए सरकार के समय हमने अन्न सुरक्षा योजना लागू की। चावल, गेहूं, केरोसिन आपको मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि खा गये शक्कर-पी गये तेल यही है, भाजपा का खेल।
सांसद श्री कांतिलाल भूरिया ने कहा कि भाजपा सरकार में नौजवानों को नौकरी और किसानों को मजदूरी नहीं मिल रही। उन्होंने रतलाम और झाबुआ की जनता की ओर से विश्वास दिलाया कि मध्यप्रदेश में कांगे्रस की सरकार बनेगी। पूर्व में श्री भूरिया ने राहुल गांधी को परंपरागत रूप से साफा बांधकर उनका स्वागत किया। श्री विक्रांत भूरिया ने आदिवासी संस्कृति का प्रतीक तीर-कमान और सुश्री कलावती भूरिया ने बैलगाड़ी की प्रतिकृति भेंट की।
इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया, सह-प्रभारी संजय कपूर, नेता प्रतिपक्ष श्री अजयसिंह, सुश्री सुलोचना रावत, जेवियर मेड़ा, बाल सिंह मेड़ा सहित स्थानीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आमनागरिकों का जनसैलाब उपस्थित था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today