अपराध करता कोई है और फंस कोई जाता हैः पीसीसीएफ

वन विभाग के मुखिया रवि श्रीवास्तव ने कहा है कि अपराध करता कोई है और फंस कोई जाता है। यह कोशिश करें कि निर्दोष न फंस जाए और दोषी अदालत से छूट नहीं पाए। गवाहों को मजबूत बनाएं।श्रीवास्तव छतरपुर सर्किल के वन अधिकारियों की होटल लॉ कैपिटल में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आपसी सामंजस्य के साथ सभी अधिकारी और कर्मचारी वन संपदा और वन्य प्राणियों की रक्षा करने का प्रयास करें। वन्य प्राणी संरक्षण और वन संपदा की चोरी रोकने का काम तब तक सफल नहीं हो सकता जब तक वन अमले का साथ न हो और उनमें आपसी सामंजस्य न हो। इसके लिए बेहतर प्रयास करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति के अवसर पर शिकार की घटनाएं ज्यादातर होती हैं, इस दौरान अमला मुस्तैद रहे और गस्त बढ़ा दी जाए तो इन्हें रोका जा सकता है।
पीसीसीएफ ने बुन्देलखण्ड पैकेज के तहत कराए गए कार्यों को उच्च गुणवत्ता का बताते हुए कहा कि सफलतम कार्यों की पुस्तिका बनाकर विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को वितरित की जाए ताकि अन्य अमला भी अच्छे काम करने के लिए प्रेरित हो सके। श्रीवास्तव ने छतरपुर में अपनी पदस्थापना का जिक्र करते हुए कहा कि वे यहां डीएफओ और सीएफ रहे। यहां उन्होंने पहली बार तेंदूपत्ता देखा और उसमें अप्रत्याशित तरीके से फायदा भी देखा। यहां ही उन्हें गोल्डमैडल की अनुशंसा हुई थी इसलिए छतरपुर आने पर उनकी ऊर्जा बढ़ जाती है।

इस अवसर पर छतरपुर डीएफओ अनुपम सहाय, दक्षिण पन्ना डीएफओ मीना मिश्रा, टीकमगढ़ डीएफओ यूके उचाडिय़ा, नेशनल पार्क के संचालक आरके मिश्रा आदि ने पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से अपने-अपने क्षेत्र की उपलब्धियां और कमियां बताईं। बैठक में कार्यआयोजना के सीएफ एके बंसल, प्रशिक्षु आईएफएस अखिल बंसल, छतरपुर सर्किल में अटैच ऑफिसर रुद्र तेज सनागो, छतरपुर एसडीओ वायएस परमार, बकस्वाहा एसडीओ केबी गुप्ता, बिजावर एसडीओ कल्पना तिवारी, कलदा एसडीओ हेमन्त यादव, नेशनल पार्क के एसडीओ आरके सक्सेना, पन्ना एसडीओ नरेन्द्र सिंह, निवाड़ी एसडीओ बीके मिश्रा के अलावा छतरपुर सर्किल के सभी रेंज ऑफिसर मौजूद थे। प्रारंभ में पीसीसीएफ ने सभी अधिकारियों का परिचय लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today