मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की घोषणाओं को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने नाटक बताया है और कहा कि आज वे स्कूटी दे रहे हैं, कल कहेंगे कि हेलीकॉप्टर दूंगा। वे इसे स्वीकार किया कि उन्हें घोषणा में नहीं हरा सकते।
कमलनाथ ने यह बात प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मीडिया से चर्चा करते हुए कही। उन्होंने कहा कि वे शिवराज सिंह चौहान से गाने तथा घोषणा करने में नहीं जीत सकते लेकिन उन्हें सच्चाई में हरा सकते हैं। आम जनता सब समझ रही है कि घोषणा सब नाटक है। जब वे हजार रुपए कहेंगे तो वे 15 हजार की घोषणा करेंगे।
बिना जांच के बुलडोजर चलाना गलत
कमलनाथ ने दमोह के मामले में कहा कि बिना सही जांच के बुलडोजर चला देना बिलकुल गलत है। बुलडोजर चलाए जाने के बारे में इसके पीछे लक्ष्य को और इसके सोर्स के बारे में समझना चाहिए।
जनता पर नाटक नौटंकी का असर नहीं पड़ेगा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रदेश दौरे को लेकर कहा कि भाजपा के नेता सब आएं, मैदान में आएं, हम भी मैदान में हैं। जनता समझदार है। उस पर नाटक-नौटंकी का असर नहीं पड़ने वाला है।
मंदिर जाने पर भाजपा को पेट में दर्द क्यों
पीसीसी चीफ कमलनाथ ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के प्रियंका गांधी को चुनावी हिंदू कहे जाने पर कहा कि इनके पेट में दर्द क्यों होता है। जब मंदिर जाते हैं तो इनके पेट में दर्द होता है। भाजपा के नेताओं ने हिंदू धर्म का ठेका ले लिया है क्या।
Leave a Reply