श्री नितिन गडकरी ने सैन फ्रांसिस्को से लॉस एंजलिस तक सड़क यात्रा की

सड़क इंजीनियरिंग, राजमार्ग निर्माण, सड़क संकेतक के क्षेत्र में नवीनतम तकनीक एवं सड़क सुरक्षा के प्रभावी उपायों का प्रत्यक्ष अनुभव करने के लिए केन्द्रीय सड़क परिवहन, राजमार्ग एवं जहाज़रानी मंत्री श्री नितिन गडकरी ने सैन फ्रांसिस्को से लॉस एंजलिस तक सड़क यात्रा की। अपनी एक सप्ताह की आधिकारिक अमरीकी यात्रा के अंतिम चरण में श्री गडकरी कल सुबह सैन फ्रांसिस्को से सड़क मार्ग से निकले और 800 किलोमीटर लंबी यात्रा की यह दूरी करीब 10 घंटे में पूरी की। इस यात्रा के दौरान घुमावदार पहाड़ी इलाके, घने जंगल और प्रशांत महासागर से लगे कुछ रेगिस्तानी रास्तों का भी श्री गडकरी ने अनुभव किया।
श्री गडकरी ने कहा कि इस लंबी और थकाऊ यात्रा के पीछे उद्देश्य अमरीका में परिवहन विभाग एवं अन्य स्थानीय इकाइयों द्वारा राजमार्गों एवं अन्य छोटी-बड़ी सड़कों के निर्माण एवं विकास तथा उनको स्थिर बनाए रखने के लिए इस्तेमाल की जा रही नवीनतम तकनीक, उपकरण एवं निर्माण सामग्री के बारे में अहम जानकारी इकट्ठा करना था। उन्होंने कहा कि समुद्रतट के आसपास बनी मुश्किल सड़कों के बारे में भी यहां की कारगर तकनीक का अनुभव लेना इस यात्रा का उद्देश्य था। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री वर्तमान समय में भौगोलिक दृष्टि से जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख के मुश्किल इलाकों, पूर्वोत्तर क्षेत्र एवं पिथोरागढ़ से मानसरोवर और हरिद्वार से गंगोत्री, यमुनोत्री, बद्रीनाथ तथा केदारनाथ आदि हिमालय के क्षेत्रों में राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण करने के कठिन काम में जुटे हुए हैं।

श्री गडकरी ने कहा कि वह अमरीका की सुरंग तकनीक एवं सड़क तथा तटीय मार्गों पर शानदार दर्शनीय केन्द्र स्थापित करने की तकनीक से काफी अधिक प्रभावित हुए। दरअसल सड़कमार्ग के किनारों पर स्थित आधारभूत सुविधाएं जैसे रेस्टोरेंट, दुकान, मनोरंजन एवं शिविर स्थल सुविधाओं के के साथ-साथ सड़क एवं तटीय मार्गों पर बने दर्शनीय स्थल पर्यटकों के लिए आकर्षण का केन्द्र बन गए हैं। उनको बताया गया कि कैलिफॉर्निया के अधिकतर राजमार्ग 50 वर्षों से भी ज्य़ादा पुराने हैं और राज्य का आधे से अधिक माल ढोने वाला यातायात इन मार्गों से होकर गुज़रता है। भारी भार के चलते कैलिफॉर्निया के राजमार्ग किसी अन्य राज्यों की तुलना में सबसे अधिक वाहनों की आवाजाही वाले राजमार्ग हैं और करीब 190 बिलियन वाहन किलोमीटर भार वर्ष 2015 में कैलिफॉर्निया के राजमार्गों पर पड़ा।

श्री गडकरी ने ऊबड़-खाबड़ मार्गों की मरम्मत, अच्छी स्थिति वाली सड़कों को खराब होने से रोकने और सेतुओं को सुरक्षित एवं मज़बूत बनाने के क्रम में इनका उन्नयन करने के लिए चलाई जा रही परियोजाओं की जमकर सराहना की। उन्होंने जल निकासी की स्थापना, उपयोगिता का स्थानांतरण, स्थानीय सड़क-चौराहों को फिर से संगठित करना आदि परियोजनाओं का भी अपने मंत्रालय के कई वरिष्ठ अधिकारियों के एक दल के साथ अनुभव किया। इन राजमार्गों और तटीय सड़कों को सभी मौसम में सुरक्षित बनाए रखने के लिए टक्कर अवरोधक एवं संकेतकों के साथ नियमित रूप से रख-रखाव एवं उन्नयन किया जाता है।

मंत्री ने सड़कों को भूस्खलन से होने वाले नुकसान से बचाने के लिए पहाड़ी इलाकों के साथ लगे धातु स्क्रीन और जाल, सड़क चिन्हों, पर्याप्त चेतावनी संकेतकों आदि का भी अनुभव किया। मुसीबत का इशारा करने वाले एसओएस कॉल बॉक्स को सौर पैनल के साथ चलाया जा रहा है। उनको बताया गया कि राजमार्गों का रख-रखाव करने वाले कर्मचारी वाहन चालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राजमार्गों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने के लिए दिन एवं रात कार्य करते हैं। वे फुटपाथ एवं सड़कों पर हुई टूट-फूट को ठीक करने, संकेतों को परिवर्तित करने, सड़कों पर उचित पट्टियों का निर्माण करने, वनस्पति समाशोधन, कचरा एवं भित्तिचित्रों को हटाने का काम करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today