जनसंपर्क को अपने पास रखने के बाद सीएम ने संदीप यादव को बनाया आयुक्त, उज्जैन कलेक्टर हटाए गए

मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रियों के विभाग बंटवारे में जनसंपर्क विभाग को अपने पास रखा है और यहां अब प्रमुख सचिव संदीप यादव को आयुक्त का प्रभार सौंपा गया है। साथ ही सीएम ने अपने गृह नगर उज्जैन के कलेक्टर और पूर्व मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस के एक और विश्वस्त आईएएस कुमार पुरुषोत्तम को हटा दिया है। हालांकि उनके पुत्र बैतूल कलेक्टर अमनवीर सिंह को गुना कलेक्टर बनाकर भेज दिया है। पढ़िये रिपोर्ट।

मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अब अपने विश्वस्त अफसरों के जिम्मे कमान सौंपने की शुरुआत कर दी है। जनसंपर्क विभाग में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस के विश्वस्त रहे मनीष सिंह को हटाकर उन्हें मंत्रालय में पदस्थ कर दिया था। हटाए जाने के बाद से आज तक वे बिना विभाग के अपर सचिव बने हुए हैं। मनीष सिंह के जाने के बाद जनसंपर्क विभाग में आयुक्त पद रिक्त था और मंत्रियों के विभाग बंटवारे में इस विभाग को सीएम ने अपने पास ही रखा था। विभाग वितरण के बाद आयुक्त के रूप में सीएम ने प्रमुख सचिव राजस्व संदीप यादव की पदस्थापना कर दी है।
उज्जैन कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम हटाए गए
मुख्यमंत्री मोहन यादव के गृह नगर उज्जैन में काफी समय से पदस्थ कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम को हटाकर मंत्रालय में उप सचिव बनाया गया है। कुमार पुरुषोत्तम पूर्व सीएम इकबाल सिंह के काफी निकट थे और यही वजह रही कि आईएएस अवार्ड होने के बाद से वे लगातार जिलों में कलेक्टर के जिम्मेदारी संभालते रहे। अब उन्हें पूर्व आयुक्त जनसंपर्क मनीष सिंह की तरह मंत्रालय में बिना विभाग के आईएएस के रूप में पदस्थापना दी गई है।
उज्जैन सहित चार जिलों में कलेक्टर पदस्थ
आज जारी आदेश में उज्जैन,नर्मदापुरम, बैतूल और गुना कलेक्टर के रूप में नए अधिकारियों की पदस्थापना की गई है। आयुक्त जनसंपर्क का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे विवेक पोरवाल की जगह संदीप यादव की पदस्थापना की गई है तो नीरज कुमार सिंह कलेक्टर नर्मदापुरम से उज्जैन, नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी एमडी बीज निगम से कलेक्टर बैतूल, अमनबीर सिंह बैंस कलेक्टर बैतूल से कलेक्टर गुना, सोनिया मीना संचालक आदिम जाति से कलेक्टर नर्मदापुरम, रोशन कुमार सिंह आयुक्त ननि उज्जैन से सीईओ स्मार्ट सिटी भोपाल, स्वपिनल वानखेड़े आयुक्त ननि जबलपुर से सह आयुक्त संस्थागत वित्त, प्रीति यादव अपर कलेक्टर उज्जैन से आयुक्त ननि जबलपुर बनाई गई हैं। वहीं, दीपाली रस्तोगी पीएस महिला एवं बाल विकास को पीएस सहकारिता विभाग, श्रीमन शुक्ला एमडी मार्कफेड को एमडी बीज विकास निगम का अतिरि​क्त प्रभार देने के आदेश भी जारी किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today