CM शिवराज ने कहा गांधी-नेहरू परिवार के सबसे असफल-कमजोर, गैर जिम्मेदार-अहंकारी नेता

राहुल गांधी को पिछड़े वर्ग के अपमान वाले बयान पर कोर्ट से मिली सजा को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी को इसके लिए माफी मांगना चाहिए। राहुल गांधी को माफी यात्रा निकालना चाहिए। चौहान ने राहुल गांधी को गांधी-नेहरू परिवार का सबसे असफल, कमजोर, गैर जिम्मेदार, लापरवाह और अहंकारी नेता बताया। उन्हों कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को गांधी-नेहरू परिवार का गुलाम नेता बताया और कहा कि वे राहुल गांधी को राष्ट्रीय नेता बनाने पर तूले हैं। सीएम ने कांग्रेस से सवाल भी किए हैं।

चौहान ने कहा कि राहुल गांधी एक ऐसे नेता हैं जिनको न तो राष्ट्र की जानकारी है न राष्ट्रनीति की। उन्होंने राहुल को कहा कि देश संविधान से चलता है, जुबान से नहीं। चौहान ने राहुल गांधी को कांग्रेस के लिए राहुल नहीं राहू बताते हुए कहा कि पूरे देश में अमृतकाल चल रहा है तो कांग्रेस में राहूकाल चल रहा है। अगर राहुल गांधी नेहरू-गांधी परिवार से न होते तो कहां होते, यह सारा देश जानता है और इसे किसीको बताने की जरूरत नहीं है।
सीएम ने कहा अभी तो सांसदी-बंगला गया, अस्तित्व भी चला जाएगा
सीएम शिवराज ने कहा कि वे और पूरा पिछड़ा वर्ग कह रहा है कि हम न तो कांग्रेस को माफी देंगे और न राहुल गांधी को। अभी तो उनकी सांसदी और बंगला ही गया है, कांग्रेस ने अगर पिछड़ों से टकराने की कोशिश की तो उसका अस्तित्व भी चला जाएगा। कांग्रेस का इतिहास रहा है कि न तो उसने अपने नेताओं के लाए गए किसी निर्णय का सम्मान दिया और न ही पिछड़ों का सम्मान किया।
आर्डिनेंस फाड़ने को राहुल का अंहकार बताया
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि अभी देश भूला नहीं जब उन्होंने अपनी ही सरकार के लाए हुए आर्डिनेंस को फाड़कर फेंक दिया था। तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को उस समय कैसा लगा होगा। वह राहुल गांधी का अहंकार नहीं था तो क्या था। शिवराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी अलग-अलग वर्गों का अपमान करते हैं। जातियों का अपमान करते हैं। राहुल गांधी जानते हैं कि पिछड़ा वर्ग उन्हें चुनौती नहीं देता तो कुछ बोलते हैं। अहंकार में आकर उन्होंने पिछड़ों को गाली दी और गाली भी ऐसी कि पूरी जाति को चोर बता दिया। राहुल गांधी बताएं कि यह अहंकार नहीं तो क्या है। इसके बाद भी कह रहे हैं कि वे माफी नहीं मांगेंगे। ये तो चोरी और सीना जोरी है।
एक नहीं कई उदाहरण हैं। स्व. राजीव गांधी ने शहबानो प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट के फैसले को कैसे पलटा पूरा देश जानता है। सीताराम केसरी का अंतिम समय में कैसे तिरस्कार किया गया, सब जानते हैं। उनका सामान तक सड़कों पर फिंकवा दिया गया है। ऐसे में राहुल गांधी से यह उम्मीद भी नहीं कर सकते कि वे न्याय व्यवस्था का सम्मान करेंगे या पिछड़े वर्ग का सम्मान करेंगे।
कांग्रेस से सवाल
सीएम ने कांग्रेस से कहा कि राहुल गांधी न कोर्ट में माफी मांग रहे हैं न बाहर न सदन में। सजा कोर्ट ने दी है तो इसमें भी षडृयंत्र बता रहे हैं, लोकतंत्र की हत्या बता रहे हैं। राहुल गांधी के लिए सत्याग्रह करने वाली कांग्रेस को इन सवालों का जवाब देना होगा कि ओबीसी के अपमान वाले राहुल के बयान पर क्या कहना है।

  1. कांग्रेस व सोनिया गांधी बताए कि राहुल गांधी को किस मामले में अदालत ने सजा दी। क्या ओबीसी वर्ग पर उनका दिया गया बयान सही था। क्या कांग्रेस उसे उचित मानती है व सहमत है।
  2. किस नियम व कानून के तहत उन्हें लोकसभा सदस्य के अयोग्य घोषित किया गया। क्या यह कानून केवल राहुल गांधी के लिए बना है या सभी जनप्रतिनिधि के लिए बनाया गया है।
  3. लोकसभा सचिवालय के राहुल गांधी को बंगला खाली करने का नोटिस दिया गया, कांग्रेस बताया कि क्या केवल राहुल गांधी के लिए वह नियम बना है। सहानुभूति बटोरने की कोशिश हो रही है। आम जनप्रतिनिधि के अलग कानून और राहुल गांधी के लिए अलग कानून, क्या यह होना चाहिए।
  4. राहुल गांधी के विवादास्पद बयानः सेना व सर्जिकल स्ट्राइक पर जवाब मांगते हैं, पंजाब के युवाओं को नशेड़ी बताते हैं, यूपी के युवा दिल्ली व महाराष्ट्र में भीख मांगते हैं. युवा मंदिर में छेड़खानी के लिए जाते हैं। इन बयानों से कांग्रेस सहमत है क्या।
  5. राहुल गांधी ने विदेश में जाकर भारत को बदनाम किया, लोकतंत्र का मजाक उड़ाया। क्या कांग्रेस उसको उचित मानती है। क्या उनका आचरण संसद और सांसद की गरिमा के अनुकूल है।
  6. अभी तक राहुल गांधी पर सात मामले चल रहे हैं। सभी में जमानत पर हैं। ऐसे नेता को क्या जिम्मेदार व गंभीर कहा जा सकता है।
    7 सच तो यह है कि सारे भ्रष्ट नेता बौखलाए हैं। गर किसी ने कानून के खिलाफ काम किया, गलत किया, तो क्या नेता होने के नाते उसे विशेषाधिकार मिल जाते हैं और सब एक मंच पर आ जाते हैं। इसे अन्याय कहते हैं। कानून सबके लिए है। कोई गड़बड़ करेगा तो हर कोई उसकी सजा पाएगा। इसलिए वे कह रहे हैं कि राहुल गांधी ने पिछड़े वर्ग का अपमान किया है तो माफी तो वे मांगे। कांग्रेस सत्याग्रह कर रही है लेकिन उसके लिए नेता नहीं मिल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today