मध्य प्रदेश कांग्रेस में बड़ा बदलाव, शेखर कमजोर हुए राजीव सिंह का कद बढ़ा

मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी में प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने बड़ा बदलाव किया है। इस तरह के बदलाव की काफी लंबे समय से चर्चा थी और अब पीसीसी में जिम्मेदारियों के परिवर्तन में सबसे ज्यादा वरिष्ठ नेता चंद्रप्रभाष शेखर प्रभावित हुए हैं। उन्हें जिम्मेदारियों से हल्का करते हुए वरिष्ठ नेता राजीव सिंह और अशोक सिंह के कद को बढ़ाया गया है। हम आपको बताते हैं कि किसे क्या जिम्मेदारी दी गई और किसका कितना वजन कम या ज्यादा हुआ।

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी में संगठन के प्रभार में परिवर्तन को अंतिम मुहर लगा दी गई है। संगठन प्रभारी का काम देख रहे चंद्रप्रभाष शेखर से यह जिम्मेदारी लेकर उन्हें वरिष्ठ नेताओं से समन्वय और पूरी मॉनीटरिंग का काम सौंपा गया है। इसी तरह पीसीसी में प्रशासन प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे राजीव सिंह को शेखर का काम सौंपा है। अब वे संगठन प्रभारी का काम संभालेंगे। राजीव सिंह इसके पहले भी पूर्व पीसीसी चीफ सुरेश पचौरी के कार्यकाल में भी इस जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

अशोक सिंह को पीसीसी में तीन जिम्मेदारियां

प्रदेश कांग्रेस कमेटी में दूसरे महत्वपूर्ण पदाधिकारी अशोक सिंह बन गए हैं। अशोक सिंह को कोषाध्यक्ष, मंडल-सेक्टर काम की मॉनीटरिंग के साथ प्रशासन प्रभारी भी बनाया गया है। प्रशासन प्रभारी अभी तक राजीव सिंह थे। उल्लेखनीय है कि अशोक सिंह इन जिम्मेदारियों के अलावा अभी प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष और ग्वालियर ग्रामीण के अध्यक्ष भी हैं।इस तरह अशोक सिंह इस समय पीसीसी में तीन और जिले में एक पद पर रहते हुए सबसे ज्यादा पदों पर काम करने वाले नेता बन गए हैं।

इन पदाधिकारियों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी में बदलाव का असर 15 नेताओं पर पड़ा है। चंद्रप्रभाष शेखर, राजीव सिंह, अशोक सिंह के अलावा पीसीसी में वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रकाश जैन को भी जिला प्रभारियों से समन्वय और मंडलम-सेक्टर के काम का जिम्मा दिया गया है। वहीं, राष्ट्रीय सेवा दल के अध्यक्ष रहे महेंद्र जोशी को पीसीसी में बाल कांग्रेस और मतदाता सूची से जुड़ी जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही मीडिया विभाग की पूर्व अध्यक्ष शोभा ओझा को मोर्चा-संगठन का प्रभारी बनाया गया है तो जेपी धनोपिया को चुनाव आयोग के कामकाज व विधिक कार्यों के साथ विभाग-प्रकोष्ठ का प्रभारी भी बनाया है। पीसीसी महासचिव महेंद्र सिंह चौहान, राजकुमार पटेल और चंद्रिका प्रसाद द्विवेदी को एआईसीसी और पीसीसी अभियान के समन्वय का काम दिया गया है। परंतु द्विवेदी को एआईसीसी-पीसीसी के अभियान के साथ मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के दौरा-कार्यक्रम की सूचना प्रसारण और समन्वय की जिम्मेदारी भी दी गई है। इन नेताओं के अलावा मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा, राज्य मीडिया समन्वयक अभय दुबे, आईटी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अभय तिवारी और पीयूष बबेले को मीडिया सलाहकार की जिम्मेदारी दी गई है। विभा बिंदु डागोर को आशा-उषा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के समन्वय का काम देखेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today