भारत जोड़ो यात्रा में राहुल के सामने आई दूरियां, जाते-जाते इनके बीच कराया भरत मिलाप

कांग्रेस देश के लगभग सभी राज्यों में गुटों में बंटी है लेकिन मध्य प्रदेश में यह गुटबाजी पहले सत्ता में होने से एक ताकतवर गुट ही हावी रहता था। मगर इस समय सत्ता से बाहर होने के कारण गुटबाजी की वजह से कार्यकर्ता पसोपेश में रहता है जिसका आभास भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी को 12 दिन 380 किलोमीटर चलने के बाद हो गया। उन्हें सीधे तौर पर इस पर टिप्पणी नहीं की लेकिन जाते-जाते वे संदेश देकर जरूर चले गए हैं कि पहले बड़े नेता गले मिलें फिर वे बात करेंगे।

दो दिन पहले मध्य प्रदेश से भारत जोड़ो यात्रा का आगर मालवा से होते हुए राजस्थान की सीमा में प्रवेश हो गया है लेकिन इसके पहले मध्य प्रदेश में एक सभा में राहुल गांधी ने बेहद ही सहज ढंग से अपना संदेश दे दिया है। मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और उनकी यात्रा के प्रभारी व मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को राहुल गांधी ने माइक के पास खड़ा किया तो प्रदेश के दोनों नेताओं ने उनके साथ जनता के अभिवादन के लिए आना चाहा था। राहुल गांधी ने इसे सही मौका पाया और कमलनाथ-दिग्विजय सिंह को गले मिलने के लिए कहा। इस बीच दोनों नेताओं ने उनके साथ अभिवादन का आग्रह किया तो उन्होंने उनसे कहा कि पहले गले मिलो। दो बार इन नेताओं ने राहुल गांधी को आग्रह किया और दोनों ही बार उन्होंने पहले गले मिलने का कहकर उन्हें मंच पर गले मिलवा दिया।
राहुल के सामने आई एमपी कांग्रेस की तस्वीर
भारत जोड़ो यात्रा के मध्य प्रदेश में 12 दिन 382 किलोमीटर तक की पदयात्रा में राहुल गांधी के सामने मध्य प्रदेश कांग्रेस की वास्तविक तस्वीर सामने आ गई है। उनसे यात्रा में कमलनाथ, दिग्विजय के अलावा नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, अरुण यादव, सुरेश पचौरी से लेकर कमलनाथ सरकार के मंत्रीगण, विधायक, प्रदेश-जिलों के पदाधिकारी मिले। सभी ने न केवल सेल्फी ली बल्कि अपने मन की बात राहुल गांधी को भी पहुंचाई। सात-आठ घंटे पैदल चलते समय कई ऐसे नेता-कार्यकर्ता उस समय राहुल गांधी से मिले जब प्रदेश के बड़े नेता उनके ईर्द-गिर्द नहीं थे तो तब उनकी मन की बात औऱ पार्टी के प्रति चिंता के शब्दों के माध्यम से जो बात राहुल तक पहुंची शायद वह यात्रा के प्रदेश से विदा लेते समय सामने आए हैं।
यात्रा के परिणाम दिखने की उम्मीद लगाए बैठे कार्यकर्ता
भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से राहुल गांधी के मध्य प्रदेश में बिताए गए 12 दिनों को कांग्रेस पार्टी के प्रदेश के नेता व कार्यकर्ता बेहद अहम बता रहे हैं। कार्यकर्ताओं को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में यात्रा के परिणाम पार्टी के भीतर भी दिखाई दें तो नेता यात्रा से चुनाव में लाभ मिलने की आस लगाए बैठे हैं। कार्यकर्ता की उम्मीद पूरी हुई हैं तो पार्टी के भीतर बदलाव हो सकते हैं। बहरहाल यह समय बताएगा कि भारत जोड़ो यात्रा मध्य प्रदेश कांग्रेस को नई दिशा देगी या वही पुराने ढर्रे पर चलती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today