भूमि सुपोषण ‘चलो खेत की ओर’ अभियान का शुभारंभ

भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक बुधवार को ओंकारेश्वर में संपन्न हुई। बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर, पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद, कृषि मंत्री कमल पटेल और मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष दर्शनसिंह चौधरी एवं पार्टी नेताओं ने किसानों को जैविक खेती के प्रति प्रेरित करने के लिए भूमि सुपोषण अभियान-चलो खेत की ओर का शुभारंभ किया। किसान मोर्चा का यह अभियान पूरे वर्ष चलेगा, जिसके अंतर्गत मोर्चा के कार्यकर्ता और पदाधिकारी किसानों को गौ आधारित प्राकृतिक खेती के लिए भी प्रोत्साहित करेंगे।

चौहान ने प्रदेश कार्यसमिति को संबोधित करते हुए कहा कि किसान मोर्चा का कार्य क्षेत्र व्यापक है। इस दृष्टि से मोर्चा की जिम्मेदारी भी अधिक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को योजनाओं का पैसा सीधे उनके खाते में पहुंचा रही है। सरकार के द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में मोर्चा के पदाधिकारी उपस्थित रहें। किसानों को कोई असुविधा न हो इस बात की चिंता मोर्चा करें। उन्होंने कहा कि 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का मध्यप्रदेश की धरती पर आगमन हो रहा है। इस दिन से प्रदेश सरकार 31 अक्टूबर तक अभियान चलायेगी और जो गरीब सरकार की योजनाओं का लाभ लेने से वंचित रह गये हैं, उनके नाम अभियान के माध्यम से जोडेगी। किसान मोर्चा पात्र हितग्राहियों के नाम जुड़वाने का काम करें। साथ ही सरकार द्वारा ग्रीष्मकालीन मूंग का उपार्जन समर्थन मूल्य पर किया जा रहा है, इस काम की निगरानी करते हुए किसानों को कोई दिक्कत न हो इसके लिए किसान मोर्चा टीम बनाकर कार्य करे।

ग्रामीण निकाय चुनाव की प्रचण्ड जीत में किसान मोर्चा की निर्णायक भूमिका
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कार्यसमिति को संबोधित करते हुए कहा कि पहले मध्यप्रदेश बीमारू राज्य था, उसको विकसित राज्य बनाने का काम मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने किया है। पहले प्रदेश में 7 लाख हेक्टयर भूमि सिंचित थी, आज 42 लाख से अधिक भूमि कृषि हेतु सिंचित है। कांग्रेस के समय ग्रामीण क्षेत्र सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत आवश्यकताओं से वंचित थे। आज हर गांव तक पक्की सड़क, हर खेत को पानी और हर घर में बिजली उपलब्ध हो रही है। उन्होंने कहा कि जब केंद्र में कांग्रेस सरकार थी, तब से लगातार कृषि कर्मण अवार्ड प्रदेश की भाजपा सरकार को मिलना, यह दर्शाता है कि मध्यप्रदेश में कृषि को लेकर जितने कार्य हुए हैं, उतने किसी भी राज्य में नहीं हुए। श्री शर्मा ने कहा कि ग्रामीण निकाय के चुनाव में 20 हजार से ज्यादा सरपंच भाजपा समर्थित बने हैं। पार्टी ने ग्रामीण निकाय चुनाव में 85 प्रतिशत से ज्यादा जीत दर्ज की है, इस जीत में किसान मोर्चा ने अपनी निर्णायक भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की सरकारें किसानों के लिए लगातार काम कर रही हैं। सरकार के काम किसानों तक पहुंचाने में किसान मोर्चा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

किसान मोर्चा मध्यप्रदेश का काम बढ़ा अद्भुत

कार्यसमिति को संबोधित करते हुए किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राजकुमार चाहर ने कहा कि भाजपा एक विचार को लेकर चलने वाली पार्टी है। हम एक विचार लेकर चले हैं और लगातार आगे बढ़ रहे हैं। यही वजह है कि आज भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है, जबकि देश में तमाम विपक्षी पार्टियां परिवारवाद को बढ़ावा देने की वजह से लगातार पिछड़ रही हैं। श्री चाहर ने कहा कि किसान मोर्चा मध्यप्रदेश का काम बड़ा अद्भुत है। जब हम राष्ट्रीय स्तर पर किसी कार्य योजना की घोषणा करते हैं, तो मध्यप्रदेश में वह तत्काल प्रारंभ हो जाती है। जिसका प्रत्यक्ष उदाहरण मध्यप्रदेश इकाई द्वारा गौ आधारित प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए और भूमि सुपोषण की दृष्टि से शुरू किया गया “चलो खेत की ओर“ अभियान है। उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा को गांव- गांव में पहुंचाना है, ताकि हर चौपाल, हर खेत और हर घर तक केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार की किसान कल्याणकारी योजनाएं।

संगठन विस्तार के लिए प्रवास करें
प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद शर्मा जी ने संबोधित करते हुए कहा कि श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे जी ने मध्यप्रदेश के संगठन को एक अलग पहचान दी है। आज पूरे देश में मध्यप्रदेश एक आदर्श संगठन के रूप में देखा जाता है। उन्होंने कहा कि बदलते परिवेश में मेरी क्या भूमिका हो इस बात पर कार्यकर्ता को विचार करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि हमारा विशेष ध्यान अपने प्रभार और प्रवास पर होना चाहिए। प्रभार के जिले में बार-बार प्रवास पर जाने से कार्यक्रम मिलेंगे। कर्म की दृष्टि से ही प्रवास किए जाने चाहिए जो उपलब्ध है उसे अच्छा तो बनाना ही है साथ ही साथ वहां तक हमें संगठन को पहुंचाना है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से विचार का प्रचार करने की बात कही। श्री हितानंद जी ने कहा कि किसान मोर्चा का नीचे तक गठन हो, जिसमें सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व भी हो।

प्रदेश कार्यसमिति को इन नेताओं ने भी किया संबोधित
प्रदेश कार्यसमिति बैठक में मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ अनिल जी बोंडे, मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री बंशीलाल गुर्जर, पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं मोर्चा के प्रदेश प्रभारी श्री शरदेंदु तिवारी एवं प्रदेश के कृषि मंत्री श्री कमल पटेल ने भी अलग-अलग सत्रों को संबोधित किया। इस दौरान पार्टी नेताओं ने केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार की किसान कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन एवं उपलब्धियों को जन जन तक पहुंचाने, प्राकृतिक खेती के लिए किसान मोर्चा की आगामी कार्य योजना पर प्रकाशित पुस्तक ‘किसान दर्पण’ का विमोचन किया। प्रदेश कार्यसमिति में किसान मोर्चा के पदाधिकारी पारंपरिक वेशभूषा में धोती कुर्ता पहने हुए थे, साथ ही बैठक स्थल को ग्रामीण परिवेश की थीम पर तैयार किया गया था। सरकार की योजनाओं और मोर्चा के कार्यां पर केंद्रित चित्र प्रदर्शनी भी बैठक स्थल पर लगाई गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today