-
दुनिया
-
फिर Political माहौल की गर्मा गरमी के बीच बेतुका फैसला, MP कांग्रेस के प्रवक्ताओं की छुट्टी
-
आमिर, सलमान के प्लेन को उड़ाने वाली MP की पायलट संभवी पाठक महाराष्ट्र के Dy CM के साथ हादसे में मृत
-
MP नगरीय विकास विभाग दागदारः दूषित पानी से बदनाम हुआ स्वच्छ Indore तो Bhopal के स्लाटर हाउस में गौ हत्या
-
साँची बौद्ध भारतीय ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय बौद्ध विद्वान का दौरा
-
प्रतिष्ठित VIT ग्रुप के सीहोर कॉलेज में कुप्रबंधन से नाराज छात्रों का हंगामा, गाड़ियां जलाईं, तोड़फोड़…जांच कमेटी बनी
-
आदर्श कार्यकर्ता-संगठन शिल्पी थे कुशाभाऊ, उनके रास्ते पर चलना सच्ची श्रद्धांजलि
स्व. कुशाभाऊ ठाकरे के व्यक्तित्व में वो सभी खूबियां थीं, जो एक आदर्श कार्यकर्ता में होनी चाहिए। वे बाहर से जितने सख्त थे, अंदर से उतने ही विनम्र और मधुर स्वभाव वाले थे। उन्होंने अपनी कार्यप्रणाली से मध्यप्रदेश के पार्टी संगठन और यहां के कार्यकर्ताओं को एक ब्रांड बनाया। उनके व्यवहार और कार्यप्रणाली की खुशबू सिर्फ मध्यप्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश के पार्टी संगठन में आज भी विद्यमान है। उनके गुणों को आत्मसात कर यदि उनके बताए रास्ते पर कुछ कदम भी चल सके, तो एक कार्यकर्ता के रूप में जीवन सफल हो जाएगा और यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
यह बात राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री श्री शिवप्रकाश जी, मध्यप्रदेश के प्रभारी श्री मुरलीधर राव जी, मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा, केंद्रीय मंत्री श्री नरेंद्रसिंह तोमर, पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री उमाश्री भारती, राष्ट्रीय महासचिव श्री कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री राकेश सिंह ने स्व. कुशाभाऊ ठाकरे की जयंती पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कही। इस अवसर पर पार्टी नेताओं ने स्व. ठाकरे के जन्मशताब्दी वर्ष समारोह का शुभारंभ भी किया, जिसे पार्टी संगठन पर्व के रूप में मनाएगी। प्रदेश कार्यालय में हुए इस कार्यक्रम से प्रदेश के सभी जिला मुख्यालय भी वर्चुअली जुड़े रहे।
बिना भगवा के संत थे स्व. ठाकरे जी : शिवप्रकाश जी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री श्री शिवप्रकाश जी ने कहा कि भारत अपनी त्याग की संस्कृति के कारण ही मृत्युंजय है, कभी खत्म नहीं होता। कई आक्रमण झेलने के बाद भी भारत आज भी खड़ा है, जबकि कई पश्चिमी सभ्यताएं धराशायी हो गईं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने इसी त्याग के आधार पर प्रचारकों की भूमिका गढ़ी है। इसीलिए संघ के जो प्रचारक हैं, वो बिना भगवा के संत होते हैं। इस तरह के पहले संत डॉ. हेडगेवार थे और ठाकरे जी भी उसी माला के एक मोती थे। उन्होंने कहा कि ठाकरे जी ने अपने आचरण से अपने विचारों को प्रसारित किया, वो संगठन के शिल्पी थे। उनसे प्रेरणा लेकर हम अपने जीवन को वैसा बनाने का प्रयास करें और उनके जन्मशताब्दी वर्ष में श्रेष्ठ संगठन को खड़ा करने का संकल्प लें, यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
स्व. कुशाभाऊ जैसे लोगों की वजह से ही भाजपा पार्टी विथ डिफरेंस हैः मुरलीधर राव
पार्टी के प्रदेश प्रभारी श्री मुरलीधर राव ने अपने संबोधन में कहा कि मैं इस बात पर गौरान्वित हूं कि मैं उस मंच पर उपस्थित हूं, जिस पर स्व. कुशाभाऊ ठाकरे के जन्मशताब्दी वर्ष समारोह का शुभारंभ हो रहा है। उन्होंने कहा कि स्व. कुशाभाऊ ठाकरे जी ने राजनीतिक उतार-चढ़ाव से मुक्त रहकर पार्टी संगठन के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया और इस काम के लिए जो भी करना पड़ा, उन्होंने किया। वे सबसे सफल कार्यकर्ता, सबसे सफल प्रचारक और सबसे सफल संगठन मंत्री थे। श्री राव ने कहा कि मध्यप्रदेश के प्रभारी के लिए यहां के कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं पर खरा उतरना भी एक चुनौती होती है। मध्यप्रदेश के कार्यकर्ता अपने नेता के आंकलन और उसकी थाह लेने की क्षमता रखते हैं और ऐसे कार्यकर्ताओं को गढ़ने का श्रेय स्व. कुशाभाऊ ठाकरे जी को ही जाता है। उन्होंने कहा कि आज कुशाभाऊ ठाकरे हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी परंपरा के कार्यकर्ता आज भी राष्ट्र और समाज के लिए अपना जीवन समर्पित करके काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्व. कुशाभाऊ जैसे समर्पित लोगों की बदौलत ही भारतीय जनता पार्टी ‘पार्टी विथ डिफरेंस है।’
जन्मशताब्दी वर्ष संगठन को सरकार को आदर्श बनाने का स्वर्ण अवसरः शिवराजसिंह चौहान
मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि स्वर्गीय कुशाभाऊ ठाकरे जी एक संगठन पुरूष थे। वे कार्यकर्ताओं से कृष्ण की भांति निश्छल प्रेम करते थे। सामूहिक निर्णय लेने की प्रेरणा हमें उन्हीं से मिलती है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में कई सरकारें श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे जी के कारण बनी। इसलिए प्रदेश की भाजपा सरकार भी पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ उनका जन्मशताब्दी वर्ष मनाएगी। उनके नाम पर जनकल्याणकारी योजनाएँ प्रारम्भ होंगी। श्री चौहान ने कहा कि आज समाज में कई तत्व अजा, अजजा वर्गों में हमारी विचारधारा के खिलाफ अभियान चला रहे हैं, भ्रम फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि ठाकरे जी अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के कल्याण के लिए हमेशा प्रयासरत रहते थे। हम संगठन पर्व के दौरान ऐसे समयदानी पूर्णकालिक कार्यकर्ता निकालें जो ऐसे जनजातीय क्षेत्रों में जाएं और भ्रम तथा गलतफहमियों को दूर करें। उन्होंने कहा कि ठाकरे जी का जन्मशताब्दी वर्ष हमें सरकार चलाने और गरीबों की सेवा करने की प्रेरणा देगा, वहीं सरकार चलाने वालों को याद दिलाता रहेगा कि सत्ता स्वर्ण सिहांसन पर बैठकर अहंकार और दंभ के साथ सरकार चलाने के लिए नहीं, बल्कि जनता की सेवा और प्रदेश के विकास के लिए है। श्री चौहान ने कहा कि जन्मशताब्दी वर्ष के रूप में हमारे पास भाजपा संगठन और सरकार को आदर्श बनाने का एक स्वर्ण अवसर है। हम सरकार के काम में कार्यकर्ताओं की भागीदारी के कई नए प्रयोग कर रहे हैं। दीनदयाल अंत्योदय समितियां इसका उदाहरण है। उन्होंने कहा कि हम एक्ट बनाकर कार्यकर्ताओं को अधिकार देने का काम कर रहे हैं ताकि ठीक ढंग से सरकार के काम कार्यकर्ताओं के माध्यम से नीचे तक पहुंचें। योजनाओं की मॉनिटरिंग हो। श्री चौहान ने कहा कि हम स्व. ठाकरे के नाम पर स्थापित किए जा रहे प्रशिक्षण संस्थान के काम को आगे बढ़ाएंगे, ताकि कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों को प्रशिक्षित किया जा सके।
प्रदेश के संगठन को जो आदर मिलता है, उसका श्रेय ठाकरे जी कोः नरेंद्रसिंह तोमर
कार्यक्रम में संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री नरेंद्रसिंह तोमर ने कहा कि कार्यकर्ताओं की पहचान करना और उन्हें उनके उपयुक्त काम से जोड़ना, यह स्व. कुशाभाऊ ठाकरे जी से सीखा जा सकता है। उनका अधिकांश समय संगठन मंत्री के रूप में गुजरा और उन्होंने अपने काम से संगठन मंत्री की भूमिका को पुष्ट किया। श्री तोमर ने कहा कि मध्यप्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के पार्टी संगठन को मजबूत बनाने में स्व. ठाकरे जी का योगदान रहा है। आज पूरे देश में मध्यप्रदेश के पार्टी संगठन को जो आदर मिलता है, उसका श्रेय कुशाभाऊ जी को ही जाता है। श्री तोमर ने कहा कि कुशाभाऊ ठाकरे जैसा बनना किसी के लिए भी कठिन है। लेकिन अगर उन्हें जानकर महसूस करने और उनके रास्ते पर चलने का प्रयास भी कर लिया जाए, तो इससे किसी भी कार्यकर्ता का जीवन सार्थक हो सकता है। श्री तोमर ने जन्मशताब्दी वर्ष को संगठन पर्व के रूप में मनाए जाने के लिए प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा को धन्यवाद देते हुए कहा कि इससे नई पीढ़ी को स्व. ठाकरे के बारे में सोचने, समझने और जानने का अवसर मिलेगा।
ठाकरे जी ने पार्टी को नई दिशा और पद्धति दी : विष्णुदत्त शर्मा
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि स्व. कुशाभाऊ ठाकरे जी ने भारतीय जनता पार्टी के विचार को प्रदेश ही नहीं पूरे देश में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने भाजपा को नई दिशा ही नहीं दी, बल्कि एक कार्य पद्धति का विकास किया। जिसके आधार पर आज भारतीय जनता पार्टी पूरे देश में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राजनैतिक क्षेत्र में संगठन तंत्र गढ़कर ठाकरे जी ने जो आदर्श स्थापित किया वह सभी कार्यकर्ताओं के लिए पाथेय है। श्री शर्मा ने कहा कि हमारा सौभाग्य है कि हम मिलकर पितृपुरूष ठाकरे जी की जन्मशताब्दी वर्ष को संगठन पर्व के रूप में मना रहे हैं। इस पूरे वर्ष ठाकरे जी के बताए मार्ग पर चलकर हम शक्ति संचय की साधना में स्वावलंबी मंडल और एक आदर्श मंडल बनाने की दिशा में काम करेंगे। उन्होंने कहा कि ठाकरे जी के जन्मशताब्दी वर्ष के ध्येय वाक्य ‘‘संगठन गढ़े चलो’’ को लेकर हम स्वावलंबी मंडल के साथ सक्रिय नगर एवं ग्राम केन्द्र और सक्षम बूथ निर्माण के लिए जुटेंगे।
मध्यप्रदेश संगठन के काम में ठाकरे जी की छाप है : कैलाश विजयवर्गीय
पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा संगठन दायित्व के कारण देश भर में मुझे घुमने के बाद लगता है कि मध्यप्रदेश के संगठन में जो जीवंतता और कार्यकर्ताओं में समर्पण है, वह श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे जी की बदौलत है। यहां के संगठन पर ठाकरे जी की छाप है और इसी के कारण हमारी देश में अलग पहचान है। उन्होंने कहा कि ठाकरे जी से जुड़े संस्मरण सुनाते हुए कहा कि 70 के दशक में जब हम काम करते थे तब हमने कभी सोचा भी नहीं था कि सत्ता आयेगी। आज जिस स्थिति में हमारा संगठन है वह ठाकरे जी जैसे लोगों की तपस्या का परिणाम है। आज जो विस्तार दिखाई दे रहा है वह उस पीढ़ी का बलिदान है। मेरा सौभाग्य है कि मुझे ठाकरे जी के साथ प्रवास करने का मौका मिला। श्री विजयवर्गीय ने कहा कि ठाकरे जी की जन्मशताब्दी के अवसर पर हर कार्यकर्ता समय दान करें।
संगठन द्वारा सबसे कठिन काम ठाकरे जी को सौंपा जाता थाः सुश्री उमा भारती
पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री उमा भारती ने स्व. ठाकरे का स्मरण करते हुए कहा कि संगठन द्वारा सबसे कठिन काम उन्हें सौंपा जाता था। उन्होंने कहा कि नरसिम्हाराव सरकार के समय जब तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने तिरंगा यात्रा निकाली, तो लाखों कार्यकर्ता श्रीनगर जाने के लिए जम्मू में जमा हो गए। लेकिन सरकार से हुए समझौते के अनुसार सिर्फ 40 लोगों को श्रीनगर जाने की अनुमति थी। लेकिन कार्यकर्ता इससे संतुष्ट नहीं थे और हजारों कार्यकर्ताओं ने श्रीनगर की तरफ पैदल मार्च शुरू कर दिया। ऐसे में कार्यकर्ताओं को रोकना और वापस लौटने के लिए मनाना सबसे मुश्किल काम था। पार्टी के सभी बड़े नेताओं के होते हुए यह मुश्किल काम कुशाभाऊ ठाकरे जी को सौंपा गया और उन्होंने इस काम को भी सफलतापूर्वक पूरा किया। सुश्री भारती ने कहा कि राजनीति कोई हाईवे नहीं है, बल्कि इसका रास्ता बहुत टेढ़ा-मेढ़ा है। इस रास्ते पर चलते हुए स्व. कुशाभाऊ ने न सिर्फ अपने बड़े लक्ष्य पर ध्यान रखा, बल्कि तात्कालिक समस्याओं का समाधान भी पूरी कुशलता से करते गए।
ठाकरे जी का जीवन हमारे लिए सबसे बड़ी पूंजी : राकेश सिंह
लोकसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक श्री राकेश सिंह ने जन्मशताब्दी वर्ष समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि हम भाग्यशाली है कि देश के दूसरे राज्यों में मध्यप्रदेश के कार्यकर्ताओं की पहचान ठाकरे जी के कारण आदर्श कार्यकर्ताओं के रूप में होती है। ठाकरे जी ने प्रदेश के चप्पे-चप्पे पर काम किया। उन्होंने संगठन तंत्र का जो बीजारोपण किया था वह आज विशाल वटवृक्ष के रूप में हमारे सामने है। उन्होंने कहा कि यह अतिश्योक्ति नहीं है कि कुशाभाऊ ठाकरे जी नहीं होते तो आज भारतीय जनता पार्टी इस रूप में दिखाई नहीं देती। उन्होंने कहा कि स्व. ठाकरे जी ने राजनीति में रहते हुए शुचिता के प्रतिमान प्रस्तुत किए। उनका पूरा जीवन सादगी, संयम, अनुशासन से भरा हुआ था। उनका पूरा जीवन हमारे लिए बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि ठाकरे जी ने जो मार्ग बताया उनकी जन्मशताब्दी के अवसर पर मध्यप्रदेश का एक एक कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा एवं मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में आगे बढेगा और आने वाले जितने भी चुनाव होंगे उनमें भारतीय जनता पार्टी जीत का परचम लहरायेगी।
संगठन पर्व में होंगे विस्तार और सुदृढ़ीकरण के कार्यक्रम
प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने बताया कि स्व. कुशाभाऊ ठाकरे जी के जन्मशताब्दी वर्ष को संगठन पर्व के रूप में मनाया जाएगा और पूरे वर्ष कार्यक्रम आयोजित होंगे। उन्होंने बताया कि ठाकरे जी के जन्मशताब्दी वर्ष में विस्तारक योजना के तहत प्रदेश में 10 हजार कार्यकर्ता 10 दिनों तक 10 घंटे काम करेंगे। बूथ स्तर तक पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता प्रवास करेंगे। वर्ष भर ठाकरे जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर आधारित व्याख्यान माला का आयोजन होगा। प्रदेश अध्यक्ष ने जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि जन्मशताब्दी वर्ष में सभी जनप्रतिनिधि कोई एक सामाजिक सेवा प्रकल्प अभियान के रूप में अपने हाथ में लें। यूथ फॉर नेशन, पॉलिटिक्स फॉर द नेशन के आधार पर प्रदेश के एक करोड़ युवाओं को जोड़ने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि जन्मशताब्दी वर्ष में जिन जिलों में कार्यालय नहीं हैं, वहां अत्याधुनिक कार्यालय स्थापित हों, इस दिशा में काम होगा। साथ ही तकनीकी युग में पार्टी संगठन का काम नई तकनीक और नवाचार के आधार पर हो इस दिशा में भी काम होगा। प्रदेश के 65 हजार बूथों को डिजिटल तौर पर तैयार करने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को स्वाबलंबी बनाने के लिए ठाकरे जी ने आजीवन सहयोग निधि का मॉडल प्रस्तुत किया था। इस वर्ष आजीवन सहयोग निधि का एक बड़ा लक्ष्य लेकर बूथ-बूथ तक कार्यकर्ता अभियान चलायेंगे।
कार्यक्रम का संचालन पार्टी के प्रदेश मंत्री श्री रजनीश अग्रवाल एवं आभार श्री प्रदीप त्रिपाठी ने माना।




Leave a Reply