तीन शातिर नकबजन जबलपुर पुलिस की गिरफ्त में

लूट, डकैती, नकबजनी व चोरी इत्‍यादि अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ बहुगुणा ने वरिष्‍ठ अधिकारियों और सभी थाना प्रभारियों को विशेष निर्देश दिए हैं। इसी निर्देश के तारतम्‍य में थाना कोतवाली एवं क्राइम ब्रांच की टीम ने चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले फरार तीन आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। साथ ही चार लाख रूपये नगद, दो देशी पिस्टल, 31 नग जिंदा कारतूस, दो नग खाली कारतूस, एक चाकू एवं मोटर सायकिल   भी पुलिस ने जब्‍त की है। इनके नौ साथि‍यों को पुलिस ने पूर्व में गिरफ्तार कर लिया था।

      22 जुलाई को फरियादी अखिलेश अग्रवाल उम्र 50 वर्ष निवासी गोपाल विहार कोतवाली व्दारा रिपोर्ट दर्ज की थी कि उसकी मुकादमगंज में किराना की दुकान है। वह 19 जुलाई की रात लगभग 10 बजे गोपाल सदन स्थित अपने घर पर ताला लगाकर अपने परिवार के साथ इलाहाबाद गया था। वहां से 22 जुलाई घर वापस आया तो मकान का मेन दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। उसने अंदर जाकर देखा तो घर के बेडरूम एवं अन्य कमरों के दरवाजों के ताले टूटे हुये थे। साथ ही कमरो के अंदर रखी अलमारियों एवं सेल्‍फों के ताले भी टुटे हुए थे। उनमें रखे सोने के दो कंगन, दो चूड़ी, दो हार, एक चैन, एक ब्रेसलेट, चार अंगूठी, चार जोड़ी कान के टॉप्‍स, मंगलसूत्र, करधनी, 10 जोड़ी कपड़े, पांच देशी घी के डब्बे, पांच सूखे मेवों के डिब्बे तथा नगदी आदि कोई अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गया था। फरियादी की रिपोर्ट पर प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।

अपराध की गंभीरता को देखते हुये चोरी गये सोने के आभूषणों की बरामदगी और घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री रोहित काशवानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर दक्षिण/अपराध श्री गोपाल खाण्डेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली श्री दीपक मिश्रा के मार्ग दर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली श्री अनिल गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया था।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया। विवेचना के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी फुटैज एवं आसूचना संकलन और मुखबिर की सूचना के आधार शातिर नकबजन प्रेमनाथ उर्फ पप्पू मल्लाह निवासी ग्राम दलपतपुर थाना भेड़ाघाट जिला जबलपुर, संजय शर्मा उर्फ गोलू निवासी ग्राम अंधुआ थाना पनागर जिला जबलपुर एवं दुर्गेश पटेल निवासी शिवनगर की तलाश सरगर्मी से की गई। तलाशी के दौरान पुलिस टीम ने इनके घरों पर दबिश दी। दबिश के दौरान पुलिस ने परिजनों से चोरी के संबंध में पूछताछ की। जिसमें पाया गया कि फरार आरोपी प्रेमनाथ अपने बेटे मोहित, दोस्‍त संजय शर्मा और दुर्गेश पटेल के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया और चोरी के माल को प्रेमनाथ ने अपने बेटे मोहित मल्लाह, पत्नी बसंती मल्लाह, दूसरी पत्नी दीक्षा मल्लाह, दामाद चंदन मल्लाह को, आरोपी संजय शर्मा उर्फ गोलू ने अपने पिता संतोष शर्मा और भाई संदीप शर्मा को और आरोपी दुर्गेश पटेल अपनी पत्नी सुष्मिता पटेल, रोहित मल्लाह एवं सुरेन्द्र मल्लाह को चोरी किये गये सोने चाँदी के जेवरात तथा नगदी रूपये घर मे छिपाकर रखने हेतु दिए हैं।

आरोपियों के परिजनों को गिरफ्तार कर उनसे सघन पूछताछ करने पर उन्‍होंने चोरी का सामान अपने पास रखा होना कबूल किया। परिजनों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने नगद आठ लाख 85 हजार रूपये, 19 तोला सोने के जेवर एवं 5 किलो 460 ग्राम वजनी चांदी के जेवर सहित कुल 21 लाख रूपये का मश्रुका जब्‍त किया है। साथ ही वारदात में प्रयुक्त किये गये हथियार रॉड, कटर, पेचकस, पिंचिस, आरी भी पुलिस ने जप्त किये गये थे। फरार नकबजन प्रेमनाथ उर्फ पप्पू मल्लाह, संजय शर्मा तथा दुर्गेश पटेल की सरगर्मी से तलाश की जा रही थी।

 लगातार तलाशी के दौरान 17 अगस्‍त की शाम क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी के प्रकरण में फरार शातिर नकबजन प्रेमनाथ उर्फ पप्पू मल्लाह एवं संजय उर्फ गोलू शर्मा, दुर्गेश पटेल के साथ मोटर सायकिल से दुर्गेश पटैल के घर तुलसीनगर कमल बरात घर के सामने आये हैं। सूचना पर क्राईम ब्रांच एवं थाना कोतवाली की संयुक्त टीम द्वारा तुलसीनगर कमल बरात घर के सामने दुर्गेश पटेल के घर पास दबिश दी। जहॉ एक बिना नम्बर की मोटर सायकल के पास तीन व्यक्ति खड़े मिले, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ा। पकड़े गए व्‍यक्तियों से नाम पता पूछने पर तीनों ने अपने नाम प्रेमनाथ उर्फ पप्पू मल्लाह उर्फ प्रिंस मल्लाह उम्र 45 वर्ष निवासी ग्राम खेरी मोहल्ला शहपुरा भिटैानी थाना शहपुरा हाल वसुंधरा कालोनी कोतवाली, संजय शर्मा उर्फ गोलू शर्मा उम्र 32 वर्ष निवासी ग्राम अंधुआ थाना पनागर हाल निवासी लटकारी का पड़ाव थाना लार्डगंज तथा दुर्गेश पटेल उम्र 29 वर्ष निवासी तुलसीनगर कमल बारात घर के सामने कोतवाली बताए।  तलाशी लेने पर प्रेमनाथ उर्फ पप्पू मल्लाह उर्फ प्रिंस मल्लाह की कमर में एक तरफ एक देशी पिस्टल जिसकी मैगजीन में 9 राउण्ड लोड थे एवं पेंट की दूसरी तरफ की जेब में दूसरी मेगजीन में जिसमें 9 राउण्ड लोड थे रखी मिली। आरोपी संजय शर्मा उर्फ गोलू की कमर में एक पिस्टल एवं  जेब में 10 कारतूस और एक खाली कारतूस का खोका रखा मिला तथा आरोपी दुर्गेश पटेल की तलाशी लेने पर कमर में एक बटनदार धारदार चाकू मिला।

पूछताछ करने पर तीनों ने 20 मई को बैग में रूपयें रखकर मोटर सायकिल से जा रहे एक व्यक्ति पर रूपये छीनने की नीयत से शिवहरि मैरिज गार्ड के सामने तिराहे पर फायर करना एवं बैग में रखे पैसे लूटना स्वीकार किया। 

              इस प्रकार तीनों आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने देशी दो पिस्टल, 28 नग जिंदा कारतूस, एक नग खाली कारतूस, एक चाकू, घटना में प्रयुक्त एक खाली एवं तीन जिंदा कारतूस, मोटर सायकिल तथा चुराये हुये सोने-चांदी के जेवर वजनी 18 तोला  एवं नगद चार लाख रूपये जप्त किए हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मान्नीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today