भाजपा जोबट चुनाव में जीत का इतिहास रचेगी : विष्णुदत्त शर्मा

भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता उपचुनाव को लेकर उत्साह से भरे हुए हैं। प्रत्येक बूथ पर हमारे  कार्यकर्ता चुनाव जीतने का संकल्प ले कर जुटेंगे। कुशल रणनीति, संगठन तंत्र की मजबूती, कार्यकर्ताओं की मेहनत  के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में चल रही गरीब कल्याण की योजनाएं के आधार पर भारतीय जनता पार्टी जोबट उपचुनाव में जीत का इतिहास रचेगी।

यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने अलीराजपुर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही। प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा मंगलवार को अलीराजपुर-जोबट संगठनात्मक प्रवास पर थे।

                भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा मंगलवार को अलीराजपुर- जोबट प्रवास पर थे। प्रदेश अध्यक्ष सोमवार को देर रात अलीराजपुर पहुँचे। मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने स्थानीय कार्यक्रमों के साथ उपचुनाव की दृष्टि से प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं की बैठक ली। श्री शर्मा ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करने के पश्चात आजाद स्मारक पहुंचकर शहीद चन्द्रशेखर आजाद को नमन किया।

संगठन कार्य का सुदृढ़ीकरण ही मेरे प्रवास का उद्देश्य

                प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि हम सब अपने संगठन तंत्र के विस्तार के लिए मिलकर अलग अलग भूमिका में काम कर रहें है। पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता चुनाव के लिए कमरकस कर तैयार है। उन्होंने कहा कि भाजपा कैडर बेस पार्टी है। हमारा कार्यकर्ता बूथ स्तर तक संगठन का कार्य में लगा हुआ है। संगठन कार्य का सुदृढ़ीकरण ही मेरे प्रवास का मूल उद्देश्य है।

भाजपा सरकार की योजनाओं ने बदला गरीबों का जीवन स्तर

                श्री शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने गरीबों के लिए योजना बनायी। जिसे प्रभावी तरीके से हर समाज वर्ग के लोग लाभान्वित हुए। प्रदेश में कुछ समय के लिए कमलनाथ सरकार आयी तो उसने इन जनहितैषी योजनाओं को बंद कर दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी गरीबी हटाने की बात नहीं करती बल्कि उनके जीवन स्तर को बदलने का काम करती है। केन्द्र सरकार की उज्जवला योजना, आयुष्मान योजना वहीं प्रदेश सरकार की संबल जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं ने गरीबों का जीवन स्तर बदला है।

भाजपा सरकार ने पिछड़ों और आदिवासियों को अधिकार संपन्न बनाया

                श्री शर्मा ने कहा कि भारत के इतिहास में जिन्होंने 50 सालों तक राज किया, उन लोगों ने जातियों को सिर्फ भ्रमित किया। कांग्रेस सरकार ने ओबीसी कमीशन बनाया लेकिन संवैधानिक दर्जा नहीं दिया। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनी तो सर्वप्रथम पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया। उन्होंने कहा कि देश में पहली बार प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 27 ओबीसी मंत्री बनाकर यह संदेश दिया कि विपक्ष तोड़ने की राजनीति कर रहा और हम समाज को जोड़ने का काम कर रहे हैं। कांग्रेस सिर्फ बोलने का काम करती है, जबकि भारतीय जनता पार्टी काम करने में विश्वास करती है। जनता को यह बताने के लिए जनआशीर्वाद यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अनुसूचित जनजाति वर्ग को सिर्फ वोट बैंक माना। लेकिन अटलजी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने पृथक से जनजातीय मंत्रालय बनाकर आदिवासियों को अधिकार संपन्न बनाया।

परंपरागत स्वागत से प्रदेश अध्यक्ष हुए अभिभूत

                प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा के आदिवासी अंचल में प्रवास के दौरान कार्यकर्ता उत्साह और जोश से लबरेज दिखायी दिए। मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष जब स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल हुए तो विभिन्न स्थानों पर आदिवासी बंधु और कार्यकर्ताओं ने परंपरागत तरीके से झांझ, मजीरें और पारंपरिक वेशभूषा में तैयार होकर स्वागत के लिए पहुंचे। कार्यकर्ताओं के स्वागत से अभिभूत प्रदेश अध्यक्ष ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अलीराजपुर मेरा प्रिय क्षेत्र है। छात्र जीवन में कई बार इस क्षेत्र में आया हूं। इस क्षेत्र से मेरा आत्मीय जुड़ाव है।

शहीद चन्द्रशेखर आजाद की जन्मस्थली पर किया नमन

                प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने अपने प्रवास के दौरान शहीद चन्द्रशेखर आजाद की जन्मस्थली चन्द्रशेखर आजाद नगर पहुंचे। अलीराजपुर से आंबा होते हुए श्री शर्मा ने शहीद आजाद स्मारक पहुंचकर चन्द्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर संभागीय संगठन मंत्री श्री जयपाल सिंह चावड़ा, प्रदेश मंत्री श्री जयदीप पटेल एवं श्रीमती संगीता सोनी, सांसद श्री गुमान सिंह डामोर, बड़वानी सांसद श्री गजेंद्र पटेल, जिलाध्यक्ष श्री अभय सिंह चौटाल, जिला अध्यक्ष श्री वकील सिंह ठकराल, इंदौर विधायक श्री रमेश मेंदोला, अनुसूचित जनजाति मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्री कल सिंह भांबर, श्री नागर सिंह चौहान सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today