जिस तरह मां बच्चे को पालती है, वैसे ही पेड़ों को बचाएंगे हम भाजपा कार्यकर्ताः विष्णुदत्त शर्मा

 देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह ने ऑक्सीजन के लिए एक जन आभियान चलाया और ऑक्सीजन के लिए पौधारोपण की आवश्यकता बताई है। सेवा ही संगठन अभियान के अंतर्गत हमारा मुख्य उद्देश्य है प्रदेश को हरा-भरा बनाना। अपना शहर हरा भरा होना चाहिए और इसी उद्देश्य से आज का पौधारोपण कार्यक्रम रखा गया है। जिस तरह मां बच्चे को पालने का काम करती है, उसी प्रकार हम भाजपा के कार्यकर्ता पेड़ों को बचाने का काम करेंगे।

यह बात भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा जी शुक्रवार को सतना के बीटीआई मैदान में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कही। कार्यक्रम में जामुन, बरगद, नीम, आम, पीपल और बरगद के पौधे लगाए गए।

पेड़ों से शुद्ध होता है पर्यावरण

                श्री शर्मा ने कहा कि अगर हम वास्तव में जीवित रहना चाहते हैं और अच्छा जीवन जीना चाहते हैं तो अधिक से अधिक पेड़ लगाए जाना चाहिए। कोरोना महामारी के काल में आक्सीजन का महत्व सबको पता चल गया। श्री शर्मा ने कहा कि ऑक्सीजन देने और कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित करने के अलावा पेड़ वातावरण में मौजूद अन्य हानिकारक गैसों को अवशोषित करते हैं, जिससे वायु शुद्ध और ताज़ी बनती है। जितने हरे-भरे पेड़ होंगे,  ऑक्सीजन का उत्पादन उतना अधिक होगा। श्री शर्मा ने कहा कि प्रदूषण का स्तर इन दिनों बहुत अधिक बढ़ रहा है। इससे लड़ने का एकमात्र तरीका अधिक से अधिक पेड़ लगाना ही है। पेड़ों से घिरे क्षेत्र, गांव और जंगल का पर्यावरण शुद्ध होता है। ऐसा इसलिए है क्योंकि ये कम प्रदूषण से प्रभावित क्षेत्र हैं। दूसरी ओर शहरी,  आवासीय और औद्योगिक क्षेत्रों में प्रदूषण ज्यादा है पेड़ों की कम संख्या के कारण वायु की गुणवत्ता खराब है।

पौधों का महत्व समझें लोग

                श्री शर्मा ने कहा कि पौधारोपण का महत्व स्पष्ट है और सभी जानते हैं, इसके बावजूद कुछ मुट्ठी भर लोग ही हैं जो वास्तव में इस गतिविधि में शामिल होने का प्रण लेते हैं। बाकी अपने जीवन में इतने तल्लीन हो चुके हैं कि वे यह नहीं समझ पाते कि बिना पर्याप्त पेड़ों के हम लंबे समय तक जीवित नहीं रह पाएंगे। उन्होंने कहा कि यह सही समय है जब हमें वृक्षारोपण के महत्व को पहचानना चाहिए और इस काम में अपना योगदान देना चाहिए। पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्री योगेश ताम्रकार,  मध्यप्रदेश शासन के मंत्री श्री रामखेलावन पटेल,  सम्भागीय संगठन मंत्री श्री श्याम महाजन,  सांसद श्री गणेश सिंह,  जिला अध्यक्ष श्री नरेन्द्र त्रिपाठी सहित प्रदेश कार्य समिति सदस्य,  जिला पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

प्रदेश अध्यक्ष ने देखी रामलोटन जी की बगिया

                प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में सतना जिले श्री रामलोटन कुशवाहा द्वारा तैयार किए गए वनस्पतियों एवं बीजों के संग्रह की चर्चा की थी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा सतना प्रवास के दौरान अंतर्वेदिया गाँव में रामलोटन कुशवाहा जी के बगीचे में पहुंचे। उन्होंने यहां पर लगाए गए औषधीय पौधों तथा बीजों के कलेक्शन का अवलोकन किया। श्री शर्मा ने यहां पौधे भी लगाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today