दलितों के घोर अपमान पर मौन क्यों हैं विपक्ष के नेताः विष्णुदत्त शर्मा

बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर राजनीति करने वाले, अपने-आपको दलितों का मसीहा बताने वाले कांग्रेसी, वामपंथी और अन्य विपक्षी नेताओं की दलितों के अपमान पर चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है। आज हर देशवासी और विशेषकर दलित समुदाय के लोग इस सवाल का जवाब चाहते हैं कि क्या इन दलों और नेताओं के लिए दलित सिर्फ चुनाव जीतने के औजार हैं? कांग्रेस और अन्य दलों की इस बर्बर अपमान पर चुप्पी यह सवाल खड़े करती है कि वो दलितों को इंसान भी मानते हैं या नहीं? 

यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने पश्चिम बंगाल के आरामबाग से तृणमूल प्रत्याशी सुजाता मंडल खान द्वारा दलितों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी किए जाने की निंदा करते हुए कही।

                प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि बड़ी हैरानी की बात है कि एक समुदाय विशेष के सम्मान के लिए हमेशा फिक्रमंद रहने वाली तृणमूल कांग्रेस की मुखिया ममता बनर्जी को दलितों का यह अपमान दिखाई नहीं दे रहा है। आतंकियों के मानवाधिकारों की फिक्र करने वाली कांग्रेस को दलितों के मानव अधिकारों का यह दमन नजर नहीं आ रहा है। दलितों को बरगलाकर हमेशा उनका इस्तेमाल राजनीतिक हितों के लिए करने वाले वामपंथी इस अपमान पर चुप हैं। दलितों और पिछड़ों के नाम पर राजनीति करने वाली समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी भी खामोश हैं। श्री शर्मा ने कहा कि विपक्षी दलों के इस रवैये से साफ हो गया है कि इनके मन में दलितों के प्रति कोई सहानुभूति नहीं है, और ये भी तृणमूल प्रत्याशी सुजाता मंडल खान की तरह दलित भाइयों को स्वभाव से भिखारी मानते हैं। श्री शर्मा ने कहा कि विपक्षी दलों के इस व्यवहार से पश्चिम बंगाल और पूरे देश की जनता के सामने उनकी वास्तविकता उजागर हो गई है। श्री शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी दलितों के इस अपमान को किसी कीमत पर सहन नहीं करेगी। पार्टी ने निर्वाचन आयोग से तृणमूल प्रत्याशी के खिलाफ शिकायत कर दी है और जब तक उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, पार्टी चुप नहीं बैठेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today