मुख्यमंत्री ने सीधी के विभिन्न गांवों में पहुंच दुर्घटना के पीडि़तों को दी सांत्वना

सीधी जिले में सरदा पटना गांव में 16 फरवरी को भीषण बस दुर्घटना में 50 यात्रियों की मौत हो गई थी। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सीधी जिले के विभिन्न गांवों का दौरा करके दुर्घटना में मृतकों के घर जाकर उनके परिजनों को सांत्वना दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्घटना पीडि़तों को सरकार की ओर से हर संभव सहायता दी जायेगी। दुख की इस घड़ी में हम सब दुर्घटना पीडि़तों के साथ हैं। मुख्यमंत्री ने भ्रमण के दौरान दुर्घटना में मृत व्यक्तियों के परिजनों को आर्थिक सहायता के रूप में 7-7 लाख रूपये के चेक प्रदान किये।
मुख्यमंत्री भोपाल से विमान से प्रस्थान कर दोपहर 1.15 बजे हवाई पट्टी रीवा पहुंचे। रीवा से हेलीकाप्टर से प्रस्थान कर मुख्यमंत्री दोपहर 2 बजे सीधी जिले के रामपुर नैकिन पहुंचे। मुख्यमंत्री बस दुर्घटना के शिकार अथर्व गुप्ता के घर पहुंचे। उन्होंने मृतक श्री गुप्ता के परिजनों को सांत्वना दी। रामपुर नैकिन में मुख्यमंत्री ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र जाकर दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की कुशलक्षेम जानी। उन्होंने अधिकारियों को दुर्घटना पीडि़तों के समुचित उपचार के निर्देश दिये। स्वास्थ्य केन्द्र में उपचाररत विभा प्रजापति की कुशलक्षेम पूछी तथा दुर्घटना में उनके भाई दीपू प्रजापति की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने रामपुर नैकिन में ही दुर्घटना में मृत विमला द्विवेदी के घर जाकर उनके परिजनों से भेट की। इसके बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से चुरहट पहुंचे। मुख्यमंत्री ने चुरहट के रामनगर मोहल्ले में दुर्घटना में मृत श्यामलाल साकेत के परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने मृतक की पत्नी शांति साकेत, पुत्री कल्पना साकेत, पुत्र आकाश साकेत तथा आशीष साकेत को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा का पूरा प्रबंध सरकार करेगी।
इसके बाद मुख्यमंत्री ग्राम पचोखर पहुंचे। यहां उन्होंने मृतका खुशबू पटेल के घर जाकर परिजनों को सांत्वना दी। मुख्यमंत्री ने ग्राम पडरिया में मृतक अनिल पटेल तथा ग्राम कुकड़ीझर में मृतक अमरज्योति साकेत के घर जाकर उनके परिजनों को सांत्वना दी।
मुख्यमंत्री के भ्रमण के समय राज्यमंत्री पिछड़ावर्ग, अल्पसंख्यक कल्याण एवं ग्रामीण विकास श्री रामखेलावन पटेल, सांसद सीधी श्रीमती रीति पाठक, विधायक सीधी श्री केदारनाथ शुक्ला, विधायक चुरहट श्री शरदेन्दु तिवारी, श्री इन्द्रशरण सिंह, श्री सुभाष सिंह तथा अन्य जनप्रतिनिधिगण उनके साथ रहे। मुख्यमंत्री जी के साथ रीवा संभाग के कमिश्नर राजेश कुमार जैन, आईजी उमेश जोगा, डीआईजी अनिल सिंह कुशवाह, कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी, पुलिस अधीक्षक पंकज कुमावत तथा अन्य अधिकारी उनके साथ रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today