बूथ को मजबूत करने के अभियान में जुटेगी टीम भाजपाः विष्णुदत्त शर्मा

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने गुरुवार को कहा कि भाजपा पद्धति पर चलने वाली पार्टी है, यहां सभी कार्यकर्ता है और दायित्वों के अनुरूप काम करते है। यहां प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए काम और प्रत्येक काम के लिए कार्यकर्ता है और इसी व्यवस्था पर पार्टी लगातार आगे बढती है। परिस्थितियों के अनुसार जो आवश्यकता है, उसके आधार पर ही भारतीय जनता पार्टी में निर्णय होते हैं।

शर्मा ने प्रदेश की नई टीम को लेकर कहा कि टीम वीडी नहीं बल्कि भाजपा की टीम है। उन्होंने प्रदेश कार्यालय में मीडिया से चर्चा के दौरान यह बात कही। प्रदेश अध्यक्ष ने मनोनीत पदाधिकारियों और मोर्चा अध्यक्षों को बधाई देते हुए कहा कि सभी पदाधिकारी अनुभवी और पारंगत कार्यकर्ता है। सभी पदाधिकारी अपने क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करेंगे।
शर्मा ने कहा कि भाजपा के लगभग 1070 मंडल हो चुके हैं, सिर्फ उनमें से 40 या 45 मंडल बचे हैं। सारे मंडलों के प्रशिक्षण वर्ग हो चुके हैं। कार्यसमितियां बनाई जा चुकी है। सारे मंडल के पदाधिकारी तथा सभी लोग मिलकर बूथ मजबूत करने का अभियान भारतीय जनता पार्टी पूरे मध्यप्रदेश में करेगी। इसी के साथ भाजपा को भी आत्मनिर्भर बनाने का काम हम सभी लोग कर रहे हैं।
सिंधिया भाजपा के अभिन्न अंग
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थकों को पार्टी की नई टीम जगह नहीं मिल पाने पर कहा कि सिंधिया भाजपा के अभिन्न अंग हैं। वे वरिष्ठ नेता हैं। उनके साथ जो नेता भाजपा में आये है वे भी सीनियर नेता हो गए है। शर्मा ने कहा कि पदाधिकारी इस वर्ष भाजपा को आत्मनिर्भर बनाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि समय और आवश्यकता के अनुरूप जगह मिली है।
कांग्रेस के ज्ञान चक्षु खुले
कांग्रेस द्वारा राममंदिर को लेकर चंदा मांगे जाने के सवाल पर शर्मा ने कहा कि पहले कांग्रेस कहती थी कि राम का कोई अस्तित्व ही नहीं है, राम सेतु का कोई अस्तित्व नहीं है। सुप्रीम कोर्ट में कांग्रेस नेता वकील कपिल सिब्बल राम मंदिर के खिलाफ खडे होते हैं। लेकिन अब कांग्रेस राम मंदिर निर्माण में खुद को सक्रिय बता रही है। कांग्रेस अगर राम मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह का आग्रह कर रही है तो यह भगवान राम की ही कृपा है। आज कांग्रेस के ज्ञान चक्षु खुल गए है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रयासों से राम मंदिर निर्माण को लेकर आमजन में जो देशभक्ति का भाव जाग्रत हुआ है। आज मंदिर निर्माण होने से 500 साल पुराना एक संकल्प पूरा हो रहा है। यह कार्य कोई संगठन या दल नहीं कर रहा है बल्कि पूरा भारत इसमें लगा हुआ है लेकिन कांग्रेस इसे राजनैतिक दृष्टि से देख रही है क्योंकि कांग्रेस ने कभी भी समाज और देशभक्ति के लिए काम नहीं किया। उसने हमेशा राजनीति की है।
कोरोना काल में प्रधानमंत्री ने चुनौतियों को अवसर में बदला
16 जनवरी को कोरोना के टीकाकरण की शुरूआत होने पर प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई दी है और कहा कि कोरोना काल में प्रधानमंत्री मोदी ने चुनौतियों को अवसर में बदला है। उन्होंने कोरोना काल में गरीबों को राहत पैकेज देकर आत्मनिर्भर भारत बनाने का संकल्प पूरा किया। देश और प्रदेश की जनता को कोरोनाकाल में कई सौगाते मिली ताकि वे कोरोना के खिलाफ चल रही जंग में मजबूती के साथ खडे रहे। शनिवार से कोरोना के टीकाकरण की शुरूआत होगी।
सज्जन सिंह वर्मा का बयान कांग्रेस का चरित्र
कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा द्वारा बालिकाओं पर दिए गए आपत्तिजनक बयान पर शर्मा ने कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि सज्जन सिंह वर्मा का बयान कांग्रेस के चरित्र को दर्शाता है। महिलाएं सम्मान और आदर का केन्द्र होती है, लेकिन उनके लिए इस तरह की भाषा का प्रयोग करना सिर्फ कांग्रेस ही कर सकती है। वर्मा ने ऐसे शब्द प्रयोग किए है जिन्हें हम बोल नहीं सकते। कांग्रेस का चरित्र जनता के सामने है, जो इन नेताओं के बयानों में झलकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today