मध्यप्रदेश ही नहीं, पूरे देश के किसान कृषि कानूनों के साथ खड़े हैं: शर्मा

मध्यप्रदेश और देश के सारे किसान केन्द्र सरकार द्वारा बनाए गए कृषि कानूनों के साथ खड़े हैं। प्रदेश के 50 लाख किसानों के साथ तो हमारे प्रधानमंत्री जी ने बात की है। किसानों के नाम पर कुछ लोग किसान आंदोलन को हवा दे रहे हैं, भड़का रहे हैं। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने रविवार को कटनी जिला कार्यालय में मीडिया से चर्चा के दौरान कही।

शर्मा ने कहा कि कांग्रेस तो कुछ भी कह सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस डूबता हुआ जहाज है और उसे देश तथा मध्यप्रदेश की जनता अच्छी तरह समझ चुकी है। प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा एक दिवसीय प्रवास पर रविवार को कटनी पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया।

कार्यकारिणी का गठन जल्द

प्रदेश अध्यक्ष और कटनी-खजुराहो सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि भाजपा कार्यकारिणी के इंतजार की घड़ियां समाप्त होने जा रही हैं। जल्द ही एक अच्छी और परिपूर्ण कार्यसमिति की घोषणा की जाएगी। श्री शर्मा ने कटनी में मेडिकल कॉलेज एवं बरही में कृषि कॉलेज खोले जाने संबंधी मांगों के संबंध में कहा कि इन दोनों की कॉलेजों की इस क्षेत्र में आवश्यकता है। इनके लिए पूरी गंभीरता से प्रयास किए जा रहे हैं और जहां भी जरूरत होगी, मैं इनके संबंध में अपनी बात पूरी गंभीरता से रखूंगा।

जगह-जगह हुआ प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत

                कटनी पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा का नगर में अभूतपूर्व स्वागत किया गया। उमरिया एयर स्ट्रिप पर कटनी से पहुंचे भाजपाजनों ने प्रदेश अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया। यहां से सड़क मार्ग से कटनी पहुंचे श्री शर्मा का बायपास, दुर्गा चौक खिरहनी, ओवर ब्रिज, थाना तिराहा मिशन चौक, बरगवां में कार्यकर्ताओं ने स्वागत जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री रामरतन पायल, विधायक श्री संजय सत्येंद्र पाठक, श्री संदीप जायसवाल श्री प्रणय पांडे, पूर्व महापौर शशांक श्रीवास्तव, पूर्व विधायक श्रीमती अलका जैन, पूर्व जिलाध्यक्ष श्री पीताम्बर टोपनानी, भाजयुमो जिला अध्यक्ष श्री मृदुल द्विवेदी, चेतन हिंदुजा आदि भाजपा नेता उपस्थित थे।

निकाय चुनावों में जीत के लिए तन्मयता से जुटा जाएं कार्यकर्ताः शर्मा

                भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी कैडर बेस्ड पार्टी है जिसमें कार्यकर्ता ही सर्वोपरि होता है। कार्यकर्ताओं के समक्ष सदैव नए दायित्व होते हैं जिनके निर्वहन हेतु भाजपा कार्यकर्ता सदैव तत्पर होता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के समक्ष अब निकाय चुनाव की चुनौती आने वाली है, जिससे मुकाबले के लिए समस्त कार्यकर्ता तन्मयता के साथ जुटें। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता मेहनती, लगनशील तथा कर्मठ है। कोरोना काल में जिस ढंग से कार्यकर्ताओं ने सामाजिक दायित्व का निर्वहन किया, वह एक मिसाल है। निःसंदेह हमारे कार्यकर्ता निकाय चुनावों में मेहनत कर न सिर्फ कटनी मेयर वरन सभी वार्डों में भाजपा की जीत का परचम लहराएंगे।

कार्यकर्ताओं के संपर्क में रहें मण्डल अध्यक्ष

                प्रदेश अध्यक्ष ने कटनी जिले के समस्त मण्डल अध्यक्षों की बैठक में कहा कि प्रत्येक मण्डल अध्यक्ष कार्यकर्ताओं के सम्पर्क में रहे। उन्होंने कहा कि सभी मंडल अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी की केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का न सिर्फ प्रचार प्रसार करें,  वरन उनका लाभ अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए भी सदैव सक्रिय रहें।

स्व. राजेश जैन के परिवार को दी सांत्वना

                प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कटनी पहुंचकर भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय मंत्री तथा समाजसेवी स्व. राजेश जैन के सिविल लाइन स्थित निवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। श्री शर्मा ने पीड़ितों परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए उन्हें सांत्वना दी। श्री जैन का गत दिनों एक सड़क दुर्घटना में निधन हो गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today