नए साल में देश और प्रदेश में बनाएंगे सुशासन का नया इतिहासः विष्णुदत्त

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने प्रदेश की साढ़े सात करोड़ जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं को वर्ष 2021 के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 में भाजपा की सरकार और संगठन तंत्र को मजबूती तथा गति देने का काम सब मिलजुलकर करेंगे। गरीबों, नौजवानों, महिलाओं समेत समाज के हर वर्ग को सुशासन देने का जो सपना पं. दीनदयाल उपाध्याय जी और स्व. अटलबिहारी वाजपेयी जी ने संजोया था, भाजपा की सरकारें उसे साकार करने का काम कर रही हैं। नए साल में इस काम को और गति प्रदान करने का प्रयास करेंगे। 

शर्मा ने आशा जताई कि वर्ष 2021 में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में देश और प्रदेश नई ऊंचाईयों को छुएंगे तथा गुड गवर्नेंस के क्षेत्र में नया इतिहास बनाएंगे।

बीते वर्ष में पूरी हुई वर्षों पुरानी उम्मीदें

                प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि पिछला वर्ष 2020 कई बातों के लिए जाना जायेगा। कश्मीर से धारा 370 की समाप्ति के जिस विचार से भारतीय जनता पार्टी बनी और जिसके लिए डॉ. मुखर्जी जैसे नेता ने बलिदान दिया, उस धारा 370 को संसद ने हटा दिया। प्रधानमंत्री श्री मोदी की सरकार ने नागरिकता संशोधन कानून बनाकर अफगानिस्तान, पाकिस्तान, बांग्लादेश में धार्मिक आधार पर प्रताड़ित हो रहे अल्पसंख्यकों की तकलीफों का अंत किया। तीन तलाक की कुप्रथा को खत्म करके केन्द्र सरकार ने इतिहास बनाया है। वहीं,  करोड़ों भारतवासी विगत 500 वर्षों से प्रभु राम की जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण का जो सपना संजाये हुए थे, उस राम मंदिर के लिए शिलान्यास भी प्रधानमंत्री श्री मोदी ने बीते वर्ष में किया।

चुनौतियों को अवसर में बदला

                श्री शर्मा ने कहा कि पिछले वर्ष हमने कोविड 19 जैसी चुनौती का सामना किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी,  मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में देश और प्रदेश के लोगों ने जिस गंभीरता के साथ इस महामारी का मुकाबला किया और इससे उबरने का प्रयास किया, वह सराहनीय है। श्री शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी किसी भी प्रकार की चुनौती को अवसर में बदलना जानती है। कोविड 19 जैसे संकट की चुनौती को प्रधानमंत्री जी ने स्वीकार किया और इस चुनौती में छुपे अवसर को पहचानते हुए आत्मनिर्भर भारत का संकल्प लिया और इसकी शुरुआत भी कर दी। श्री शर्मा ने आशा जताई कि आने वाले साल में देश तेजी से आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ाएगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today