जनसमस्याओं के समाधान का केन्द्र बने जिला कार्यालय

कार्यालय भवन की आत्मा उसका कार्यकर्ता होता है। भोपाल जिले का यह कार्यालय सजीव और जीवंत है। इस कार्यालय से कई कार्यकर्ताओं की स्मृतियां जुड़ी हुई है। संघर्ष के समय का यह कार्यालय साक्षी रहा है। आज पंच से प्रधानमंत्री तक भारतीय जनता पार्टी है। इस अनुकूल समय में भारतीय जनता पार्टी का बूथ स्तर तक विस्तार करना हर कार्यकर्ता का कर्त्तव्य है। भोपाल जिले का यह कार्यालय कार्यकर्ताओं के काम का केन्द्र बने जनता को जब भी तकलीफ हो तो यहां आकर उन्हें समाधान मिले। यह कार्यालय केन्द्र और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को क्रियान्वित करवाने का केन्द्र बने।

यह बात मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने शुक्रवार को भोपाल जिले के नवनिर्मित कार्यालय भवन का लोकार्पण करते हुए कही। मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष ने अपने उदबोधन के दौरान कार्यालय भवन से जुड़ी पुरानी स्मृतियां भी कार्यकर्ताओं से सांझा की।

                भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटलबिहारी वाजपेयी जी की जयंती पर शुक्रवार को मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत एवं सह संगठन महामंत्री श्री हितानंद शर्मा ने भोपाल जिले के जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में अग्रसेन चौराहा स्थित पार्टी के नवनिर्मित जिला कार्यालय (अटल भवन) का लोकार्पण किया। लोकार्पण कार्यक्रम के पूर्व अतिथियों ने पूर्व प्रधानमंत्री अटलजी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर केन्द्रित चित्र प्रदर्शनी का उदघाटन किया।

कई कार्यकर्ताओं ने दिन रात परिश्रम करके भाजपा को इस मुकाम पर पहुंचाया

                श्री शिवराजसिंह चौहान ने उदबोधन में कार्यालय से जुड़ी यादें ताजा करते हुए कहा कि 42 साल में काफी कुछ बदल गया है। मैं विद्यार्थी परिषद में पूर्णकालिक कार्यकर्ता था। साइकिल से पूरा भोपाल घूमता था। एक दिन साइकिल चोरी हो गयी। बाद में बडी मुश्किल से मिली। बहुत कठिनाईयों से काम खडा हुआ है। उन्होंने अटलजी का स्मरण करते हुए कहा कि अटलजी ऐसे ही प्रधानमंत्री नहीं बने। एक जमाना था जब अटलजी स्कूटर पर बैठकर पेटी लेकर आते थे और यहां ठहरते थे। कुशाभाऊ ठाकरे जी, प्यारेलाल खण्डेलवाल जी, नाना साहब जी, कैलाश सारंग जी कितने ही कार्यकर्ता खप गए। दिन रात मेहनत और परिश्रम करके भारतीय जनता पार्टी को आज इस मुकाम पर पहुंचाया है। हमारा लक्ष्य जनता का कल्याण, समाज के हर वर्ग की सेवा करना है। हम गरीबों की आंखों में आंसू नहीं रहने देंगे, उसके चेहरे पर मुस्कुराहट लाकर ही चैन की सांस लेंगे।

कार्यालय के माध्यम से काम करते हुए सर्वश्रेष्ठ और आदर्श संगठन बनायेंगे

                श्री चौहान ने कहा कि पिछले डेढ़ साल कांग्रेस की सरकार थी। कांग्रेस और कोरोना ने मध्यप्रदेश को बर्बाद कर दिया। सारी जनकल्याणकारी योजनाएं बंद कर दी। सौभाग्य से आज फिर सत्ता हमारे हाथों में है। हमारा उद्देश्य सत्ता का सुख भोगने का नहीं है। यह सरकार इसलिए है कि आम आदमी की जिन्दगी बदल दें। हम नए मध्यप्रदेश के साथ नया भोपाल भी गढेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को नीचे तक लागू करवाना कार्यकर्ता का काम है। गुड गर्वेंनस के तहत बिना लिए दिए जनता को लाभ सुनिश्चित करवाना हमारा लक्ष्य होगा। सुशासन में माफियाओं, गुंडों, दादाओं की नहीं चलेगी। सारे माफियाओं को कूचलकर, आर्थिक कमर तोड़कर तबाह कर दिए जायेंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का काम हर वार्ड, घर, मोहल्ले, गली में फैलाने की आवश्यकता है। जिससे अटलजी के सपनें को साकार कर सके। मध्यप्रदेश में भोपाल संगठन को इस कार्यालय के माध्यम से काम करते हुए सर्वश्रेष्ठ और आदर्श संगठन बनायेंगे।

कार्यालय कार्यकर्ताओं के संस्कार का केन्द्र : विष्णुदत्त शर्मा

                श्री विष्णुदत्त शर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि यह कार्यालय संघर्ष के समय जिस गति के साथ चला, आज पार्षद से लेकर सीएम तक भाजपा के हैं। आज हमारे पास काम करने की अनुकूलता है। भोपाल के प्रत्येक बूथ तक भाजपा को मजबूत करने का काम हमें करना है। उन्होंने कहा कि इस कार्यालय से कई पुराने कार्यकर्ताओं की स्मृतियां जुड़ी हुई है। यह कार्यालय काम का केन्द्र और कार्यकर्ताओं के लिए संस्कार का केन्द्र बनें। इस कार्यालय ने कई कार्यकर्ताओं को तैयार किया है। मध्यप्रदेश के गौरव मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान भी इसी कार्यालय में रहे हैं। यह कार्यालय कार्यकर्ताओं की आस्था का केन्द्र है।

सरकार और संगठन मध्यप्रदेश को आगे ले जाने के लिए काम कर रही है

                श्री शर्मा ने कहा कि देश में भारतीय जनता पार्टी को अंदर खड़ा करने का काम श्रद्धेय अटलजी ने किया है। उन्होंने सुशासन का मॉडल देश की जनता को दिया। पिछले 15 वर्षों से मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान गुड गर्वेंनस पर काम कर रहे हैं। गांव, गरीब और किसान के लिए हमारी सरकारें लगातार काम कर रही है। आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने देश के 9 करोड़ किसानों के खाते में 18 हजार करोड़ की राशि डाली है। हमारी सरकार और संगठन मध्यप्रदेश को आगे ले जाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले नगरीय निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ऐतिहासिक विजय प्राप्त करे, यह संकल्प लेकर भोपाल के हर बूथ को सशक्त बनाएं।

ढोल, नगाड़ों के साथ हर बूथ से पहुंचे कार्यकर्ता

                लोकार्पण कार्यक्रम में भोपाल जिले के प्रत्येक वार्ड और प्रत्येक बूथ से कार्यकर्ता शामिल हुए। युवा कार्यकर्ताओं की टोली ढोल, नगाड़ों के साथ अपने बूथ से निकलकर कार्यक्रम में शामिल हुई। बडी संख्या में मातृशक्ति भी उपस्थित थी। कार्यक्रम की शुरूआत में 11 पंडितों ने स्वस्ति वाचन किया। जिसके पश्चात अतिथियों ने दीप प्रज्जवलन एवं महापुरूषों के चित्र पर माल्यार्पण किया। जिलाध्यक्ष श्री सुमित पचौरी ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने स्वागत भाषण में कहा कि कई कार्यकर्ताओं के मेहनत और परिश्रम से इस कार्यालय का निर्माण हुआ है। यह कार्यालय आस्था का केन्द्र है। कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष श्री आलोक शर्मा का अतिथियों ने अभिनंदन किया।

                इस अवसर पर वरिष्ठ नेता व पूर्व सांसद श्री रघुनंदन शर्मा, प्रोटेम स्पीकर श्री रामेश्वर शर्मा, प्रदेश महामंत्री श्री भगवानदास सबनानी, श्री रणवीर सिंह रावत, प्रदेश शासन के मंत्री श्री विश्वास सारंग, प्रदेश मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर, पूर्व मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता, प्रदेश प्रवक्ता श्री आलोक संजर, श्री सत्यार्थ अग्रवाल, श्री अनिल अग्रवाल, श्री अशोक सैनी, श्री सुधीर जाचक, श्री राम बंसल, श्री राजेन्द्र गुप्ता, श्री जगदीश यादव, श्री सुनील यादव, श्री सतीश विश्वकर्मा, श्री कृष्णमोहन सोनी, श्री संजय वर्मा, श्री मनोज राठोर, श्रीमती मालती राय, श्रीमती वंदना जाचक, श्री हरदीप सिंह लब्बू, श्री प्रमोद शर्मा, श्री महेश जोशी, श्री बालिस्ता रावत सहित भोपाल के हर बूथ से कार्यकर्ता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today