उन्होंने किसान को बर्बाद किया, हमने कल्याण की शपथ ली है: शिवराज

जिन कांग्रेसियों ने अपने शासन के दौरान 75 सालों में किसानों के लिए कुछ नहीं किया, कर्जमाफी के नाम पर उन्हें सरेआम धोखा दिया, उनका मुआवजा खा गए और राहत के तौर पर कभी एक धेला नहीं दिया, आज वो खुद को किसानों का समर्थक और सबसे बड़ा शुभचिंतक बता रहे हैं। कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हैं। हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कृषि कानूनों के जरिये किसानों को उनकी उपज का मूल्य तय करने का अधिकार दिया है, उन्हें सशक्त बनाया है। वो विपक्षी लोग जो मैदान में मोदी जी मुकाबला नहीं कर सकते, किसानों को गुमराह करके उन्हें भड़का रहे हैं।

यह बात मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं कृषि मंत्री कमल पटेल ने मंगलवार को भेल दशहरा मैदान में आयोजित भोपाल एवं नर्मदापुरम संभाग के किसान सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। सम्मेलन में उपस्थित हजारों किसानों ने हाथ उठाकर कृषि कानूनों और मोदी सरकार का समर्थन किया तथा दलालों के हाथों में खेल रहे उन लोगों के खिलाफ नारेबाजी की, जो इन कानूनों का विरोध कर रहे हैं।

जिन्होंने किसानों को ठगा, वो किसान समर्थक बन रहे हैं : शिवराजसिंह चौहान
मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने किसान सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि कमलनाथ मुझे किसान विरोधी कह रहे हैं। मैं किसान भाईयों से पूछना चाहता हूं कि कभी कमलनाथ के मुख्यमंत्री रहते आपके खाते में एक रुपया भी आया था क्या? चौहान ने कहा कि जिन कांग्रेसियों ने किसानों को कर्जमाफी के नाम पर सरेआम ठगा, झूठे प्रमाण पत्र बांट दिये, उन्हें डिफाल्टर बना दिया और मुआवजे का एक पैसा नहीं दिया, वो अब खुद को किसानों का समर्थक बता रहे हैं। हमें किसान विरोधी कह रहे हैं। चौहान ने कहा कि जैसे ही प्रदेश में हमारी सरकार बनी, हमने फसल बीमा योजना के 2200 करोड़ रुपये की प्रीमियम जमा की, जिसे कमलनाथ सरकार खा गई थी। हमने 2019-20 की भी प्रीमियम जमा की, जिसके बाद 4800 करोड़ रुपये किसानों के खातों में आए। कमलनाथ सरकार ने हमारी शून्य प्रतिशत ब्याज पर कर्ज की योजना बंद कर दी थी। श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों को किसान सम्मान निधि के 6000 रुपये देने की घोषणा की, लेकिन कमलनाथ सरकार ने किसानों की सूची नहीं भेजी, अब हमने उसे अपडेट किया है। उन्होंने कहा कि हम प्रदेश सरकार की तरफ से 4000 रुपये किसानों को और दे रहे हैं। इसी महीने 18 तारीख को फिर 1600 करोड़ रुपये किसानों के खातों में डाले जाएंगे। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार जल्द ही प्रदेश की 24000 हैक्टेयर अतिरिक्त भूमि को सिंचित बनाने जा रही है, जिसकी योजना तैयार है।
मैदान में मोदी जी का मुकाबला नहीं कर सकते कांग्रेसी
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि कृषि कानूनों का विरोध कर रहे कांग्रेसी मैदान में मोदी का मुकाबला नहीं कर सकते। मोदी को गालियां देने वाले इन कांग्रेसियों ने किसानों को कुछ नहीं दिया। चौहान ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री श्री मोदी जी ने किसानों की बेहतरी के लिए अल्पकालीन योजना बनाई और लागू की। उन्होंने खेती की लागत कम करने के उपाय किए, किसानों के स्वाइल हेल्थ कॉर्ड बनवाए। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके, इसकी व्यवस्था की। हमारे प्रधानमंत्री जी ने किसानों के नुकसान की भरपाई के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू की। लेकिन मैदान में मात खाने वाले कांग्रेसी अब कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हैं और खुद को किसानों का समर्थक बता रहे हैं।
किसान को भी मिलना चाहिए उपज का दाम तय करने का अधिकारः विष्णुदत्त शर्मा
सम्मेलन में उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने किसानों के लिए ऐसे कानून बनाए, जिससे देश के किसान समृद्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार खेती को लाभ का धंधा बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। श्री शर्मा ने कहा कि आजादी के 75 वर्ष बाद भी कांग्रेस ने कभी किसानों की चिंता नहीं की। उन्होंने कहा कि जब कोई व्यापारी अपना प्रोडक्ट बनाता है तो उसका मूल्य खुद तय करता है। कोई कलाकार अगर मूर्ति बनाता है तो उसका मूल्य भी वह स्वयं तय करता है। लोकतंत्र में संवैधानिक तौर पर सबको अधिकार हैं। इसलिए जब कोई किसान खून पसीना बहाकर फसल उगाता है, तो उसे भी अपनी फसल का मूल्य तय करने का अधिकार मिलना चाहिए। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कृषि बिल के माध्यम से किसानों को अपनी उपज का मूल्य तय करने, उसे कहीं भी बेचने का अधिकार दिया है।
वामपंथी और कांग्रेस कर रहे किसानों को भ्रमित
श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने किसानों को अधिकार संपन्न बनाया है, जो काम कांग्रेस कभी नहीं कर पाई। श्री नरेन्द्र मोदी जी ने किसानों को उनका हक दिलाया, लेकिन दुर्भाग्य है कि कुछ वामपंथी और कांग्रेस के नेता जो हमेशा से देश के विरोध में खड़े रहते हैं, वो किसान आंदोलन के नाम पर किसानों को भड़काने का प्रयास कर रहे है। उन्होंने कहा कि किसानों को गुमराह किया जा रहा है कि एमएसपी खत्म हो जायेगी, कृषि उपज मंडियां बंद हो जायेगी। जबकि सरकार ने स्पष्ट तौर पर यह कहा है कि कृषि कानूनों में कहीं भी यह प्रावधान नहीं है कि किसानों की एमएसपी खत्म हो। किसानों की एमएसपी मिलती थी और हमेशा मिलती रहेगी। अब किसानों के पास अपनी उपज बेचने के कई विकल्प होंगे। उन्होंने कहा कि नए कानून से बिचौलिए खत्म होंगे।
कांग्रेस के नेता-कार्यकर्ता कन्फ्यूज, किसानों को भी कर रहे भ्रमित : कमल पटेल
सम्मेलन को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री श्री कमल पटेल ने कहा कि कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता कन्फ्यूज हैं, इसलिए वो किसानों को भी भ्रमित कर रहे हैं। लेकिन किसान भाइयों को कन्फ्यूज होने की आवश्यकता नहीं है। कृषि क्षेत्र में आमूल-चूल परिवर्तन लाने के लिए केन्द्र सरकार कृषि संशोधन कानून लेकर आयी है। इस कानून से किसानों को न्याय मिलेगा और उनको आर्थिक आजादी मिलेगी। उन्होंने कहा कि गांव-गांव जाएं, हर चौपाल पर किसान भाई कृषि कानून के लाभ बताएं। उन्हें बताएं कि इन कानूनों से भारत शक्तिशाली, वैभवशाली और समृद्धशाली बनेगा। ये कानून गांव की तकदीर और तस्वीर बदलने वाले हैं। श्री पटेल ने कहा कि आजादी के 70 साल तक कांग्रेस ने बिचौलियों से मुक्ति के लिए कुछ नहीं किया, लेकिन अब किसानों को उनसे मुक्ति मिल रही है, तो उसमें भी कांग्रेसियों के पेट में दर्द हो रहा है। कृषि मंत्री ने प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना के माध्यम से 75 साल बाद प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने गांवों को आजादी दी है।
सैकडों किसानों ने नारे लगाकर कहा हम मोदी जी के साथ
सम्मेलन में अपने संबोधन में शिवराजसिंह चौहान एवं विष्णुदत्त शर्मा ने किसानों को कृषि संशोधन कानून के बारे में बताते हुए समर्थन मांगा तो कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित सैकड़ों किसानों ने ‘‘किसान कानून लागू करो हम तुम्हारे साथ है ’’मोदी जी संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ है’’ के नारे लगाते हुए खडे होकर अपना समर्थन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश और प्रदेश के किसान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ और कृषि कानून के साथ है। प्रदेश अध्यक्ष ने नए कृषि कानून की सच्चाई हर चौपाल तक पहुंचाने की बात कही। कई जिलों से युवा किसान और महिला किसान भी सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे।
वरिष्ठ नेता श्री सरताज सिंह भाजपा में शामिल
सम्मेलन के दौरान पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ नेता श्री सरताज सिंह ने भारतीय जनता पार्टी में वापसी की। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने श्री सरताज सिंह का पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र पहनाकर भाजपा परिवार में स्वागत किया। पार्टी के भोपाल जिलाध्यक्ष श्री सुमित पचौरी एवं ग्रामीण अध्यक्ष श्री केदार मंडलोई ने उपस्थित अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। इस अवसर पर प्रदेश सह संगठन महामंत्री श्री हितानंद शर्मा, प्रदेश महामंत्री श्री भगवानदास सबनानी, प्रदेश मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर, प्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग, प्रभुराम चौधरी, सांसद सुश्री प्रज्ञा सिंह ठाकुर, रमाकांत भार्गव, दुर्गादास उइके, रोडमल नागर, प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा, सीताशरण शर्मा, सुरेन्द्र पटवा, करणसिंह वर्मा सहित होशंगाबाद-नर्मदापुरम और भोपाल संभाग के विधायकगण, जिलाध्यक्ष, वरिष्ठ पदाधिकारी मंचासीन थे। कार्यक्रम का संचालन विधायक विष्णु खत्री एवं आभार पूर्व मंत्री रामपाल सिंह ने माना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today