शिक्षार्थ आइये-सेवार्थ जाइये, हमेशा‍ विद्यार्थी रहिये: मंत्री डॉ. मिश्रा

जीवन में सफलता के लिये सदैव विद्यार्थी बने रहना आवश्यक है। सेवा में सदैव वाणी पर संयम रखें। दृढ़ इच्छाशक्ति रखें। अनुभव का कोई सानी नहीं। स्वयं का सदैव आंकलन करते रहें। यह बात गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने  पुलिस अकादमी भौंरी में आयोजित 39 वें, 40 वें और 41 वें बैच के उप पुलिस अधीक्षकों के संयुक्त दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कही।

समारोह से प्रदेश को 128 नये पुलिस अधिकारी मिले। समारोह में प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 36 अधिकारियों को पुरस्कृत किया गया, इनमें 19 महिला अधिकारी हैं। महिला अधिकारियों ने 39 वें एवं 40 वें बैच में ओवरऑल परफॉरमेंस में प्रथम स्थान प्राप्त किया। पुरस्कृत अधिकारियों के अतिरिक्त शेष अधिकारी अपने-अपने जिलों से यू-ट्यूब लाइव के माध्यम से समारोह में वर्चुअली सम्मिलित हुए। 

गृह मंत्री डॉ. मिश्रा ने कहा कि सेवा के दौरान अपने मन को सदैव मजबूत रखें। उन्होंने कहा कि जब मन कमजोर होता है तो समस्याएँ आती हैं, जब मन स्थिर होता है तो चुनौती होती है, लेकिन जब मन मजबूत होता है तो मुसीबतों में से अवसर निकलकर आते हैं। आप सभी अकादमी में शिक्षित भी हुए और प्रशिक्षित भी बावजूद इसके अनुभव से बड़ा गुरू कोई नहीं है। मंत्री डॉ. मिश्रा ने कहा कि आप एक महत्वपूर्ण पद पर अपनी सेवाएँ देने जा रहे हैं, सदैव स्मरण रहे विश्व में क्रांति, भ्रांति और शांति वाणी से ही हुई है। कार्यक्षेत्र में आपकी वाणी आपकी सफलता का निर्धारण करेगी। मंत्री डॉ. मिश्रा ने कहा कि आपकी दृष्टि अच्छी होती है तो आपको दुनिया अच्छी लगती है, लेकिन जब आपकी वाणी अच्छी होगी, आपके शब्द बेहतर होंगे तो दुनिया को आप अच्छे लगेंगे। स्वयं का बेहतर आंकलन करें। समाज से सीखकर अनुभवी बनें और विभाग को बेहतर कार्य संपादित कर गौरवान्वित करें। 

चुनौतियों का सामना कर सफल होंगे-डीजीपी श्री जौहरी

संयुक्त दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस महानिदेशक श्री विवेक जौहरी ने कहा कि प्रशिक्षण आपको चुनौतियों से मुकाबले के लिए तैयार कर चुका है। बदला हुआ समय चुनौतीपूर्ण है। अपराध के तरीके बदल गए हैं, इसलिए स्वयं को सजग, अपडेट रखते हुए देशभक्ति-जनसेवा के नवीन प्रतिमान स्थापित करें। उन्होंने कहा कि नव प्रशिक्षित उप पुलिस अधीक्षक चुनौतियों का सामना कर सफल होंगे। विशेष पुलिस महानिदेशक श्रीमती अरूणा मोहन राव ने बधाई तथा शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि सभी ने प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। यह सेवा के दौरान आगे बढ़ने में सहायक होगा। उप निदेशक अकादमी श्री विनीत कपूर ने स्वागत उद्बोधन में प्रशिक्षुओं तथा प्रशिक्षण की जानकारी प्रदान की। अतिथियों का स्वागत तुलसी का पौधा भेंट कर किया गया। कार्यक्रम का संचालन एएसपी श्री नीरज पाण्डे ने किया।

महिला उप पुलिस अधीक्षकों ने किया बेहतर प्रदर्शन

 समारोह में बताया गया कि तीनों बैच के 128 उप पुलिस अधीक्षक में 56 महिला पुलिस अधिकारी है। पुरस्‍कृत अधिकारियों में 36 में से 19 महिला पुलिस अधिकारी हैं। 39 वें बैच की ओवर ऑल प्रथम स्‍थान सुश्री ऋचा जैन तथा द्वि‍तीय स्‍थान सुश्री प्रिया सिंह, 40 वें बैच की ओवरऑल प्रथम स्‍थान सुश्री यशस्‍वी शिंदे तथा द्वि‍तीय स्‍थान सुश्री अनुरक्ति साबनानी तथा 41 वें बैच के ओवरऑल प्रथम स्‍थान श्री पराग सैनी एवं द्वि‍तीय स्‍थान श्री विवेक कुमार शर्मा रहे।

      39 वें बैच की सुश्री प्रिया सिंह, सुश्री प्रियंका पाण्‍डे, सुश्री आकांक्षा उपाध्‍याय, सुश्री ऋचा जैन, श्री आदित्‍य राज ठाकुर, श्री ओम प्रकाश मिश्रा, सुश्री सोनाली गुप्‍ता, सुश्री रूबीना मिजवानी, श्री शशांक सिंह गुर्जर, 40 वें बैच की सुश्री यशस्‍वी शिंदे, सुश्री आकांक्षा जैन, श्री केतन अर्गल, श्री नवीन तिवारी, सुश्री अनुरक्ति सबनानी, सुश्री ख्‍याति मिश्रा, श्री आशुतोष पटेल, श्री संतोष पटेल तथा 41 वें बैच की सुश्री दीपा माण्‍डवे, श्री राहुल खरे, सुश्री अंजलि रघुवंशी, श्री अभिषेक गौतम, सुश्री पल्‍लवी गौर, श्री अक्षय चौधरी, सुश्री गायत्री तिवारी, श्री दीपक तोमर को भी पुरस्‍कृत किया गया। 

प्रशिक्षक के रूप में एडिशनल एसपी श्रीमती रश्मि पाण्डे, श्री संदीप भूरिया, सेवानिवृत्त अधिकारी श्री वीरेंद्र सिंह गुर्जर और निरीक्षक चौधरी मदनमोहन समर को भी विशिष्ट सम्मान से सम्मानित किया गया। समारोह में पुलिस अकादमी निदेशक एवं एडीजी (प्रशिक्षण) श्रीमती अनुराधा शंकर सिंह, लोकायुक्त एडीजी श्री के.टी.वाइफे, एडीजी श्री अशोक अवस्थी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today