ईवीएम पर दिग्विजय के आरोप बता रहे हैं, क्लीनस्वीप करेगी भाजपा: विष्णु दत्त

अभी तक मतदान का प्रतिशत अच्छा है। मतदान का ट्रेंड भी कहीं न कहीं भाजपा के पक्ष में दिखाई दे रहा है। और फिर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने ईवीएम में चिप एड होने की आशंका जता दी है। इसका सीधा सा अर्थ है कि उन्होंने अपनी हार स्वीकार कर ली है और उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी क्लीनस्वीप कर रही है। कांग्रेस के जो भी नेता यह कह रहे हैं कि ईवीएम की चिप हाईप्रोसेस की गई है, वे उपचुनाव में अपनी सुनिश्चित हार को देखते हुए उसका ठीकरा ईवीएम पर फोड़ने की तैयारी कर रहे हैं, हार के लिए कुछ नया बहाना ढूंढ रहे हैं।

यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने मंगलवार को मीडिया से चर्चा के दौरान कही। शर्मा ने कहा कि 15 महीने की कांग्रेस सरकार के दौरान कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने प्रदेश का बंटाढार कर दिया। इन्होंने गरीबों के हक को छीना, परिणामस्वरूप कांग्रेस की सरकार को जाना पड़ा और मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की संवेदनशील सरकार बनी। श्री शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की इस सरकार को स्थायित्व प्रदान करने, प्रदेश को बचाने और गरीब कल्याण के लिए पार्टी के कार्यकर्ताओं ने इस उपचुनाव में अथक मेहनत की है। पार्टी के कार्यकर्ता सभी 28 सीटों पर लगातार बूथों की मॉनीटरिंग करते रहे और सारी चीजों को संभाला। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भी यही चाहती है कि भाजपा की सरकार रहे और आज जिस तरह से जनता से मतदान किया है, उससे यह साफ दिखाई दे रहा है कि प्रदेश की जनता ने अपना मन बना लिया है।
हिंसा पर उतरे बौखलाए कांग्रेसी
श्री शर्मा ने कहा कि अपनी आसन्न हार को देखकर कांग्रेसी नेता बौखला गए हैं। कांग्रेस के लोग पहले दिन से ही गुंडागर्दी करने पर उतारू हैं। उन्होंने हाटपिपल्या में पार्टी प्रत्याशी के भाई पर हमला किया, ग्वालियर में पार्टी प्रत्याशी श्री प्रद्युम्नसिंह तोमर पर हमला किया गया। कमलनाथ व दिग्विजयसिंह इसी रणनीति में लगे रहे कि किस प्रकार से धनबल और बाहुबल के आधार पर चुनाव को प्रभावित किया जाए। किंतु हर बूथ पर सक्रिय और सक्षम कार्यकर्ताओं के होते हुए इन लोगों की दाल नहीं गल पा रही है। श्री शर्मा ने कहा कि यह उपचुनाव प्रदेश के लिए ऐतिहासिक चुनाव बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today