प्रदेश की खुशहाली और विकास के लिए भाजपा का साथ दें:विजयवर्गीय

केन्द्र में मोदीजी की सरकार एवं प्रदेश में शिवराज सिंह की सरकार विकास के काम कर रही हैं। भाजपा ने जो संकल्प लिये,  वो पूरा किये। जनसंघ की स्थापना के साथ हमने एक देश में दो विधान और दो निशान का विरोध किया था। हमारी पूर्ण बहुमत वाली सरकार नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में बनी और हमारी सरकार ने 370 को समाप्त कर दिया। अब कश्मीर की हर पंचायत पर तिरंगा लहरा रहा है।

यह बात शनिवार को पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने पार्टी प्रत्याशी श्री नारायण पटेल के समर्थन में मांधाता विधानसभा के ओंकारेश्वर में रोड शो व सभाओं को संबोधित करते हुए कही।

कन्यादान का पैसा डकार गए कमलनाथ

                श्री विजयवर्गीय ने कहा कि रामलला हम आयेंगे मंदिर वहीं बनायेंगे, यह नारा हमने दिया था। तारीख कब बतायेंगे का सवाल करने वाले दिग्विजयसिंह को मैं आज ही पीले चावल देकर आमंत्रित करता हूं कि तीन साल में प्राण प्रतिष्ठा रामलला की हो जाएगी। आप सभी रामलला के दर्शन करने पहुंचें। उन्होंने शिवराज सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की तारीफ करते हुए कहा कि श्री शिवराज सिंह चौहान ने पांच लाख से ज्यादा कन्याओं का विवाह मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में करवाया। हमको यह कहते हुए शर्म आती है कि कमलनाथ सरकार कन्यादान का पैसा भी डकार गई। कमलनाथ सरकार में विकास का पहिया थम गया था। 15 सालों तक सत्ता से बाहर रहे कांग्रेसी नेता कमलनाथ सरकार में ट्रांसफर उद्योग से खूब फले फूले।

कमलनाथ सरकार ने हर वर्ग के साथ की गद्दारी

                राष्ट्रीय महामंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय कहा कि भारतीय संस्कृति के इस देश में माता-बहनों को देवी और सरस्वती माना जाता है, हम कन्याओं की पूजा करते हैं,  लेकिन कमलनाथ महिलाओं के प्रति अभद्र टिप्पणी करते हैं। क्या महिलाओं का अपमान करने वाला नेता मुख्यमंत्री के लायक है? यह आपको सोचना है। श्री विजयवर्गीय ने कहा कि 15 माह तक अपनी लंगड़ी सरकार के माध्यम से कमलनाथ ने प्रदेश का विकास तो नहीं किया, विनाश जरूर किया। जिस वल्लभ भवन में प्रदेश के विकास की इबारत लिखी जाती है, वहां बैठकर कमलनाथ ने ट्रांसफर उद्योग चालू कर दिया। कमलनाथ सरकार ने दो लाख का कर्ज माफ नहीं करके किसानों के साथ छल किया है। बेरोजगारों को चार हजार बेरोजगारी भत्ता नहीं देकर कमलनाथ सरकार ने गद्दारी की। श्री विजयवर्गीय ने प्रदेश की खुशहाली और विकास तथा प्रदेश को सक्षम बनाने के लिए भाजपा को वोट देने की अपील की।

रोड शो में हुआ जोरदार स्वागत

                भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय शनिवार ओंकारेश्वर पहुंचे। तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर में नरसिंह टेकरी पर साधु संतों का सम्मान कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके उपरांत उन्होंने रोड शो के माध्यम से क्षेत्र के मतदाताओं से भाजपा को जिता कर क्षेत्र में कमल खिलाकर नारायण पटेल को विजयश्री दिलाने का अनुरोध किया। विजयवर्गीय ने प्रातः 11 बजे से दोपहर 1.00 बजे तक ओंकारेश्वर में रोड शो व सभाओं को संबोधित किया। इसके पश्चात वे पुनासा, बीड़ और मूंदी पहुंचे। यहां भी रोड शो के माध्यम से मतदाताओं से भाजपा के लिए आशीर्वाद मांगा। रोड शो के दौरान विशेष वाहन पर सवार श्री विजयवर्गीय एवं भाजपा नेताओं का जगह-जगह स्वागत व पुष्पवर्षा की गई।

                ओंकारेश्वर में रोड शो दौरान जिला अध्यक्ष श्री सेवादास पटेल, श्री जसवंतसिंह हाड़ा, विधायक श्री संजय शाह, राजा साहब राव पुष्पेन्द्र सिंह, पूर्व विधायक श्री राजकुमार मेव, श्री नरेन्द्रसिंह तोमर, प्रवक्ता सुनील जैन सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति व युवा कार्यकर्ता शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today