-
दुनिया
-
Indian क्रिकेट के सूरमाओं का सरेंडर, Super 8 के पहले मैच में करारी हार
-
अमेरिकी TRADE DEAL के खिलाफ INC आंदोलन की तैयारी, RAHUL GANDHI व खड़गे की उपस्थिति में BHOPAL में पहला किसान सम्मेलन
-
फिर Political माहौल की गर्मा गरमी के बीच बेतुका फैसला, MP कांग्रेस के प्रवक्ताओं की छुट्टी
-
आमिर, सलमान के प्लेन को उड़ाने वाली MP की पायलट संभवी पाठक महाराष्ट्र के Dy CM के साथ हादसे में मृत
-
MP नगरीय विकास विभाग दागदारः दूषित पानी से बदनाम हुआ स्वच्छ Indore तो Bhopal के स्लाटर हाउस में गौ हत्या
-
ये साधारण उपचुनाव नहीं, प्रदेश को बचाने-जनता के हितों की रक्षा का चुनाव
कांग्रेस की सोच ही विकास विरोधी रही है। 2003 में बनी कांग्रेस की सरकार ने प्रदेश का बंटाढार कर दिया था, तो कमलनाथ सरकार ने वल्लभभवन को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया। कमलनाथ सरकार ने जनहित की सारी योजनाएं बंद कर दीं और विकास को ठप करके प्रदेश को बंटाढार युग की तरफ धकेल दिया। इसलिए ये उपचुनाव साधारण चुनाव नहीं हैं, बल्कि ये प्रदेश को बचाने और प्रदेश की जनता के हितों की रक्षा का चुनाव है। प्रदेश के विकास, हर वर्ग के कल्याण के लिए भाजपा उम्मीदवारों को जिताएं, प्रदेश में भाजपा की सरकार को स्थायी बनाएं, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के हाथ मजबूत करें।
यह आह्वान दिमनी विधानसभा के सिंहोनिया और मुरैना की जनसभाओं में मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा, केंद्रीय मंत्री श्री नरेंद्रसिंह तोमर, पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री उमा भारती और वरिष्ठ नेता श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया।
कांग्रेस सरकार विकास विरोधी थी, भाजपा विकास के लिए ही सत्ता में आई हैः चौहान
सभाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ विकास कार्यों के लिए पैसों का ही रोना रहते थे। लेकिन मैं कहता हूं कि प्रदेश के विकास के लिए खजाना कभी खाली नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार जनता की सेवा और प्रदेश के विकास के लिए ही आई है। लेकिन कांग्रेस अपने एजेंडों के लिए सरकार में आई थी। प्रदेश की जनता के साथ छल-कपट, धोखा, गद्दारी करके इन्होंने सरकार तो बना ली थी, लेकिन वादे पूरे नहीं किए। श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस की सरकार को गिराकर प्रदेशवासियों के कल्याण का काम किया है। श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में 15 माह तक कमलनाथ सरकार रही, लेकिन इन्होंने कोई विकास कार्य नहीं किए। 2003 से पहले मिस्टर बंटाढार ने प्रदेश को बर्बाद करने का काम किया था, तो 15 महीनों में कमलनाथ ने भी प्रदेश को भ्रष्टाचार का गढ़ बना दिया। वल्लभ भवन में बैठकर दिनभर तबादला उद्योग चलता रहता था। उन्होंने कहा कि कमलनाथ ने हमारी योजनाओं को बंद कर दिया। चाहे संबल योजना हो, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना हो, या मेधावी विद्यार्थियों को लेपटॉप देने की योजना, कमलनाथ सरकार ने हर योजना बंद कर दी थी।
जनता का विश्वास टूटने नहीं दूंगा
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मैं अपने प्रदेश की जनता का विश्वास किसी भी हाल में टूटने नहीं दूंगा। उसके विश्वास की पाई-पाई लौटाऊंगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में तो कमलनाथ-कांग्रेस है। प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ, नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ, मुख्यमंत्री बनने की बारी आई तो वो भी कमलनाथ, युवाओं का नेता नकुलनाथ और बाकी कांग्रेस हो गई अनाथ। लेकिन हमारी भारतीय जनता पार्टी संयुक्त है और हम सब मिलकर देश-प्रदेश को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी दिन-रात देश को लेकर सोचते हैं, काम करते हैं तो दूसरी तरफ हमारा नेतृत्व प्रदेश की खुशहाली के लिए काम में लगा हुआ है।
प्रदेश विरोधी, विकास विरोधी रहा है कांग्रेस का चरित्रः नरेंद्रसिंह तोमर
केंद्रीय मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि कांग्रेस का चरित्र जग-जाहिर हो चुका है। कांग्रेस का चरित्र हमेशा से प्रदेश विरोधी, विकास विरोधी ही रहा है। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में 15 माह तक कांग्रेस की सरकार रही तो हर जगह एक ही बात होती थी कि इससे अच्छी तो भारतीय जनता पार्टी की सरकार थी। विकास के कार्य हो रहे थे, लेकिन कांग्रेस की सरकार ने एक भी विकास कार्य नहीं किया। केंद्रीय मंत्री ने कहा इस बार जो चुनाव हो रहे हैं वे कोई आम चुनाव नहीं है, ये चुनाव विशेष परिस्थितियों में हो रहे हैं। इन चुनावों में जात-पांत भूलकर सिर्फ विकास को वोट देना है, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी की सरकार आएगी तो विकास निश्चित है, लेकिन कांग्रेस की सरकार में विकास का कोई कॉलम ही नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लिए देश, देश की जनता और देश का विकास ही सब कुछ है। जब पठानकोट में आतंकी हमला हुआ था तो उन्होंने पाकिस्तान के अंदर घुसकर आतंकियों का सफाया किया था। उन्होंने कहा कि बड़ा परिवर्तन दिमाग से नहीं, बल्कि दिल से होता है और श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जो बड़ा परिवर्तन किया है, वह दिमाग के साथ ही दिल से भी किया है।
आतंकवाद को समर्थन करने वाली कांग्रेस के खिलाफ है यह चुनाव : विष्णुदत्त शर्मा
सभाओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि जिस धारा 370 के कारण पाकिस्तान ने आतंकवाद को बढ़ावा दिया, भारत को अस्थिर करने का प्रयास किया, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह उस धारा 370 की बहाली की मांग करते हैं। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी बताएं कि क्या वे धारा 370 के बहाली के समर्थन में है? उन्होंने कहा कि आतंकवाद से लड़ते हुए सरहद पर तैनात चंबल मुरैना के जवान शहीद होते हैं, सीने पर गोलियां खाते हैं। धारा 370 की बहाली की बात करके कांग्रेस के लोग जवानों की शहादत का अपमान कर रहे हैं। श्री शर्मा ने कहा कि जो आतंकवाद के विरोध में खड़े होते हैं, कांग्रेस के नेता उनके विरोध में खड़े हो जाते हैं। भोपाल में कांग्रेस के विधायक आरिफ मसूद आतंकवाद के समर्थन में धरना प्रदर्शन करते हैं। क्या सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कमलनाथ यह बताएंगे कि आतंकवाद के समर्थन में जो रैली उनके विधायक ने निकाली वे उसका समर्थन करते हैं, या आरिफ मसूद के खिलाफ कार्रवाई करेंगे ? उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आरिफ मसूद के खिलाफ कार्रवाई करके बता दिया कि मध्यप्रदेश में आतंकवाद का समर्थन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि यह चुनाव आतंकवाद का समर्थन करने वाली कांग्रेस के खिलाफ है। श्री शर्मा ने कहा कि यह साधारण चुनाव नहीं है, यह चुनाव प्रदेश को बचाने का चुनाव है। यह चुनाव उन गरीबो के हितों को बचाने का चुनाव है जिनके हक कमलनाथ सरकार ने छीन लिये थे। यह इस क्षेत्र के विकास का चुनाव है।
भाजपा ने विकास किया, पैसे का रोना नहीं रोयाः उमा भारती
पूर्व केंद्रीय मंत्री सुश्री उमा भारती ने कहा कि कमलनाथ ने जब ज्योतिरादित्य सिंधिया जी को सड़क पर उतरने की चुनौती दी, तो उन्होंने कांग्रेस सरकार को सड़क पर ला दिया। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी और शिवराजसिंह जी के नेतृत्व में यह सरकार प्रदेश का विकास कर रही है। उन्होंने कहा कि अब हमें तीव्र गति से प्रदेश में विकास की धारा बहाना है। सुश्री भारती ने कहा कि कमलनाथ कहते थे विकास के लिए पैसा नहीं है। लेकिन शिवराज जी की सरकार ने उस समय भी प्रदेश में विकास के काम किए, जब 10 सालों तक दिल्ली में कांग्रेस की सरकार थी। उन्होंने कहा कि पैसा लाने और उसे जनता तक पहुंचाने के लिए सूझबूझ की जरूरत होती है। शिवराज जी जिस दिन से मुख्यमंत्री बने, तभी से पूरे समर्पण भाव से सरकार चलाई है और हर वर्ग के कल्याण के लिए योजनाएं बनाकर जनता को राहत पहुंचा रहे हैं। सुश्री भारती ने कहा कि 2018 के चुनाव में कांग्रेस को उम्मीद नहीं थी कि उनकी सरकार बनेगी, इसलिए उन्होंने वादे पर वादे कर लिए। लेकिन जब पूरा करने की बारी आई तो वादों से मुकर गए। उन्होंने कहा कि अधूरे वादों के कारण कांग्रेस के मंत्री-विधायकों का जनता के बीच जाना ही मुश्किल हो गया था। उन्होंने कहा कि भोपाल में कांग्रेस के विधायक ने आंतकबाद के समर्थन में जो शर्मनाक प्रदर्शन किया है, उसके लिए कमलनाथ, सोनिया गांधी को बताना चाहिए कि वे आंतकवाद के समर्थन में हैं या विरोध में। सुश्री उमा भारती ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने कश्मीर से धारा 370 खत्म करने,श्रीराम मंदिर निर्माण, तीन तलाक पर कानून बनाने जैसे कदम उठाए हैं, तो वहीं गरीबों को पक्के मकान, किसानों को सम्मान निधि देने का काम भी किया है। श्री मोदी जी ने हमें हिन्दुस्तानी होने का गौरव प्रदान किया है।
ये चंबल की माटी के मान, सम्मान का चुनाव हैः ज्योतिरादित्य सिंधिया
वरिष्ठ नेता एवं सांसद श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि ये सिर्फ उपचुनाव नहीं है, ये ग्वालियर चंबल की माटी के मान-सम्मान का चुनाव है। ये किसी जात-पांत या धर्म का चुनाव नहीं है, इस क्षेत्र के विकास और स्वाभिमान का चुनाव है। श्री सिंधिया ने कहा कि इस क्षेत्र में ओले गिरे, अतिवृष्टि हुई, बाढ़ आई, लेकिन कमलनाथ कभी लोगों का हाल पूछने नहीं आए। वे 15 महीनों तक वल्लभ भवन में बैठकर नोट गिनते रहे और नोट बटोरने के बाद सिंधिया परिवार के मुखिया से बोले कि सड़क पर आ जाओ। श्री सिंधिया ने कहा कि वो भूल गए थे कि 1967 में मेरी दादी स्व. राजमाता जी ने जनविरोधी नीतियां बनाने पर डी.पी.मिश्रा की कांग्रेस सरकार को जमीन पर ला दिया था। वही काम मैंने भी किया। श्री सिंधिया ने कहा कि इतने सालों में मैंने शिवराज जी जैसा मुख्यमंत्री नहीं देखा। उन्होंने हर जनप्रतिनिधि को बुलाया और पूछा कि अपने क्षेत्र के विकास के लिए क्या चाहिए? उन्होंने कहा कि शिवराज जी ने मुख्यमंत्री बनते ही फसल बीमा की राशि किसानों के खातों में पहुंचाई, जिसे कमलनाथ ने अपनी तिजोरी में लॉक कर दिया था। श्री सिंधिया ने कहा कि भाजपा की ये सरकार जनकल्याण करने वाली, किसानों की सरकार है। उन्होंने कहा कि जिस सरकार ने आपका साथ दिया,आपका विकास किया, इस चंबल की माटी की सौगंध लेकर तीन तारीख को उस सरकार को मजबूत बनाने के लिए मतदान करना है।




Leave a Reply