-
दुनिया
-
Indian क्रिकेट के सूरमाओं का सरेंडर, Super 8 के पहले मैच में करारी हार
-
अमेरिकी TRADE DEAL के खिलाफ INC आंदोलन की तैयारी, RAHUL GANDHI व खड़गे की उपस्थिति में BHOPAL में पहला किसान सम्मेलन
-
फिर Political माहौल की गर्मा गरमी के बीच बेतुका फैसला, MP कांग्रेस के प्रवक्ताओं की छुट्टी
-
आमिर, सलमान के प्लेन को उड़ाने वाली MP की पायलट संभवी पाठक महाराष्ट्र के Dy CM के साथ हादसे में मृत
-
MP नगरीय विकास विभाग दागदारः दूषित पानी से बदनाम हुआ स्वच्छ Indore तो Bhopal के स्लाटर हाउस में गौ हत्या
-
कांग्रेस प्रदेश के लिए तबाही का प्रतीक बन गई : शिवराज
प्रदेश में कांग्रेस की सरकार ने 15 माह में भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं किया। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने वल्लभ भवन को दलालों की मंडी बनाने का पाप किया है। 2003 के पहले भी प्रदेश को मिस्टर बंटाढार ने बर्बाद कर दिया। कांग्रेस की सरकारें तो मध्यप्रदेश के लिए तबाही का प्रतीक बन गई है। इनके पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और कमलनाथ के लिए विकास के कार्य असंभव होते थे, लेकिन भाजपा की सरकार तो प्रदेश में विकास के लिए ही बनी है। हम विकास के कार्यों में कोई कमी नहीं आने देंगे। हमारा तो नारा ही सबका साथ-सबका विकास है।
ये बातें मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कही। वे मंगलवार को मांधाता विधानसभा के किल्लौद माल में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने नेपानगर के देड़तलाई एवं अनूपपुर विधानसभा के खोटा टोल में भी सभाओं को संबोधित किया।
कमलनाथ में नहीं थी इच्छाशक्ति
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अफसरों के पदों की बोली लगाई। उनसे पैसा कमाया। उनके पास कांग्रेस के मंत्री-विधायक विकास कार्यों के लिए जाते थे तो वे कहते थे कि खजाना खाली है। पैसे नहीं हैं, लेकिन हम क्या ओरंगजेब थे, जो हमने खजाना लूट लिया। कमलनाथ के पास विकास कार्य कराने की इच्छाशक्ति नहीं थी। हमने भी विकास कराया और अभी कोरोना काल के कारण कुछ दिक्कतें हैं, लेकिन विकास कार्यों के लिए कोई कमी नहीं है। विकास के लिए हमारा खजाना हमेशा भरा हुआ है। उन्होंने कहा कि मैं अपनी जनता के सामने जाकर उन्हें घूटने टेककर प्रणाम करता हूं तो कांग्रेसी कहते हैं कि शिवराज सिंह चौहान ने तो जनता के सामने घूटने ही टेक दिए हैं, लेकिन वे क्या जाने कि लोकतंत्र में जनता ही भगवान होती है और भगवान के आगे यदि मैं झुककर प्रणाम करता हूं तो उन्हें इससे भी दिक्कत है।
विकास का तो अभी टेलर है, पिक्चर बाकी है
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हम तो सरकार में जनता का और प्रदेश का विकास करने के लिए ही आए हैं। हमारा तो एकमात्र लक्ष्य प्रदेश और उसकी जनता का विकास ही है। कांग्रेस की सरकार में जनता सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए तरसती थी, लेकिन हमने प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाया है तो 24 घंटे बिजली देने का काम किया है। घर-घर पानी पहुंचाया है। प्रदेश की स्वास्थ्य सुविधाओं को आधुनिक बनाया है। विकास का तो अभी टेलर है, पिक्चर तो बाकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं विकास के काम करवाता हूं,अपने भांजे-भांजियों की फीस भरवाता हूं, गरीबों को आर्थिक सहायता देता हूं, किसानों को सम्मान निधि देता हूं तो वे मुझे नालायक बताते हैं, नंगा-भूखा कहते हैं। वे तो सेठ हैं, उद्योगपति हैं। कमलनाथ सरकार में हमारी योजनाओं को बंद कर दिया गया। हम बेटियों के कन्यादान के लिए उन्हें 28 हजार रूपए देते थे तो कमलनाथ ने 51 हजार कर दिए, लेकिन दिया एक धेला नहीं। संबल योजना के जरिए हम गरीब के अंतिम संस्कार के लिए उसे पांच हजार रूपए देते थे तो इन्होंने वे भी बंद कर दिए। किसी गरीब की मौत पर परिवार को 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता देते थे तो वह भी इन्होंने बंद कर दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम नंगे-भूखे होकर गरीबों का कल्याण करते हैं, लेकिन ये सेठ, उद्योगपति कमलनाथ तो गरीबों का शोषण करते थे।
कांग्रेसी आएंगे, लालच का जाल फैलाएंगे
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि चुनाव है तो कांग्रेसी आएंगे, शराब, कंबल और नोट के लालच का जाल फैलाएंगे, कर्जमाफी का जाल फैलाएंगे, लेकिन इस बार इनके जाल में फंसना नहीं है। इस बार उनके झूठे वचनों में आकर नुकसान नहीं करवाना है। यदि सरकार का विधायक जीतेगा तो क्षेत्र में विकास ही विकास होंगे और यदि कोई भी जीत गया तो वह विकास नहीं कराएगा, वह तो अपना भला करेगा। उन्होंने मांधाता विधानसभा के किल्लौद में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि किल्लौद को तहसील बनाया जाएगा। भले ही किल्लौद प्रदेश की सबसे छोटी तहसील बने, लेकिन बनाया जाएगा। आदिवासियों के कब्जे वाली राजस्व की जमीनों पर उनको पट्टे भी दिए जाएंगे।
झूठे सर्टिफिकेट बांट दिए
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कमलनाथ ने कर्जमाफी का झूठा वादा करके सरकार बनाई और जब कर्जमाफी करने की बारी आई तो झूठे सर्टिफिकेट ही बांट दिए। कमलनाथ और इनके नेता श्री राहुल गांधी ने वचन दिया था कि सरकार में आते ही 10 दिनों के अंदर किसानों का कर्जमाफ कर देंगे। यदि कर्जमाफ नहीं कर सके तो मुख्यमंत्री ही बदल देंगे, लेकिन न तो कर्जमाफी हुई और न ही 10 दिनों में मुख्यमंत्री बदल पाए। उन्होंने कहा कि इन्होंने किसानों की कर्जमाफी तो नहीं की, बल्कि किसानों को और ज्यादा कर्जदार बना दिया। किसान दो लाख रूपए के चक्कर में आ गए और डिफाल्टर हो गए। अब वे सहकारी समितियों से खाद, बीज नहीं उठा पा रहे हैं। कमलनाथ ने किसानों के साथ धोखा, छलावा और फरेब किया है, लेकिन यह प्रदेश के किसान हैं,कमलनाथ-कांग्रेस को बता देंगे कि उनके साथ धोखा करने का नतीजा क्या होता है।
इस दौरान सांसद श्री नंदकुमार सिंह चौहान, मंत्री श्री विजय शाह, श्रीमती अर्चना चिटनिस, श्रीमती सुमित्रा कास्डेकर, श्री नारायण पटेल, सुश्री मंजू दादूजी, श्री अंतर सिंह, श्री देवेंद्र वर्मा, श्री रामदास शिवहरे, श्री विजय गुप्ता, श्री प्रदीप जाधव, श्री युवराज, श्री ज्ञानेवश्वर पाटिल, श्री युवराज भारत, श्री गोपीकृष्ण नेमा, श्री राजू पाटीदार सहित पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आमजन मौजूद रहे।




Leave a Reply