केंद्र के किसान विरोधी काले कानून हमें स्वीकार नहीं: कमलनाथ

आज मुरैना जिले की अंबाह विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी सत्यप्रकाश सखवार और जौरा विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी पंकज उपाध्याय के समर्थन में आयोजित विशाल जनसभाओं को संबोधित करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि केंद्र सरकार ने 3 किसान विरोधी कानून लागू किए हैं ,जो किसानों को बर्बाद कर देंगे ,मंडियों को चौपट कर देंगे ,मंडियों का निजीकरण कर देंगे ,यह किसान विरोधी कानून हमें अपने प्रदेश में स्वीकार नहीं है , हमारी सरकार आने पर हम इसे लागू नहीं करेंगे और हमारी सरकार आने पर हम ऐसा कानून बनाएंगे कि कोई भी खरीदी समर्थन मूल्य से कम नहीं हो सकती ,जो भी समर्थन मूल्य से कम में खरीदेगा वह अपराध माना जाएगा। इससे किसानों की आय बढ़ेगी ,क्रय शक्ति बढ़ेगी और उनके साथ न्याय होगा।

इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए नाथ ने कहा कि शिवराज जी खूब झूठ बोल लेते हैं , झूठी घोषणाएँ कर लेते हैं , झूठे नारियल फोड़ लेते हैं , ख़ूब एक्टिंग कर लेते हैं , उनकी एक्टिंग का तो मै मुकाबला नहीं कर सकता हूँ , ना मैं मामा हूं ,ना मैं किसान का बेटा हूं , मैं तो सीधा-साधा कमलनाथ हूँ।प्रदेश की जनता ने 15 वर्ष बाद फैसला लिया था और शिवराज जी को घर बैठा दिया था , उन्हें विदा कर दिया था और कहा था कि शिवराज जी आपसे खूब धोखा खा लिया।जब जनता कह रही थी कि “किसान बिना दाम के-नौजवान बिना काम के तो शिवराज जी आप अब किस काम के “ , यह कहते हुए जनता ने कहा कि अब हम प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाएंगे।
हमने दिसंबर 2018 में आपके वोटों से सरकार बनाई तो इन्होंने सात माह पूर्व नोटों से सरकार बना ली।बाबासाहेब आंबेडकर ने ऐसा सविधान दिया , जिसका विश्व भर में अनुसरण हुआ।उस संविधान में कहीं भी प्रावधान नहीं था कि सौदेबाजी से , बोली लगाने से उपचुनाव होंगे।आज देश में 60 से अधिक उपचुनाव हो रहे हैं लेकिन मध्यप्रदेश में निधन के कारण उपचुनाव नहीं हो रहे हैं बल्कि सौदेबाजी वह बोली के कारण उप चुनाव हो रहे हैं।प्रदेश के मतदाताओं को ,युवाओं को इस सच्चाई को पहचानना है।भाजपा ने प्रदेश की राजनीति को देश भर में कलंकित किया है , बिकाऊ राजनीति को स्थापित किया है ,इनका बस चलेगा तो पंचायत चुनाव भी बोली लगाकर कर देंगे। आज युवा वर्ग को आगे आकर प्रजातंत्र व संविधान की रक्षा करना है ,यह तस्वीर आपके सामने हैं।
आज ना ये 15 वर्ष का हिसाब देते हैं , ना सात माह का हिसाब देते हैं ,मैं तो कई बार चुनौती दे चुका हूं कि जनता के सामने आकर अपने कार्यकाल का हिसाब दें , मै भी हिसाब देने को तैयार हूँ।इनकी सात माह की सरकार की आज क्या स्थिति है , किसानों को मुआवजा नहीं मिला , कोरोना महामारी को लेकर जनता कितनी परेशान हुई ,कितने लोगों की मौत हुई , शराब माफिया ने उज्जैन में 14 लोगों की जान ले ली लेकिन यह इन सब मुद्दों पर बात नहीं करना चाहते ,यह तो मुद्दों से भटकाने का काम करते हैं।
नाथ ने कहा कि ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के सबसे ज्यादा लोग सेना में शामिल होकर देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं ,हमें उन पर गर्व है ,इस माटी पर हमें गर्व है।चंबल का खून गर्म है , यहाँ के पानी की तासीर में जानता हूं , वह सब कुछ बर्दाश्त कर सकता है  लेकिन गद्दारी को कभी बर्दाश्त नहीं कर सकता , वह बिकाऊ को कभी माफ नहीं कर सकता।यहां के लोग ग्वालियर-चंबल के मान सम्मान की रक्षा करेंगे , यह मुझे पूर्ण विश्वास है।
नाथ ने कहा कि मैंने माफिया-मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान चलाकर ,प्रदेश में गौशाला बनाकर ,किसानों का कर्ज माफ कर ,सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि डबल कर, ₹100 में 100 यूनिट बिजली देकर ,कृषि पंप की दर आधी कर ,पिछड़े वर्ग को 27% आरक्षण देकर ,कन्या विवाह की राशि बढ़ाकर ,क्या कोई पाप ,गुनाह किया ?15 साल की सरकार के बाद भाजपा ने हमे ऐसा प्रदेश सौंपा जो किसानों की आत्महत्या,महिलाओं पर अत्याचार ,बेरोजगारी ,भ्रष्टाचार में नंबर वन था।प्रदेश पर कोई विश्वास नहीं करता था ,निवेश नहीं आता था क्योंकि प्रदेश की पहचान माफिया ,भ्रष्टाचार व मिलावटखोरों से थी।हमने इस पहचान को बदलने का काम किया ,हमने अपनी नीति नीयत का परिचय दिया।प्रदेश में कितने उद्योग लगते नहीं थे उससे ज्यादा बंद हो जाते थे।आज मालनपुर का हाल देखिए, शराब उद्योग में तब्दील हो गया है।कांग्रेस सरकारों ने औद्योगिक क्षेत्र बनाएं।यह तो सिर्फ झूठ बोलने में और झूठी घोषणाओं में लगे रहे ,कहीं भी जाओ ,कुछ भी झूठ बोल दो।इनसे किसानों की पीड़ा देखी नहीं जाती,इनसे किसानों का दुख सुना नहीं जाता ,इनके आंख कान नहीं चलते ,इनका तो सिर्फ़ मुंह चलता है।
हमने कृषि क्षेत्र में क्रांति लाने की शुरुआत की ,हमारी 70% अर्थव्यवस्था कृषि क्षेत्र पर आधारित है ,हमने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया ,यह पहले तो झूठ बोलते रहे लेकिन बाद में विधानसभा में इन्होंने ख़ुद कर्ज माफी की सच्चाई को स्वीकारा।हम वचनबद्ध हैं कि हमारी सरकार आने पर हम किसानों का 2 लाख तक का कर्ज माफ करेंगे।
मेरे आज तक के राजनीतिक जीवन में किसी ने भी ऊँगली नहीं उठाई , कोई ईटेंडर ,डंपर घोटाला मेरे नाम से नहीं जुड़ा।यह मध्यप्रदेश के भविष्य का चुनाव है ,आप कमलनाथ व कांग्रेस का साथ भले मत देना लेकिन सच्चाई का साथ ज़रूर देना।आप सच का साथ देंगे तभी अपना भविष्य सुरक्षित रख पाएंगे,मध्य प्रदेश के भविष्य का नया नक्शा बनाएंगे।
अंबाह की सभा में कांग्रेस प्रत्याशी सत्य प्रकाश सखबार ,विधायक नीलांशु चतुर्वेदी ,सेवा दल के अध्यक्ष रजनीश सिंह ,ब्लॉक अध्यक्ष उमा चरण शर्मा ,दलवीर सिंह तोमर ,विष्णु प्रताप सिंह तोमर ,मधुरा सिंह तोमर ,अनिल पचोरी ,भगवान सिंह तोमर ,रघुनाथ सिंह ,देवेंद्र सिंह आदि उपस्थित थे।
जौरा की सभा में कांग्रेस प्रत्याशी पंकज उपाध्याय ,रामनिवास रावत ,विधायक बैजनाथ कुशवाह ,मिर्ची बाबा ,मुरारी लाल दुबे ,पूर्व विधायक बलबीर दंडोतिया ,पूर्व विधायक महेश चंद्र मिश्रा ,पूर्व सांसद बाबूलाल सोलंकी ,दिनेश गुर्जर ,केके मिश्रा ,वृंदावन सिकरवार ,सुनील शर्मा ,संजय यादव ,अवनीश भार्गव अमित शर्मा ,बलवीर कुशवाह आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today