विकास के लिए समाज में शांति सद्भाव जरुरी: श्रीमती पटेल

राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने कहा कि समाज में शांति सद्भाव और भाईचारे के वातावरण को मजबूत रखने से ही विकास का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने कहा कि पुलिस असामाजिक तत्व एवं राष्ट्र द्रोही ताकतों का पूरी कठोरता के साथ दमन करें। यह भी सुनिश्चित करें कि आमजन स्वयं को सुरक्षित महसूस करें। कभी किसी निर्दोष के साथ अन्याय नहीं हो। श्रीमती पटेल आज पुलिस स्मृति दिवस कार्यक्रम को लाल परेड मैदान स्थित शहीद स्मारक प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी। उन्होंने देश और प्रदेश के सभी शहीद पुलिस अधिकारियों और जवानों को श्रद्धांजलि दी।

शहीदों के परिजनों को भरोसा दिलाया कि उनके साथ मध्यप्रदेश सरकार पुलिस प्रशासन और संपूर्ण प्रशासन है। कार्यक्रम में गृह मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा, मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बेस, अपर मुख्य सचिव गृह डा. राजेश राजौरा भी मौजूद थे। राज्यपाल श्रीमती पटेल ने पुलिस बल का आव्हान किया कि अपने अमर शहीद सार्थियों की शहादत से प्रेरणा लेकर अपने कर्तव्यों का पालन करें। पुलिस समाज का अभिन्न अंग है। उसकी सक्रिय भागीदारी के साथ ही विकास की सोच फलीभूत हो सकती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश पुलिस की उपलब्धियाँ सराहनीय है। प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति को सुदृढ़ बनाये रखने के लिये सराहनीय प्रयास किये जा रहे हैं। इन प्रयासों को और बेहतरी के साथ जारी रखना होगा।  अपराधों की त्वरित विवेचना और अपराधियों को सजा दिलाने में वृद्धि प्रदेश पुलिस की सक्रियता से ही संभव हुई है। यह गर्व की बात है कि मध्यप्रदेश पुलिस की गणना देश के श्रेष्ठ बलों में की जाती है, जो पहचान पुलिस के जांबाज जवानों ने स्थापित की है। उसे और अधिक निखारने की दिशा में सदैव तत्पर रहें।

          श्रीमती पटेल ने कहा कि प्रदेश के नवाचार डायल-100 को देश के विभिन्न राज्यों ने अपनाया है। राज्य में एफआईआर आपके द्वारा पायलेट प्रोजेक्ट शुरू करना, ऑनलाइन चरित्र सत्यापन की सुविधा जनसामान्य के लिये उपलब्ध कराना सराहनीय है। उन्होंने हाल ही में मध्यप्रदेश पुलिस की हॉक फोर्स ने बालाघाट जिले में आठ लाख रूपये के इनामी नक्सली बादल को गिरफ्तार करने में सफलता के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस ने दस्यु समस्या के निदान के साथ-साथ नक्सलियों के खात्मे की दिशा में उल्लेखनीय काम किया है। पुलिस द्वारा पूर्ण मुस्तैदी से किये जा रहे कार्य सराहनीय हैं। उसके सजग रवैये से ही आम आदमी सुरक्षित महसूस करता है। समाज में इस सुरक्षा की भावना को और मजबूत बनाये रखना होगा। कोरोना संक्रमण की इस वैश्विक महामारी में प्रदेश की पुलिस ने सराहनीय कार्य किया है। वर्तमान सरकार ने पुलिस बल में वृद्धि के साथ ही उन्हें आधुनिकतम हथियारों और उपकरणों से लेस करने के निर्णय लिये हैं। इन प्रयासों को आगे भी जारी रखने की जरूरत है।

राज्यपाल ने कहा कि हर्ष का विषय है कि पुलिस स्वास्थ्य सुरक्षा योजना में कर्मियों के परिजनों को भी लाभ दिया जा रहा है। पुलिस जवानों और अधिकारियों की लगातार कठिन ड्यूटी को देखते हुए उनके परिजनों की सुख-सुविधाओं और कल्याण के प्रति सरकार का पूरा ध्यान है। उन्होंने प्रदेश की शांतिप्रिय जनता की भी सराहना करते हुए कहा कि जनता के अनुशासित एवं भाईचारा पूर्ण आचरण से  हमारे प्रदेश की देश में साख बनी है। सांस्कृतिक विविधता के बावजूद प्रदेशवासी एक हैं। इस वातावरण को बनाये रखने के लिये आम आदमी को अपने अधिकारों के साथ ही कर्तव्यों के प्रति सचेत रहना होगा और पुलिस का सहयोगी बनना होगा।

          पुलिस महानिदेशक श्री विवेक जौहरी ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस देश की अंखडता को चिरस्मरणीय बनाने का दिन है। उन्होंने शहीदो के बलिदान को नमन करते हुए बताया कि पुलिस शहीद दिवस लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में 16 हजार फीट की ऊँचाई पर 21 अक्टूबर1959 को केन्द्रीय आरक्षी पुलिस बल (सी.आर.पी.एफ.) के 10 जवान चीनी सेना के साथ मुठभेड़ में शहीद हो गए थे। उन्ही की स्मृति में देश की समस्त पुलिस इकाईयों द्वारा प्रतिवर्ष यह दिवस मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष हमारे प्रदेश पुलिस के सात जवानों ने देश के लिए अपनी शहादत दी है। शहीद कर्मियों में उपनिरीक्षक स्व. शेर सिंह डोरिया,सउनि स्व. बसंत मिरोसे, सउनि स्व. मायाराम खरारी, आरक्षक स्व. जितेन्द्र सिंह गुर्जर,आरक्षक स्व. दिलीप, आरक्षक स्व. सत्येन्द्र सिंह यादव और आरक्षक स्व. प्रबल प्रताप सिंह शामिल हैं। इनके अलावा कोरोना काल में नागरिकों की रक्षा करते हुए संक्रमित होने के कारण उप पुलिस अधीक्षक स्व. प्रेम प्रकाश गौतम, एसडीओपी स्व. सुरेश शेजवाल, निरीक्षक स्व. देवेन्द्र चंद्रवंशी, निरीक्षक स्व. यशवंत पाल, सउनि स्व. आबू समन खान, प्रधान आरक्षक स्व. बाबूलाल भवेल, प्रधान आरक्षक स्व. दयाराम, आरक्षक स्व. जाफर खान, आरक्षक स्व. शिवराम देवलिया, आरक्षक स्व. विजय घोष और आरक्षक स्व. राकेश राय का निधन हुआ है।

          कार्यक्रम के प्रारम्भ में राज्यपाल की गृह मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा ने अगवानी की। कार्यक्रम के दौरान पुलिस बैंड द्वारा निकाली जा रही देशभक्ति के गीतों की मधुर धुन के बीच शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इसके अलावा विशेष पुलिस महानिदेशक श्री अशोक दोहरे, श्रीमती अरूणा मोहन, श्री पवन जैन, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री राजीव टंडन, श्री विजय कटारिया श्रीमती अनुराधा शंकर, श्री अन्वेष मंगलम्, श्री मिलिंद कानस्कर, श्री आदर्श कटियार, श्री उपेंद्र जैन, पुलिस महानिरिक्षक श्री सतीश सक्सेना, पुलिस उप महानिरीक्षक श्री दीपक वर्मा, सेनानी 7 वी वाहिनी श्री सचिन अतुलकर सहित सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने भी पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। आरंभ में पाल-बेयरर पार्टी द्वारा सम्मान सूची को स्मारक कोष में स्थापित किया गया और शहीद स्मारक को सलामी दी गई। आयोजित परेड का नेतृत्व भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी श्री आदित्य मिश्रा ने किया। परेड में महिला प्लाटून विशेष सशस्त्र बल एवं जिला बल की संयुक्त टुकड़ी, विशेष सशस्त्र बल की पुरूष प्लाटून, पुलिस बैंड प्लाटून और श्वान दल की टुकड़ियाँ शामिल थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today