कांग्रेस और कमलनाथ ने किया जनादेश का अपमानः मुन्नालाल

आजादी के बाद से देश में ज्यादातर समय कांग्रेस की सरकारें रहीं, लेकिन इन सरकारों ने विकास नहीं किया। इन सरकारों द्वारा लिये गए निर्णयों के विनाशकारी परिणाम आज भी देश को झेलना पड़ रहा है। दूसरी तरफ केंद्र और राज्य में जब-जब भी भाजपा की सरकारें रही हैं, इन सरकारों ने इतना विकास किया है कि भाजपा विकास का पर्याय बन गई है। अपनी नकारात्मक राजनीति के चलते कांग्रेस आज पूरे देश में अप्रासांगिक होती जा रही है और जैसे ही पार्टी उपचुनाव में सभी सीटों पर जीत हासिल करेगी, प्रदेश से कांग्रेस की विदाई तय हो जाएगी।

यह बात केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने सोमवार को शहर के मोदी हाउस में ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के चुनाव कार्यालय के शुभारंभ के अवसर पर कही। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर एवं ग्वालियर पूर्व से पार्टी के प्रत्याशी श्री मुन्नालाल गोयल ने भी संबोधित किया।

हासिए पर जा रही कांग्रेस

                केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर ने कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा हमेशा से विकास का पर्याय रही है। प्रदेश में15 वर्ष तक भाजपा की सरकार रही है। केंद्र में भी पहले अटलजी की सरकार रही और अब मोदी जी की सरकार है। यह विडंबना है कि देश में ज्यादातर समय कांग्रेस की सरकारें रही, लेकिन देश की जनता ने अगर विकास देखा है, तो वह भाजपा की सरकारों के दौर में ही देखा है। कांग्रेस तो विनाश का ही पर्याय रही है और अब पूरे देश में कांग्रेस अप्रांसगिक हो चुकी है। मध्यप्रदेश में कांग्रेस नेतृत्व घर नहीं संभाल पा रहा है। केन्द्र का नेतृत्व भी बौना साबित हो रहा है और पार्टी पर उसका नियंत्रण नहीं है। जो नेतृत्व पार्टी को नहीं संभाल पा रहा, वह देश कैसे संभालेगा। श्री तोमर ने कहा कि सोनिया जी कांग्रेस की नेता जरूर हो सकती हैं, लेकिन उनको भी जमीनी अनुभव नहीं है। उनके बेटे का हाल तो सभी का मालूम है।

जोड़-तोड़ की हांडी हमेशा नहीं चढ़ती

                केंद्रीय मंत्री श्री तोमर ने कहा कि वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में राज्य में वोट भाजपा को ज्यादा मिले, लेकिन चार-पांच सीटें कांग्रेस को ज्यादा मिलीं। हमने दरियादिली दिखाई और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने दी। हमें  मालूम था कि कांग्रेस की सरकार को हिलाने की जरूरत नहीं है, बल्कि वह सरकार अपने ही बोझ से ही गिर जाएगी। सभी ने देखा 15 महीने बाद यही हुआ और कांग्रेस सरकार चली गई। श्री तोमर ने कहा कि अब उपचुनाव आ गया है तो कांग्रेस फिर जोड़-तोड़ में लगी है, लेकिन यह जोड़-तोड़ की हांडी एक-दो बार ही चढ़ती है, हमेशा नहीं चढ़ती।

भाजपा के लिए शुभ है चुनाव कार्यालय

                केंद्रीय मंत्री श्री तोमर ने कहा कि आज पार्टी के जिस चुनाव कार्यालय का शुभाऱंभ हुआ है, वहां से कार्यकर्ताओं और नेताओं को उपचुनाव में मार्गदर्शन मिलेगा। यहां जो रणनीति बनेगी, वह पूरे विधानसभा क्षेत्र में जाएगी। श्री तोमर ने कहा कि यह कार्यालय भाजपा के लिए बहुत शुभ रहा है, क्योंकि 2014  और 2019 के लोकसभा चुनाव में भी इसी कार्यालय से चुनाव की रणनीति बनी और विजयश्री मिली। इस बार श्री गोयल प्रत्याशी हैं और सभी लोग उनके व्यक्तित्व, लगन और जुझारुपन से परिचित हैं। श्री तोमर ने आशा जताई कि सभी लोग 3 नवंबर को होने वाले चुनाव में श्री गोयल को जिताने में सफल होंगे और 10 नवंबर को आने वाले चुनाव परिणाम में पार्टी सभी 28 सीटें जीतेगी।

काम में जुट जाएं, घर-घर संपर्क करें कार्यकर्ताः विवेक शेजवलकर

                चुनाव कार्यालय के शुभारंभ के अवसर पर ग्वालियर सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि सभी कार्यकर्ता काम में जुट जाएं और अपने-अपने क्षेत्रों के वार्ड में कम से कम तीन घंटे घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करें। यह जीवंत संपर्क आने वाले चुनाव में भाजपा को जिताने में सफल होगा। श्री शेजवलकर ने कहा कि चुनाव जीतकर हम सभी लोग प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जी की सरकार विकास के जो काम कर रही हैं, उन्हें आगे बढ़ाने में सफल होंगे।

कांग्रेस और कमलनाथ ने की जनादेश की हत्याः मुन्नालाल गोयल

                ग्वालियर पूर्व के पार्टी प्रत्याशी श्री मुन्नालाल गोयल ने इस अवसर पर कहा कि कांग्रेस कहती है कि जनादेश की हत्या हुई है। लेकिन जनादेश की हत्या तो कांग्रेस पार्टी और उसके तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ जी ने ही की है। इन्होंने अपने वचन पत्र का पालन नहीं किया। जिस वचन पत्र पर विश्वास करके युवाओं, गरीबों और किसानों ने कांग्रेस को वोट दिया, कांग्रेस ने उन्हें ही धोखा दे दिया। युवाओं को बेरोजगारी भत्ता नहीं दिया, गरीबों को मकान नहीं और किसानों का दो लाख तक का कर्जा माफ नहीं किया। मैं अपने क्षेत्र के विकास के लिए वल्लभ भवन तक चक्कर लगाता रहा, लेकिन समस्याएं खत्म नहीं हुई। सरकार की वादाखिलाफी और उपेक्षा के कारण ही मेरे साथ 22 विधायकों ने इस्तीफे दे दिया। श्री गोयल ने कहा कि भाजपा ने सरकार बनते ही मेरे क्षेत्र के विकास कार्यों को आगे बढ़ाया। क्षेत्र में सड़क, बिजली पानी से जुड़े सभी काम तेजी से हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव में अब केवल 20 दिन रह गये हैं, इसलिए हमें तेजी से काम करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today