कोरोना से बचाव के लिये पुख्ता रणनीति से काम हो: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कोरोना की स्थिति एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा करने शनिवार को मुरैना मुख्यालय पहुँचे। उन्होंने कहा कि मुरैना में कोरोना संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण हो रहा है। पिछले एक सप्ताह में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ी है। इस स्थिति में स्थानीय प्रशासन पूरी सजगता से कार्य करें। कोरोना सेम्पलिंग में वृद्धि की जाये, जिससे समय रहते कोरोना संक्रमितों की पहचान की जाकर उनका समुचित उपचार पुख्ता रणनीति के साथ सुनिश्चित किया जाये।

मुख्यमंत्री चौहान ने निर्देश दिये कि जिले की सीमा पर विशेष निगरानी रखी जाये, बिना स्क्रिनिंग के जिले की सीमा से किसी को न आने दिया जाये। चौहान ने मुरैना मुख्यालय पर जिलास्तरीय संकट प्रबंधन समूह की बैठक में कोरोना नियंत्रण की समीक्षा की। बैठक में केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रदेश के मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना, राज्यमंत्री श्री गिर्राज डण्डोतिया, महापौर श्री अशोक अर्गल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीता हर्षाना सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी और समिति के पदाधिकारी उपस्थित थे।
केन्द्रीय पंचायत राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि लॉकडाउन बढ़ाना कोई समाधान नहीं है। लॉकडाउन की एक सीमा होती है, इसके बाद निराकरण ही करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि सभी सामाजिक संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि हम सब मिलकर लोगों को पूरी तरह से जागरूक करें, तभी हम कोरोना की चैन को तोड़ पायेंगे। उन्होंने कहा कि वायरस के मामले में कोई भविष्यवाणी नहीं की है कि यह कम होगा या ज्यादा, हम सभी को इस संकट का सामाना करते हुये इसे रोकना होगा। इसके पीछे दुर्भावना नहीं होना चाहिये।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने चिकित्सकों से कहा कि कोरोना के मरीजों की बढ़ती संख्या से घबराये नहीं उनका समुचित उपचार करें। उपचार में लगने वाली सभी व्यवस्थाएँ शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही है। प्रयास यह होना चाहिए कि मरीजों को रेफर न करना पड़े।
कलेक्टर श्रीमती प्रियंका दास ने बताया कि जिले में संक्रमित व्यक्तियों के कॉन्टेक्ट में आए व्यक्ति एवं सामुदायिक संक्रमण का पता लगाने के लिये सेम्पलिंग का काम प्रमुखता से किया जा रहा है। अब तक लगभग 9 हजार 90 सेम्पल कराए गए हैं, जिनमें 945 कोरोना संक्रमित मिले हैं। जिसमें एक्टिव संक्रमित 464 हैं तथा 476 ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं, 5 व्यक्तियों की संक्रमण से मृत्यु हुई। संक्रमितों की कॉन्टेक्ट हिस्ट्री मिली है। जिले में संचालित 9 फीवर क्लीनिक में इलाज के लिये आए मरीजों की सेम्पलिंग भी प्रमुखता से कराई गई है। संक्रमण का कोई भी मरीज अत्यंत गंभीर स्थिति अर्थात वेंटीलेटर पर नहीं है। मरीजों के ठीक होने की दर भी लगातार बढ़ रही है। जिले में कन्टेनमेंट क्षेत्र की निगरानी में वार्ड समितियों का भी सहयोग लिया जा रहा है। कलेक्टर ने कोरोना से निपटने के लिये बनाई गई नई रणनीति एवं व्यवस्थाओं की जानकारी भी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today