सेवा, सहयोग, सुधार और संकल्प के 100 दिन

भारतीय जनता पार्टी सरकार के आज 100 दिन पूरे हुए है। यह 100 दिन सेवा, सहयोग, सुधार और संकल्प के 100 दिन है। इन 100 दिनों में कोरोना संकट की विषम परिस्थितियां होते हुए भी समाज के हर वर्ग की सेवा की है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आत्मनिर्भर भारत का जो संकल्प दिया, उसे आत्मसात करते हुए हम आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश बनाने की ओर आगे बढ़े। इन 100 दिनों में सरकार ने ऐतिहासिक काम किए है। यह काम समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और मध्यप्रदेश समृद्ध और विकसित बनें, इसके लिए कार्यकर्ता जुट जाएं।

यह बात प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा, केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्रसिंह तोमर एवं सांसद श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को प्रदेश सरकार के 100 दिन पूरे होने पर आयोजित वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए कही।
भाजपा प्रदेश सरकार के 100 दिन पूरे होने पर आयोजित वर्चुअल रैली को प्रदेश के 65 हजार बूथों पर कार्यकर्ताओं और जनता ने सुना। भाजपा प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा, वरिष्ठ नेता, सांसद श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने संबोधित किया। वहीं दिल्ली से केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्रसिंह तोमर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। केन्द्रीय मंत्री श्री प्रहलाद पटेल, पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री प्रभात झा मंचासीन थे। इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री विजेश लुणावत, प्रदेश शासन के मंत्री श्री गोपाल भार्गव, श्री नरोत्तम मिश्रा, श्री तुलसी सिलावट, श्री कमल पटेल, श्री विश्वास सारंग, श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, श्रीमती इमरती देवी, श्री प्रभुराम चौधरी, श्री मोहन यादव सहित सांसद, विधायक एवं पार्टी के पदाधिकारी मौजूद थे। रैली का संचालन प्रदेश प्रवक्ता श्री रजनीश अग्रवाल ने किया एवं आभार जिलाध्यक्ष श्री सुमित पचौरी ने माना। रैली में प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री लोकेन्द्र पाराशर ने संकल्प दिलाया। इसके पूर्व सभी अतिथियों ने प्रदेश कार्यालय में सरकार के 100 दिन पूरे होने पर लगाई गई प्रदर्शनी का उदघाटन किया।
प्रदेश में थी कमलनाथ की 4 डी सरकार : शिवराज सिंह
वर्चुअल रैली में कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में 15 महीनों तक कमलनाथ की 4 डी सरकार थी। जिसमें दलाल, दंभ दुर्भावना और दिग्विजय सिंह शामिल थे। यह सरकार दलालों की सरकार थी, जिन्होंने वल्लभ भवन को दलाली का अड्डा बना दिया था। प्रदेश में चारों ओर लूट मची थी। कमलनाथ सरकार में दंभ और अहंकार भरा हुआ था। कमलनाथ और दिग्विजय सिंह अहंकार से भरे थे, इनके पांव जमीन पर नहीं रहते थे। एक नेता वल्लभ भवन में बैठता था, तो दूसरा रेत, शराब और माफियागिरी में लगा रहा। 15 महीने तक चली इस सरकार ने दुर्भावना के साथ काम किया। भाजपा कार्यकर्ताओं के घर तोड़े गए, उन्हें जेल भेजा गया और उनके काम धंधे, तबाह और बर्बाद कर दिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार अहंकार में चूर इतनी थी कि सिंधिया जी ने उन्हें चेताया तो उल्टा उन्हें ही सड़क पर उतरने की धमकी दे दी। लेकिन कांग्रेस सरकार खुद ही सड़क पर आ गयी।
कोरोना को भुलाकर आईफा की तैयारी में लगे रहे कमलनाथ
श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में जब कोरोना ने दस्तक दी तब कमलनाथ सरकार गंभीर नहीं थी। कोरोना संक्रमण को लेकर मुख्यमंत्री रहते कमलनाथ ने एक भी बैठक नहीं ली, केवल आईफा अवार्ड के लिए इंदौर में बैठक ली और अफसरों को पैसा जुटाने का टारगेट दिया गया। उन्हांने कहा कि आज मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमण की रिकवरी दर पूरे भारत में सबसे कम है। प्रदेश के घर-घर का सर्वे होगा, सेंपल लिए जाएंगे और उपचार की निःशुल्क व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने जनता से आव्हान किया कि प्रदेश की जनता किल कोरोना अभियान में भाग लें जिससे गांव, गली, मोहल्ले में जांच से कोई घर न छूटे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार खाली खजाने का रोना रोती थी लेकिन 100 दिनों में भाजपा सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के हितग्राहियों के खाते में 1126 करोड़ 35 लाख रूपए डाले। कमलनाथ ने सहरिया, भारिया, बेगा जातियों के पैसे खा गए, लेकिन हमने 1 हजार रूपए हर महीना उनके खातों में देना शुरू किया। कमलनाथ जवाब दें कि उन गरीब माताओं-बहनों ने तुम्हारा क्या बिगाड़ा था ?
हम विकास और जनकल्याण का नया इतिहास रचेंगे
श्री चौहान ने कहा कि हम ऐसा कानून बना रहे हैं कि कोई व्यक्ति गरीबों, आदिवासियों को अधिक ब्याज पर ऋण देता है तो ऐसा पैसा वापस नहीं देना है। वह कर्जमाफ हो जाएगा और यदि किसी ने कुछ गिरवी रखा होगा तो वह भी वापस देना होगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण आबादी सर्वेक्षण योजना में ग्रामीण बसाहटों का सर्वे करके ग्रामीण जनता को मालिकाना हक दिलाया जाएगा। यह 100 दिन समाधान के सौ दिन है। हर कदम पर संबल योजना जनता का सहारा बनेगी। हम महिला स्वसहायता समूह को पोषण आहार का जिम्मा देंगे, जो स्वसहायता समूह डिफाल्टर हो चुके हैं उन्हें बहाल करेंगे। यह 100 दिन महिला सशक्तिकरण के दिन है। उन्होंने कहा कि कमलनाथ ने छात्र-छात्राओं को लेपटॉप देने की योजना भी समाप्त कर दी, लेकिन अब कक्षा 12वीं के रिजल्ट आने वाले हैं, अच्छे अंक लाने वाले छात्रों को लेपटॉप देगें। गरीब पथ विक्रेताओं को 10 हजार रूपया ऋण दिया जाएगा जिसकी गारंटी सरकार लेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश को खुशहाल बनाने के लिए हमें चुनाव के रण में उतरकर शानदार सफलता प्राप्त करनी होगी। आने वाले दिनों में हम विकास और जनकल्याण का नया इतिहास रचेंगे।
100 दिन की उपलब्धियों की गाथा हर बूथ तक ले जाए : वीडी शर्मा
प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने वर्चुअल रैली में कहा कि भारतीय जनता पार्टी का मध्यप्रदेश के विकास में बहुत बड़ा योगदान है। सुश्री उमा भारती, श्री बाबूलाल गौर और श्री शिवराजसिंह चौहान ने मुख्यमंत्री रहते हुए 16 वर्षों तक मध्यप्रदेश का विकास किया, लेकिन बीते 15 महीनों में मध्यप्रदेश का विकास अवरूद्ध हो गया था। एक ऐसा मुख्यमंत्री जिन्होंने न धूल देखी, न गरीबों का दर्द समझा। ऐसे उद्योगपति मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश को 15 महीनों में तबाह और बर्बाद कर दिया था। उन्होंने कहा कि श्री शिवराजसिंह चौहान ने 15 साल प्रदेश के हर कोने में पहुंचकर जनता का दुख दर्द समझा लेकिन कमलनाथ मुख्यमंत्री रहते सिर्फ छिंदवाडा तक ही सीमित रहे। दिग्विजय सिंह ने पर्दे के पीछे से कमलनाथ सरकार चलायी। उन्होंने कहा कि जब चौथी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी तो प्रदेश कोरोना की चपेट में था, लेकिन प्रधानमत्रीं श्री नरेन्द्र मोदी जी के दिए गए मंत्र को साकार करते हुए श्री शिवराजसिंह चौहान ने दिन रात मेहनत कर चुनौतियों को अवसर में बदलने का काम किया। उन्होंने कहा कि हमें गर्व है कि कोरोना संकटकाल में पूरे देश में अगर किसी प्रदेश को मजदूरों की सेवाभाव के लिए जाना जाता है तो वह हमारा मध्यप्रदेश है।
गरीबों का हक छीना कमलनाथ ने
उन्होंने कहा कि कमलनाथ सरकार ने भारतीय जनता पार्टी के समय शुरू की गयी जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद किया बल्कि गरीबों पर अत्याचार किए और भाजपा कार्यकर्ताओं पर दमनपूर्वक कार्यवाही की। गरीबों का हक छीनने का काम कमलनाथ सरकार ने किया। 15 महीने चली सरकार में ऐसा कोई दिन नहीं था जिसने राजनीति से प्रेरित होकर दुर्भावना से काम न किया हो। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान किसानों के दुख दर्द को समझते है क्योकि उनमें संवेदनशीलता है। चौथी बार मुख्यमंत्री बनते ही उन्होंने संवेदनशीलता के साथ फैसले लिए। आज शिवराज सरकार के 100 दिनों में अपार उपलब्धियां है। इन उपलब्धियों को कार्यकर्ता हर बूथ तक ले जाए।
शिवराज जी ने घोर परिश्रम कर प्रदेश को संकट से उबारा : तोमर
दिल्ली से वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्रसिंह तोमर ने कहा कि विकास की दृष्टि से हर मामले में शिवराज सरकार ने 15 वर्षों में प्रदेश को अग्रणी राज्यों में पहुंचाया। लेकिन 2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को वोट ज्यादा मिले और कांग्रेस को सीटें, दुर्भाग्य से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी। लेकिन हमने जोडतोड नहीं की। उन्होंने कहा कि जनता ने कांग्रेस को सेवा का अवसर दिया, लेकिन कांग्रेस ने प्रदेश को तबाह और बर्बादी के कगार पर पहुंचा दिया। श्री तोमर ने कहा कि कांग्रेस सरकार में इतना भ्रष्टाचार था कि कांग्रेस में काम करने वाले अच्छे लोग प्रदेश के साथ हो रहे अनाचार से क्षुब्ध थे। कमलनाथ सरकार अहंकार और घमंड में डूबी हुई थी। वरिष्ठ नेता श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने उन्हें चेताया कि सरकार जनसेवा में लगे और जनता से किए वादे पूरे करें। लेकिन उन्हें गंभीरता से नहीं लिया गया। परिणामस्वरूप सिंधिया जी और उनके समर्थकों ने मध्यप्रदेश के विकास के खातिर अपना त्यागपत्र दे दिया। सिंधियाजी के प्रयत्नों से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जब भाजपा की सरकार बनी तब तक कोरोना दस्तक दे चुका था। लेकिन मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने घनघोर परिश्रम करके प्रदेश को कोरोना से उबारने का काम किया। उन्होंने कहा कि 15 महीने प्रदेश में रही कांग्रेस की सरकार ने लगातार गरीब कल्याण की योजनाओं पर प्रहार किया। श्री तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान किसान परिवार में पले बढे है। उन्होंने आमजन का दुख दर्द सहा है और यही कारण है कि लगातार समाज के पिछड़े, शोषित और गरीब तबके का उत्थान करने का काम किया। उन्होंने कहा कि केन्द्र में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कोरोना संकट से लड़ने की जो गतिविधियां संचालित की उसे प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने न सिर्फ लागू किया बल्कि अन्य प्रांतों से बेहतर परिणाम भी दिए। सरकार के 100 दिन जनसेवा के 100 दिन है। कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों को जन जन तक ले जाने का काम करें।
कांग्रेस ने सत्ता के लिए आपातकाल थोपा, मोदी जी ने जनता की जान बचाने के लिए लॉकडाउन किया : सिंधिया
वरिष्ठ नेता, सांसद श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने वर्चुअल रैली में कहा कि कोरोना संकट से आज पूरा विश्व प्रभावित है। लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शिता, संकल्पशक्ति और त्वरित निर्णय लेने के कारण आज देश कोरोना जैसी महामारी से दमदारी के साथ लड रहा है। मोदी जी ने लॉकडाउन का निर्णय पूरे साहस के साथ लिया। उन्होंने कहा कि एक तरफ वो दल है जिसने सत्ता कायम रखने के लिए देश की जनता पर आपातकाल थोपा था, वहीं दूसरी तरफ ऐसे प्रधानमंत्री जिसने कोरोना महामारी से देश की जनता की जान बचाने के लिए हाथ जोड़कर लॉकडाउन का निवेदन किया। उन्होंने कहा कि यही फर्क भारतीय जनता पार्टी को कांग्रेस से अलग करता है। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट हो या चीन का मामला हो, ऐसे राष्ट्र से जुडे मुद्दों पर राजनीति नहीं होना चाहिए। उन्होंने याद दिलाते हुए कहा कि बांग्लादेश युद्ध के समय अटलजी ने तत्कालीन प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी की तारीफ की थी। लेकिन आज विपक्षी दल घृणित राजनीति पर उतारू हो गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे विकट समय में हमें देश की अखण्डता को कायम रखने के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बडे शर्म की बात है कि कोरोना जैसे राष्ट्रीय संकट पर भी कांग्रेस लॉकडाउन के नफे नुकसान की बात करती है।
प्रदेश में जब कोरोना ने दस्तक दी तब कमलनाथ नियुक्तियों में व्यस्त थे
श्री सिंधिया ने कहा कि आज जो पूर्व मुख्यमंत्री आरोप लगा रहे है, मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि उन्होंने कोरोना संकट के समय कितने अस्पतालों का दौरा किया ? वे कितने गरीबों से मिले ? उन्होंने कितने दौरे किए ? श्री सिंधिया ने कहा कि मध्यप्रदेश में जब कोरोना ने दस्तक दी, तब मुख्यमंत्री कमलनाथ आईफा के लिए इंदौर में बैठक कर रहे थे। उन्होंने अपनी सरकार के आखिरी 14 दिनों में कोरोना से निपटने के बजाए नियुक्तियों में लगे रहे। उन्होंने कहा कि जब शिवराजजी ने प्रदेश की कमान संभाली तब प्रदेश में एक भी कोरोना टेस्ट नहीं होता था। आज प्रदेश में प्रतिदिन 7 हजार टेस्ट हो रहे है। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में 70 लाख मास्क का वितरण किया। इंदौर जो कोरोना हब बन चुका था, आज पूरे देश में उसकी पॉजिटिव रेट सबसे कम है। उन्होंने कहा कि विपरीत समय में श्री शिवराजसिंह चौहान मुख्यमंत्री बने, प्रदेश को बचाने का काम उन्होंने किया है। भाजपा प्रदेश सरकार के 100 दिन का कार्यकाल सूर्य की रोशनी जैसा छाया हुआ है। क्योंकि प्रत्येक कार्यकर्ता और जनता का विश्वास मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान पर है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का काम करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today