पांच उम्‍मीदवारों द्वारा नामांकन-पत्र दाखिल

राज्यसभा के द्विवार्षिक निर्वाचन के लिए नामजदगी के आज अंतिम दिन भारतीय जनता पार्टी के तीन, भारतीय राष्‍ट्रीय कांग्रेस के एक तथा एक निर्दलीय उम्मीदवार द्वारा अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किये गए ।

ज्योतिरादित्य सिंधिया, सुमेर सिंह सोलंकी एवं श्रीमती रंजना बघेल ने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के रूप में, फूलसिंह बरैया ने इंडियन नेशनल कांग्रेस के प्रत्याशी के रूप में तथा रामदास दहीवाले ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में रिटर्निंग ऑफिसर एपी सिंह के समक्ष नामांकन-पत्र दाखिल किए। इसके अतिरिक्‍त इंडियन नेशनल कांग्रेस के प्रत्याशी दिग्विजय सिंह ने गुरूवार को दाखिल अपने नामांकन-पत्र के तीन अतिरिक्त सेट भी आज जमा किये। ज्योतिरादित्‍य सिंधिया, सुमेर सिंह सोलंकी एवं श्रीमती रंजना बघेल ने अपने नामांकन–पत्र के क्रमश: तीन-तीन तथा चार सेट जमा किये। फूलसिंह बरैया ने अपने नामांकन-पत्र के तीन तथा रामदास दहीवाले ने अपने नामांकन-पत्र का एक सेट दाखिल किया है ।

उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश से रिक्त होने वाली राज्यसभा की तीन सीटों के लिए निर्वाचन होना है । राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह, प्रभात झा तथा सत्यनारायण जटिया का कार्यकाल 9 अप्रैल, 2020 को समाप्‍त हो रहा है । राज्यसभा द्विवार्षिक निर्वाचन, 2020 के अंतर्गत रिक्त होने वाली तीन सीटों के निर्वाचन के लिए 6 मार्च को अधिसूचना जारी की गई थी । नामांकन-पत्रों की जांच 16 मार्च, 2020 को अपराह्न 2:00 बजे से की जाएगी । नाम वापसी की प्रक्रिया 18 मार्च, 2020 को अपराह्न 3:00 बजे तक चलेगी । यदि आवश्यक हुआ तो मतदान 26 मार्च, 2020 को पूर्वाह्न 9:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक होगा और उसी दिन शाम 5:00 बजे से मतगणना सम्पन्न होगी ।   

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today