रायपुर: मुख्यमंत्री धान खरीदी के प्रथम दिन पहुंचे खरीदी केंद्र

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के आज प्रथम दिन दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड की सहकारी समिति औंधी, जामगांव (एम), तर्रा और फुंडा पहुंचे। उन्होंने धान खरीदी के पहले दिन धान खरीदी केन्द्रोें का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री जब औंधी के धन खरीदी केंद्र पहुंचे तो वहां स्थानीय किसान श्री श्रोणित चंद्राकर का धान बिक रहा था। मुख्यमंत्री ने किसानों और हमालों से मिलकर उनका हालचाल पूछा।

बघेल ने किसानों से कहा किसानों के लिए खरीदी केंद्रों में जरूरी सुविधाएं देखने आया हूँ। सरकार किसानों की सभी सुविधाओं का ध्यान रखेगी। किसानों ने खुशनुमा माहौल में कहा, मुख्यमंत्री जी हमारी खरीदी की व्यवस्था देखने आए हैं, यह देखकर बहुत अच्छा लग रहा है। मुख्यमंत्री ने जामगांव (एम) में किसान श्री तोखनलाल वर्मा का धान खुद तौला। श्री बघेल ने धान को रगड़कर उसकी गुणवत्ता को परखा और कहा गुणवत्ता अच्छी। 
    मुख्यमंत्री ने ग्राम तर्रा और फुंडा में धान खरीदी केन्द्र निरीक्षण के दौरान  किसानों से कहा कि अभी किसानों से 1815 और 1825 रूपए में धान खरीदा जा रहा है। बजट में प्रावधान कर योजना बनाकर शेष राशि किसानों को हस्तांतरित की जाएगी। सरकार किसानों के हितों का पूरा ध्यान रखेगी। उन्होंने इस अवसर पर हमालों से मुलाकात की और ग्रुप फोटो भी खिंचवायी। 

    मुख्यमंत्री ने उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों को धान खरीदी के लिए सभी जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा है कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हो और खरीदी केन्द्रों में पर्याप्त मात्रा में बारदाना उपलब्ध कराया जाएं। मौके पर उपस्थित कलेक्टर श्री अंकित आनंद ने मुख्यमंत्री को व्यवस्था की जानकारी देते हुये बताया कि टोकन दिए जा चुके हैं। धान खरीदी की व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग हो रही है।
    उल्लेखनीय है कि राज्य के सभी जिलों में धान का उपार्जन छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ (मार्कफेड) द्वारा किया जा रहा है। धान की खरीदी वर्ष 2018-19 में संचालित एक हजार 995 खरीदी केन्द्रों सहित इस वर्ष 2019-20 में प्रारंभ किए गए 33 नवीन केन्द्रों में खरीदी की जाएगी। प्रदेश में 48 मंडियों एवं 76 उप-मंडियों के प्रांगण का उपयोग विगत खरीफ विपणन वर्ष के अनुसार धान उपार्जन केन्द्र के लिए किया जाएगा।
       वर्तमान खरीफ वर्ष 2019-20 में प्रदेश के 19 लाख 56 हजार किसानों ने पंजीयन करा लिया है, जो गत वर्ष पंजीकृत किसानों की संख्या 16 लाख 97 हजार से दो लाख 58 हजार ज्यादा है। राज्य शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2019-20 के दौरान राज्य के किसानों से नगद व लिंकिंग में धान की खरीदी एक दिसम्बर से 15 फरवरी 2020 तक की जाएगी। खरीफ वर्ष 2019-20 में प्रदेश के किसानों से धान खरीदी की अधिकतम सीमा 15 क्विंटल प्रति एकड़ लिंकिंग निर्धारित की गई है। खरीफ वर्ष 2019-20 में राज्य के किसानों से 85 लाख मैट्रिक टन धान उपार्जन अनुमानित है।
    मुख्यमंत्री ने जामगांव-एम में गौठान की व्यवस्था के बारे में किसानों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि बहुत से किसान पैरा दान कर रहे हैं यह बहुत अच्छी बात है। किसानों के सहयोग से गौठान का काम बहुत बेहतर होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today