मंत्री सिलावट अचानक पहुँचे जेपी अस्पताल

लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तुलसीराम सिलावट ने आज यहाँ शासकीय जे.पी. अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिये कि सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाये। श्री सिलावट ने अस्पताल में डेंगू, चिकनगुनिया, मलेरिया समेत अन्य मौसमी बीमारियों के इलाज की व्यवस्था की जानकारी ली।

मंत्री सिलावट ने अस्पताल के ओपीडी कक्ष में मरीजों से बातचीत की, एक्स-रे रूम और किचन की व्यवस्थाओं को भी देखा। उन्होंने अस्पताल परिसर में सफाई व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाये रखने के निर्देश दिये।

निरोगी काया अभियान में 32 लाख लोगों की जाँच होगी

मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने बताया कि बदलती जीवन-शैली के कारण जन-सामान्य में तेजी से बढ़ रही हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज तथा कैंसर जैसी बीमारियों की रोकथाम और इलाज के लिये प्रदेश में निरोगी काया अभियान चलाया है। इसमें प्रदेश के करीब 2,500 आरोग्यम स्वास्थ्य केन्द्रों में 30 वर्ष से अधिक आयु के करीब 32 लाख लोगों की जाँच की जाएगी।

मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा

मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने बताया कि प्रदेश में ‘शुद्ध के लिये युद्ध” अभियान निरंतर जारी रहेगा। मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।

प्रदेश में अब तक 31 लोगों के खिलाफ रासुका में कार्रवाई की गई है। करीब 100 प्रकरणों में दोषी व्यापारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जाँच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 56 करोड़ रुपये लागत से इंदौर, ग्वालियर, भोपाल और जबलपुर में सैम्पल की जाँच के लिये लैब शुरू की जा रही है। प्रयोगशाला के भवनों का भूमि-पूजन किया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today