घायल यात्रियों से अस्पताल मिलने पहुँचे मंत्री डॉ. चौधरी

रायसेन जिला मुख्यालय के समीप बुधवार की देर रात रीछन नदी के पुल पर बस दुर्घटना की जानकारी मिलते ही जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक दल-बल सहित घटना स्थल पर पहुँचे और बस में फँसे लोगों को निकाला। घायल यात्रियों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया और गंभीर रूप से घायलों को भोपाल के शासकीय हमीदिया अस्पताल भिजवाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस बस दुर्घटना में 7 यात्रियों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। नौ यात्रियों को गंभीर चोटें आयीं तथा अन्य 9 यात्रियों को मामूली चोटें आयीं।

स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी घटना की जानकारी मिलते ही घायल यात्रियों से मिलने जिला अस्पताल पहुँचे। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के उपचार की जानकारी प्राप्त की और आवश्यक निर्देश दिये। डॉ. चौधरी ने मृतक यात्रियों के परिजनों से मिलकर गहन शोक व्यक्त किया। उन्होंने पीड़ित परिवारों को ढाँढस बँधाते हुए कहा कि दु:ख की इस घड़ी में शासन-प्रशासन हर संभव सहायता के लिये आपके साथ है।

मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने बस दुर्घटना में मृत, गंभीर रूप से घायल और अन्य घायल यात्रियों के परिवारों को तुरंत कुल 29 लाख 82 हजार 500 रुपये आर्थिक सहायता प्रदान की। बस दुर्घटना में मृत 7 यात्रियों के परिजनों को आरबीसी-6 (4) के अंतर्गत 4-4 लाख रुपये और रेडक्रॉस की ओर से 10-10 हजार रुपये आर्थिक सहायता दी गई। गंभीर रूप से घायल 9 यात्रियों को 7500-7500 रुपये तथा अन्य घायलों को 5-5 हजार रुपये आर्थिक सहायता तुरंत प्रदान की गई।

प्रभारी मंत्री श्री हर्ष यादव द्वारा गहन दु:ख व्यक्त

रायसेन जिले के प्रभारी कुटीर एवं ग्रामोद्योग मंत्री श्री हर्ष यादव ने बस दुर्घटना पर गहन दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने मृत यात्रियों के प्रति शोक-संवेदना व्यक्त की और पीड़ित परिजनों को यह दु:ख सहन करने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की। श्री यादव ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। प्रभारी मंत्री ने चिकित्सकों से घायल यात्रियों के उपचार के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक निर्देश भी दिये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today