अजय सिंह के पीसीसी अध्यक्ष की मांग करने जुटे विधायक

मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के नए अध्यक्ष को लेकर दिग्गज नेता अचानक दो दिन से सक्रिय हो गए हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम तेजी से चर्चा में आते ही दिग्विजय सिंह और अन्य नेताओं की सक्रियता बढ़ गई है। पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह का शिवाजी नगर स्थित सी 19 आवास कांग्रेस राजनीति का केंद्र बिंदु बन गया है। हालांकि अजय सिंह ने साफतौर पर इनकार कर दिया है कि वे किसी भी दौड़ में शामिल नहीं है और सोनिया गांधी मध्यप्रदेश के सभी नेताओं से वाकिफ हैं। पीसीसी अध्यक्ष कौन होगा, यह उनका कार्यक्षेत्र है। जो भी अध्यक्ष बनेगा वे संगठन के लिए काम करेंगे। इसके साथ ही जो भी जिम्मेदारी मिलेगी उसे निभाएंगे।

अजय सिंह के निवास पर मंगलवार को दिग्विजय सिंह और सहकारिता मंत्री डॉ. गोविंद सिंह के पहुंचने के बाद बुधवार को राहुल गांधी-सिंधिया की हार पर पिछले दिनों एक मीटिंग में बयान देने वाले वरिष्ठ विधायक केपी सिंह, विक्रम सिंह नातीराजा, रामलाल मालवीय, झूमा सोलंकी, आलोक चतुर्वेदी, नीलांशु चतुर्वेदी, सुनीता पटेल, विशाल पटेल, वीरसिंह भूरिया, कलावती भूरिया, विनय सक्सेना, हर्षविजय गेहलोत जैसे विधायक सी 19 पहुंचे। भले ही अजय सिंह सार्वजनिक रूप से विधायकों के अपने निवास पर सौजन्य भेंट के लिए पहुंचने की बात कहें लेकिन चाय की चुस्कियों के बीच पीसीसी अध्यक्ष को लेकर लामबंदी की रणनीति पर चर्चा जरूर हुई। क्योंकि जैसे ही विधायक बैठक से बाहर निकले तो कुछ इस बात को छिपा नहीं सके और कहने लगे कि अजय सिंह को ही पीसीसी अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलना चाहिए। अभी संगठन को उनकी जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today