बैंकों को बताईं सायबर क्राइम से बचने की बारीकियां

सार्वजनिक, प्रायवेट व सहकारी क्षेत्र के बैंकों एवं आमजनता को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाने के मकसद से विशेष पुलिस महानिदेशक सायबर श्री पुरषोत्‍तम शर्मा ने विभिन्‍न बैंकों के नोडल अधिकारियों की बैठक ली। उन्‍होंने ऑनलाइन होने वाली धोखाधड़ी से बचने की बारीकियां विस्‍तारपूर्वक बताईं। साथ ही मध्‍यप्रदेश सायबर पुलिस द्वारा इस संबंध में तैयार किए गए तीस बिंदुओं पर विचार मंथन किया। उन्‍होंने बैंकों के नोडल अधिकारियों से इन बिंदुओं पर अमल करने के लिए भी कहा।

मंगलवार को यहां राज्‍य सायबर पुलिस मुख्‍यालय भदभदा रोड़ पर आयोजित हुई बैठक में विशेष पुलिस महानिदेशक श्री शर्मा ने कहा कि एटीएम के सीसीटीवी फुटेज स्‍पष्‍ट होने चाहिए। साथ ही विवेचना के दौरान फुटेज तत्‍परता से पुलिस को मुहैया कराए जाएं, जिससे आरोपी तुरंत पकड़े जा सकें। श्री शर्मा ने एटीएम के बाहर भी सीसीटीवी कैमरे लगाने पर बल दिया। उन्‍होंने कहा कि बैंको में केवायसी का भौतिक सत्‍यापन भी अवश्‍य कराया जाए। इस संबंध में आरबीआई को भी एक पत्र जारी किया जा रहा है। उन्‍होंने निर्देश दिए हर तीन महीने में बैंकों के साथ इस प्रकार कि बैठक का आयोजन जरूर कराएं, जिसमें आरबीआई के अधिकारी भी उपस्थित रहें।

      बैठक में अतिरिक्‍त पुलिस महानिदेशक सायबर श्री राजेश गुप्‍ता व उप पुलिस महानिरीक्षक श्री एन.बी.वायंगणकर तथा विभिन्‍न बैंको के नोडल अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today