भाजपा राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के विधायक बेटे आकाश ने निगमकर्मी को पीटा

भाजपा विधायक आकाश विजयवर्गीय ने बुधवार को इंदौर में नगर निगम के एक कर्मचारी धीरेंद्र व्यास को क्रिकेट के बेट से पीट दिया। मामले को लेकर दिनभर राजनीति गर्माई रही। कुछ घंटे में ही आकाश विजयवर्गीय के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई और अदालत में ले जाया गया। अदालत ने सरेआम नगर निगम कर्मचारी की पिटाई की घटना को गंभीरता से लेते हुए भाजपा विधायक आकाश विजयवर्गीय को 15 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। जब बेटे के इस मामले में एक टीवी एंकर ने कैलाश विजयवर्गीय से कुछ सवाल किए तो झल्लाते हुए वे बोले तुम क्या जज हो। न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए आकाश को रिहा करने की मांग को लेकर उनके एक समर्थक गौरव ने आत्मदाह करने का प्रयास भी किया। न्यायिक अभिरक्षा में आकाश इंदौर जिला जेल में रखे गए हैं जहां कि व्यवस्थाएं सेंट्रल जेल अधीक्षक ने अपने हाथ में ले ली हैं।

मामला नगर निगम की बारिश पूर्व खतरनाक मकानों को गिराने का था जिसमें गंजी कंपाउंड क्षेत्र के एक मकान को गिराने के लिए भवन निरीक्षक धीरेंद्र व्यास और अमला पहुंचा था। पुलिस बल भी वहां मौजूद था। कार्रवाई शुरू होती इसके पहले इंदौर तीन नंबर के विधायक और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के बेटे आकाश विजयवर्गीय समर्थकों के साथ पहुंच गए। क्रिकेट का बैट हवा में लहराते हुए आकाश वहां पहुंचे और धीरेंद्र व्यास को निशाना बनाकर बैट से पिटाई शुरू कर दी। व्यास के पास कुछ पुलिसकर्मी भी खड़े थे तो वे मामला समझते इसके पहले ही विजयवर्गीय और उनके समर्थकों ने व्यास की बैट व लात-घूसों से पिटाई कर दी। कपड़े फाड़ दिए।
कुछ ही मिनट में भाजपा विधायक आकाश द्वारा धीरेंद्र व्यास की पिटाई के वीडियो वायरल हो गए और पूरे देशभर में इसकी तीखी प्रतिक्रिया हुई। पिटाई करने वाले भाजपा विधायक आकाश ने बचाव में घटना होना बताया। मंत्री सज्जन सिंह वर्मा पर आरोप लगाया कि वे द्वेष भावना से खतरनाक मकान गिराने के लिए दबाव बना रहे हैं। सज्जन सिंह ने कहा कि उन्होंने किसी भी मकान को गिराने या बचाने की सिफारिश नहीं की है। मप्र मेें भाजपा पश्चिम बंगाल जैसे हालात बनाना चाहती है। आकाश के पिता कैलाश विजयवर्गीय पूरे समय जवाब से बचते रहे। एक टीवी चैनल पर सवाल के दौरान झल्लाते हुए उन्होंने यहां तक कह दिया कि तुम क्या जज हो। वहीं, नगर निगम इंदौर के आयुक्त ने इस घटना को दुखद बताया और कहा कि ऐसे कर्मचारी जिनके कारण इंदौर पूरे देश में नंबर है, उनके साथ घटना होना अच्छी बात नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today