वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अरूप राहा ने कहा है कि भारतीय वायुसेना में अब महिलाओं को भी लड़ाकू विमानों में पायलट बनाने पर विचार किया जा रहा है। श्री राहा ने यह बात आज भारतीय वायुसेना की 83वीं वर्षगांठ के अवसर पर हिंडन वायुसेना केन्द्र में आयोजित समारोह में कही।
हमारी महिला पायलट परिवहन विमान और हेलिकॉप्टर चला रही है। अब हमारी योजना उन्हें लड़ाकू शाखा में तैनात करने की है ताकि देश की युवा महिलाओं की आशाओं को पूरा किया जा सके।
अब तक सेना के तीनों अंगों में से किसी में भी महिलाओं को लड़ाकू दस्तों में शामिल नहीं किया जाता था। इस समय भारतीय वायुसेना के अंतर्गत सात क्षेत्रों में महिलाओं को नियुक्त किया जाता है। ये हैं – प्रशासन, साज-समान, मौसम विभाग, दिशा सूचक कार्य, शिक्षा, लेखा विभाग और इंजीनियरिंग। वायुसेना में इस समय लगभग पंद्रह सौ महिलाएं कार्यरत हैं। इनमें से 94 पायलट और 14 महिलाएं दिशासूचक कार्यों से संबद्ध हैं। दुनिया के कई देशों में वायुसेना के लड़ाकू विमानों में महिलाओं को तैनात किया जाता है, इसलिए भारत में भी यह व्यवस्था उन्हीं के समानांतर होगी। इससे भारतीय वायुसेना को अधिकारियों की कमी की समस्या से निपटने में मदद मिलेगी।
Leave a Reply