मध्यप्रदेश में विकास का विजन स्पष्ट है – मुख्यमंत्री श्री चौहान

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश में राज्य सरकार का विकास का विजन स्पष्ट है। उन्होंने कहा कि विकास की अवधारणा सड़क, पुल-पुलियों और अन्य निर्माण तक ही सीमित नहीं है। आम लोगों की जिन्दगी को खुशहाल बनाना और विकास का प्रकाश हर घर तक पहुँचाना राज्य सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि जल, जंगल, जमीन, नदी, पर्वत पर सबका समान अधिकार है। मुख्यमंत्री आज समन्वय भवन में म.प्र. विकास संवाद संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। संगोष्ठी का आयोजन हिन्दुस्तान समाचार संस्थान द्वारा किया गया था। कार्यक्रम में सांसद श्री प्रभात झा, जन-अभियान परिषद के उपाध्यक्ष श्री राघवेन्द्र गौतम और असंगठित कर्मकार मंडल के अध्यक्ष श्री सुल्तान सिंह शेखावत मौजूद थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रमुख कार्य विकास की यात्रा को गतिशील बनाये रखना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को बीमारू राज्य की श्रेणी से बाहर लाकर विकसित राज्य बनाया गया है। अब इसे समृद्ध राज्य बनाने का प्रयास जारी है। श्री चौहान ने कहा कि सबको आवश्यक बुनियादी सुविधाएँ और विकास के समान अवसर तथा संसाधन उपलब्ध करवाने के प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार के अवसर बढ़ाने और कृषि उत्पाद का वैल्यू एडिशन स्थापित करने पर जोर दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने विरासत में मिले बदहाल और उजड़े प्रदेश का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा जारी विकास यात्रा से प्रदेश की तस्वीर बदली है। अब यहाँ शानदार सड़कें हैं। विद्युत उत्पादन 2900 मेगावॉट से बढ़कर 18 हजार 364 मेगावॉट हो गया है। सिंचाई का क्षेत्र सात लाख हेक्टेयर से बढ़ाकर 40 लाख हेक्टेयर तक कर लिया गया है और इसे 80 लाख हेक्टेयर करने का रोडमैप तैयार है। कृषि में पिछले पाँच वर्षों से औसतन 20 प्रतिशत वृद्धि दर कायम है, इससे उत्पादन भी लगभग दोगुना हो गया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं के क्रियान्वयन में भी मध्यप्रदेश अग्रणी है। प्रदेश के इंदौर और भोपाल शहर लगातार दो वर्षों से स्वच्छता में प्रथम दो स्थानों पर रहे हैं। प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना में 17 लाख मकान बन रहे हैं। निवेश और पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से कार्य हो रहा है। चीन में प्रदेश के सोयाबीन को बाजार उपलब्ध करवाने के प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने अमेरिका प्रवास के दौरान प्रदेश की सड़कों को अमेरिका से अच्छा कहने पर आलोचना का संदर्भ देते हुए कहा कि हमें अपने देश और प्रदेश पर गर्व है। हमारे लिये सारे जहाँ से अच्छा हमारा हिन्दुस्तान है। उन्होंने कहा कि सारी दुनिया को विश्व कल्याण, प्राणियों में सद्भावना, सबके सुखी और निरोगी होने की कामना, विश्व को परिवार मानने की संकल्पना भारत ने ही दी है।

श्री चौहान ने योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में गरीब को संबल देने का प्रयास मुख्यमंत्री जन-कल्याण (संबल) योजना के माध्यम से किया जा रहा है। हर गरीब को रहने के लिये जमीन और पक्का मकान, नि:शुल्क शिक्षा, 60 वर्ष से कम उम्र में मृत्यु पर दो से चार लाख रुपये तक की अनुग्रह राशि, अंतिम संस्कार के लिये पाँच हजार रूपये और बच्चे के जन्म पर चार और बारह हजार रूपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि संसाधनों का बड़ा हिस्सा गरीबों के कल्याण में ही उपयोग किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today