20 विधानसभाओं पर तय किए उम्मीदवार, 6 जुलाई को दूसरी सूची

आम आदमी पार्टी ने मंगलवार को गांधी भवन में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने अपनी इस बहुप्रतीक्षित सूची में 20 विधानसभा क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों के नाम तय किए हैं।

इनमें बिजावर से पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष अमित भटनागर, अमर पाटन से पार्टी के रीवा जोन सचिव जितेंद्र चौरसिया, गोटेगांव से पूर्व आईपीएस और पार्टी के होशंगाबाद लोकसभा प्रभारी महेश प्रसाद चौधरी, सीहोर से राष्ट्रीय स्तर के धावक और पार्टी के जिला सचिव कृष्णा पाल सिंह बघेल, नीमच से पार्टी के मंदसौर लोकसभा प्रभारी नवीन अग्रवाल, सेवड़ा से पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता परिणीता राजे उर्फ बेटी राजा समेत 20 नाम शामिल हैं। पहली सूची में पूर्व आईपीएस, गांधीवादी, किसान नेता, युवा और जमीनी कार्यकर्ता शामिल हैं। *(सभी प्रत्याशियों का परिचय संलग्न है)*
पार्टी के प्रत्याशियों की दूसरी सूची 6 जुलाई को ग्वालियर में जारी की जाएगी।
पार्टी ने बिछिया से अशोक शाह धुर्वे, निवाड़ी से गोपाल सिंह ठाकुर, ग्वालियर दक्षिण से दिलीप मिश्रा, ग्वालियर 15 से कुलदीप बाथम, भोपाल उत्तर से जुबेर खान, सीधी से राम विशाल विश्वकर्मा, पथरिया से चंद्रमोहन गुरु, चितरंगी से अवधेश सिंह, छिंदवाड़ा से अनिमेष पांडे, कसरावद से शैलेश चौबे, लांझी से हीरालाल पांचे, घोड़ा डोंगरी से मुकेश अखंडे, बड़ा मलहरा से जगदीश सिंह और जतारा से रामदीन अहिरवार को अपना उम्मीदवार बनाया है। सभी प्रत्याशियों के नामों की घोषणा होने के साथ ही उनका परिचय प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाया गया।
इससे पहले पत्रकारों को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश प्रभारी और दिल्ली के कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में व्यवस्था बदलने की जो शुरुआत की है, उसे मध्य प्रदेश में आगे बढ़ाया जाएगा और इसी क्रम में आज 20 प्रत्याशियों की सूची जारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस और भाजपा की सरकारों ने लूट और भ्रष्टाचार की जो व्यवस्था बनाई है, उसके कारण प्रदेश में हर ओर समस्याएं हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, किसान, बिजली, सड़क, पानी जैसे बुनियादी मुद्दों पर मध्य प्रदेश की स्थिति बेहद खराब है। आज आम आदमी इन दोनों ही पार्टियों से त्रस्त हो चुका है और व्यवस्था परिवर्तन के लिए आम आदमी पार्टी पर भरोसा जता रहा है।
पत्रकार वार्ता में आप के प्रदेश अध्यक्ष आलोक अग्रवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी आज विधानसभा चुनाव के प्रत्याशियों की सूची जारी कर व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई की शुरुआत कर रही है। इसके बाद 6 जुलाई को ग्वालियर में पार्टी के प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी की जाएगी। साथ ही उन्होंने बताया कि 15 जुलाई को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की इंदौर में विशाल आम सभा होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Khabar News | MP Breaking News | MP Khel Samachar | Latest News in Hindi Bhopal | Bhopal News In Hindi | Bhopal News Headlines | Bhopal Breaking News | Bhopal Khel Samachar | MP News Today